ChatGPT और Gemini पर आपकी पर्सनल चैट कौन पढ़ सकता है? AI इस्तेमाल करने वाले जान लें ये जरूरी बातें
ChatGPT, Gemini और Copilot जैसे AI चैटबॉट का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। क्या आपकी पर्सनल बातचीत कोई दूसरा भी पढ़ सकता है? क्या चैट डिलीट करने या प्राइवेसी सेटिंग बदलने से आपका डेटा पूरी तरह सुरक्षित हो जाता है? जानिए AI कंपनियों के नियम।

In Short
- ChatGPT, Gemini और Copilot पर कुछ चुनिंदा चैट की इंसानों द्वारा समीक्षा की जा सकती है।
- AI की ट्रेनिंग बंद करने के बाद भी सुरक्षा कारणों से कुछ बातचीत की जांच संभव है।
- चैट डिलीट करने या पेड सब्सक्रिप्शन लेने से डेटा पूरी तरह गोपनीय रहने की गारंटी नहीं मिलती।
आजकल लोग ChatGPT, Gemini, Microsoft Copilot और Claude जैसे AI चैटबॉट का इस्तेमाल तेजी से कर रहे हैं। कोई इनसे पर्सनल सलाह लेता है तो कोई ऑफिस के जरूरी डॉक्यूमेंट तैयार करवाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि AI के साथ की गई आपकी बातचीत सिर्फ आपके और चैटबॉट के बीच रहती है या इसे कोई दूसरा भी पढ़ सकता है? Tom’s Guide की एक रिपोर्ट में AI कंपनियों की प्राइवेसी से जुड़ी ऐसी ही अहम जानकारी सामने आई है।
क्या AI कंपनियों के कर्मचारी पढ़ सकते हैं आपकी चैट?
रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI, Google, Microsoft और Anthropic जैसी कंपनियों में कुछ चुनिंदा बातचीत की इंसानों द्वारा समीक्षा की जा सकती है। इसका मकसद सुरक्षा सुनिश्चित करना, तकनीकी समस्याओं की जांच करना और AI की सेवाओं को बेहतर बनाना होता है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर यूजर की बातचीत नियमित रूप से पढ़ी जाती है। AI कंपनियां ऑटोमेटेड सिस्टम का इस्तेमाल करती हैं, जो नुकसान पहुंचाने वाले सवालों, संदिग्ध गतिविधियों या नियमों के उल्लंघन की पहचान कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर ऐसी चैट की आगे जांच की जा सकती है।
ChatGPT और Gemini में कैसे सुरक्षित रखें अपनी चैट?
ChatGPT इस्तेमाल करने वाले यूजर Settings में जाकर Data Controls के अंदर 'Improve the model for everyone' विकल्प बंद कर सकते हैं। इससे उनकी बातचीत मॉडल की ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं होगी। वहीं, Temporary Chat भी ट्रेनिंग में शामिल नहीं होती, लेकिन गलत इस्तेमाल की जांच के लिए इसकी समीक्षा हो सकती है। आमतौर पर ऐसी चैट 30 दिनों के बाद डिलीट कर दी जाती है।
Google Gemini में 'Keep Activity' बंद करने पर भविष्य की चैट सामान्य तौर पर मॉडल ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं होती, जब तक यूजर फीडबैक न दे। हालांकि, सुरक्षा और सेवाओं के लिए बातचीत 72 घंटे तक रखी जा सकती है। इंसानों द्वारा रिव्यू की गई कुछ चैट तीन साल तक स्टोर रह सकती हैं।
Microsoft Copilot और Claude में क्या हैं नियम?
Microsoft Copilot में यूजर Profile Settings के Privacy सेक्शन में जाकर 'Training on conversation activity' बंद कर सकते हैं। इसके बावजूद नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच के लिए कुछ चैट का ह्यूमन रिव्यू हो सकता है।
Claude में Settings के Privacy सेक्शन से मॉडल सुधारने की अनुमति को नियंत्रित किया जा सकता है। इसके Incognito Chats सामान्य ट्रेनिंग में इस्तेमाल नहीं होते, लेकिन करीब 30 दिनों तक रखे जा सकते हैं।
चैट डिलीट करने के बाद भी रह सकता है डेटा
ChatGPT पर बातचीत डिलीट करने के बाद उसे आमतौर पर 30 दिनों के भीतर हटाने की प्रक्रिया पूरी होती है। हालांकि, कानूनी और सुरक्षा संबंधी कारणों से कुछ अपवाद हो सकते हैं।
इसके अलावा, AI का पेड सब्सक्रिप्शन लेने का मतलब यह नहीं है कि आपकी बातचीत पूरी तरह गोपनीय हो जाएगी। बिजनेस और एंटरप्राइज सेवाओं में अलग सुरक्षा नियम हो सकते हैं।
इसलिए AI चैटबॉट पर पासवर्ड, बैंकिंग डिटेल्स, संवेदनशील मेडिकल रिकॉर्ड या ऑफिस के गोपनीय दस्तावेज शेयर करने से बचना चाहिए। नाम और अकाउंट नंबर हटाने से जोखिम कम हो सकता है, लेकिन दूसरी जानकारी से भी किसी की पहचान सामने आ सकती है। संवेदनशील काम के लिए ऑफलाइन चलने वाले लोकल AI टूल भी एक विकल्प हो सकते हैं।