सर्दियों में जल्दी खत्म हो रही स्मार्टफोन की बैटरी? फोन इस्तेमाल करते समय रखें इन बातों का ध्यान
सर्दियों में अक्सर स्मार्टफोन की बैटरी तेजी से खत्म होने लगती है। कई बार पर्याप्त बैटरी होने के बावजूद फोन अचानक बंद हो जाता है। इसके पीछे एक खास वजह है। हालांकि, फोन के इस्तेमाल से जुड़ी कुछ आदतों में बदलाव करके आप इस परेशानी को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

In Short
- सर्दियों में कम तापमान के कारण स्मार्टफोन की बैटरी तेजी से खत्म होने लगती है।
- बैटरी सेवर मोड और स्क्रीन की ब्राइटनेस कम करके बैटरी की खपत घटा सकते हैं।
- बैटरी सेवर मोड और स्क्रीन की ब्राइटनेस कम करके बैटरी की खपत घटा सकते हैं।
सर्दियों का मौसम आते ही स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले लोगों को बैटरी से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर घर से बाहर निकलने वाले लोगों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है। हालांकि, फोन के इस्तेमाल और चार्जिंग के तरीके में कुछ बदलाव करके इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
सर्दियों में क्यों जल्दी खत्म होती है फोन की बैटरी?
कई बार फोन में 30-40 फीसदी बैटरी बची होती है, लेकिन बाहर ठंड में जाते ही फोन अचानक बंद हो जाता है। ऐसे में जरूरी नहीं कि आपके फोन की बैटरी खराब हो गई हो। दरअसल, आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। कम तापमान में बैटरी के अंदर होने वाला केमिकल प्रोसेस धीमा हो जाता है। इससे बैटरी की परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है।
फोन को ठंड से बचाकर रखें
सर्दियों में फोन को ज्यादा देर तक खुले में रखने से बचें। अगर आप घर से बाहर निकल रहे हैं, तो फोन को जैकेट या कोट की अंदर वाली जेब में रखें। इससे फोन को शरीर की गर्माहट मिलती रहेगी और बैटरी पर ठंड का असर कम होगा।
बैटरी सेवर मोड करें ऑन
अगर आप घर से बाहर जा रहे हैं और फोन की बैटरी कम है, तो बैटरी सेवर मोड ऑन कर लें। इससे फोन के बैकग्राउंड में चलने वाली कई एक्टिविटी कम हो जाती हैं और बैटरी की खपत घटती है।
स्क्रीन की ब्राइटनेस रखें कम
फोन की स्क्रीन भी काफी बैटरी खर्च करती है। ऐसे में जरूरत के हिसाब से स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखें। इसके अलावा स्क्रीन टाइमआउट भी कम कर सकते हैं, जिससे इस्तेमाल न करने पर फोन की स्क्रीन जल्दी बंद हो जाएगी।
पहले ही डाउनलोड कर लें ऑफलाइन मैप
अगर आप किसी नई जगह जा रहे हैं, तो Google Maps पर उस इलाके का ऑफलाइन मैप पहले ही डाउनलोड कर लें। इससे रास्ता देखने के लिए बार-बार इंटरनेट इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बैटरी बचाने में मदद मिलेगी।
ठंडे फोन को तुरंत चार्ज न करें
अगर आपका फोन बहुत ज्यादा ठंडा हो गया है, तो उसे तुरंत चार्जिंग पर न लगाएं। पहले फोन को सामान्य तापमान पर आने दें। इसके अलावा फोन को गर्म करने के लिए हीटर के पास रखने से भी बचें।
अपने साथ रखें पावर बैंक
अगर आपको लंबे समय तक घर से बाहर रहना है, तो अपने साथ पावर बैंक जरूर रखें। इससे जरूरत पड़ने पर फोन चार्ज कर सकेंगे। हालांकि, अगर सामान्य तापमान में भी फोन की बैटरी तेजी से खत्म हो रही है, तो उसकी बैटरी हेल्थ चेक करवाना बेहतर रहेगा।