X ने लॉन्च किया पैरेंटल कंट्रोल फीचर, बच्चों के स्क्रीन टाइम से लेकर फॉलोअर्स तक पर नजर रख सकेंगे पेरेंट्स
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर पेश किया है। इसकी मदद से माता-पिता बच्चों की कई ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। हालांकि, कंपनी ने बच्चों की प्राइवेसी को लेकर भी कुछ सीमाएं तय की हैं।

In Short
- X पर 13 से 17 साल के बच्चों के लिए आया पैरेंटल कंट्रोल फीचर।
- माता-पिता तय कर सकेंगे बच्चों की रोजाना की स्क्रीन टाइम लिमिट।
- बच्चों के निजी मैसेज और सर्च हिस्ट्री नहीं देख सकेंगे अभिभावक।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने पैरेंटल कंट्रोल्स फीचर पेश किया है। इसकी मदद से माता-पिता अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। बच्चे दिनभर में कितनी देर X का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें कौन फॉलो करता है और कौन मैसेज भेज सकता है, जैसी कई चीजों को माता-पिता कंट्रोल कर सकेंगे। हालांकि, कंपनी ने बच्चों की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए माता-पिता के अधिकारों की भी एक सीमा तय की है।
कौन कर सकता है इस फीचर का इस्तेमाल?
X के मुताबिक, यह फीचर 13 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए उपलब्ध है। वहीं, उनके अकाउंट की निगरानी करने वाले माता-पिता या अभिभावक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। एक बच्चा केवल एक अभिभावक से अपना अकाउंट लिंक कर सकता है, जबकि एक अभिभावक अधिकतम पांच बच्चों के अकाउंट की निगरानी कर सकता है।
इसके लिए माता-पिता और बच्चे दोनों की सहमति जरूरी होगी। अकाउंट लिंक करने के लिए QR कोड या इनविटेशन लिंक का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह लिंक 72 घंटे तक वैध रहेगा।
स्क्रीन टाइम तय कर सकेंगे माता-पिता
माता-पिता देख सकेंगे कि उनके बच्चे ने पिछले सात दिनों में X पर कितना समय बिताया है। इसके अलावा, वे 15 मिनट के अंतराल में रोजाना की स्क्रीन टाइम लिमिट तय कर सकेंगे। तय समय पूरा होने के बाद बच्चा उस दिन X का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। यह लिमिट स्थानीय समय के मुताबिक रात 12 बजे रीसेट हो जाएगी।
फॉलोअर्स और कंटेंट पर भी होगा कंट्रोल
माता-पिता बच्चों के अकाउंट पर संवेदनशील कंटेंट को बंद कर सकेंगे। इसके अलावा, नए फॉलोअर्स को मंजूरी देने, आपत्तिजनक शब्दों वाले पोस्ट और वीडियो को फिल्टर करने और फोटो टैगिंग को कंट्रोल करने का विकल्प भी मिलेगा।
वे यह भी तय कर सकेंगे कि बच्चे को कौन डायरेक्ट मैसेज भेज सकता है। ईमेल और फोन नंबर के जरिए अकाउंट खोजने तथा पोस्ट में लोकेशन दिखाने की सुविधा को भी सीमित कर सकेंगे।
क्या बच्चों के निजी मैसेज पढ़ सकेंगे माता-पिता?
माता-पिता यह देख सकेंगे कि बच्चा किन अकाउंट्स से निजी बातचीत कर रहा है, लेकिन उनके मैसेज नहीं पढ़ सकेंगे। इसके अलावा, बच्चों की सर्च हिस्ट्री और उनके देखे गए पोस्ट या वीडियो की जानकारी भी नहीं मिलेगी। माता-पिता बच्चे की ओर से पोस्ट, लाइक, रिप्लाई या मैसेज नहीं कर सकेंगे और न ही उसका पासवर्ड बदल सकेंगे।
कैसे बंद होगी अकाउंट की निगरानी?
बच्चे देख सकेंगे कि उनके अकाउंट की निगरानी कौन कर रहा है और किन सेटिंग्स में बदलाव किए गए हैं। बच्चे निगरानी बंद करने की रिक्वेस्ट भी भेज सकेंगे, जिसे स्वीकार या अस्वीकार करने का अधिकार अभिभावक के पास होगा। निगरानी समाप्त होने के बाद बच्चे का अकाउंट, पोस्ट और फॉलोअर्स सुरक्षित रहेंगे। साथ ही, बच्चे अपनी सेटिंग्स खुद बदल सकेंगे।