कौन सी AI कंपनी है सबसे भरोसेमंद? Google नंबर-1, OpenAI और Anthropic काफी पीछे
लंबे समय से यूज़र डेटा पर निर्भर रहने के बावजूद, Google सबसे भरोसेमंद AI कंपनियों की रैंकिंग में सबसे ऊपर है.

In Short
- Cybernews की रिपोर्ट के मुताबिक, Google को डेटा प्राइवेसी, पारदर्शिता और सुरक्षा के मामले में मजबूत भरोसा मिला है।
- भरोसे की लिस्ट में OpenAI 22वें और Anthropic 70वें स्थान पर हैं।
- कंपनियों का आकलन डेटा प्राइवेसी, पारदर्शिता, सुरक्षा और लोगों की राय के आधार पर किया गया।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। हर दिन नए और ज्यादा ताकतवर AI मॉडल सामने आ रहे हैं। इस वजह से बड़ी टेक कंपनियों के बीच निवेश, इनोवेशन और मुकाबला भी बढ़ रहा है। लेकिन AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ यूजर्स के लिए भरोसा और डेटा की सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा बन गई है।
Cybernews की एक रैंकिंग के मुताबिक, Google को सबसे भरोसेमंद AI कंपनी माना गया है। खास बात यह है कि AI की दुनिया के दो बड़े नाम OpenAI और Anthropic इस लिस्ट में काफी पीछे हैं।
टॉप 10 भरोसेमंद AI कंपनियां
Cybernews की रैंकिंग में Google पहले नंबर पर है। इसके बाद Krisp दूसरे और Fireflies तीसरे नंबर पर हैं। टॉप 10 में Adobe, Magnific, Writesonic, Veryfi, Salesforce, Grammarly और Lovable भी शामिल हैं।
वहीं, OpenAI को इस लिस्ट में 22वां स्थान मिला है। Anthropic इससे भी काफी पीछे 70वें नंबर पर है। AI सुरक्षा पर खास ध्यान देने वाली Anthropic के लिए यह रैंकिंग इसलिए भी अहम है, क्योंकि कंपनी जनहित को प्राथमिकता देने की बात करती है।
इंडस्ट्री के दूसरे बड़े नामों की बात करें तो Meta 78वें और चीन की DeepSeek 283वें नंबर पर है।
कैसे तय हुई भरोसे की रैंकिंग?
Cybernews ने AI कंपनियों का आकलन चार मुख्य आधार पर किया। इनमें डेटा प्राइवेसी, पारदर्शिता, सुरक्षा और लोगों की राय शामिल हैं।
Google ने डेटा प्राइवेसी, पारदर्शिता और सुरक्षा में 100 में से 100 अंक हासिल किए। हालांकि, लोगों की राय वाली कैटेगरी में Google को 91 अंक मिले।
रिपोर्ट के मुताबिक, 63 फीसदी से ज्यादा AI कंपनियां यह साफ नहीं करतीं कि उनके मॉडल को किस तरह ट्रेन किया जाता है। वहीं, करीब 65 फीसदी कंपनियां यह जानकारी नहीं देतीं कि यूजर्स का डेटा कितने समय तक रखा जाएगा।
OpenAI और Anthropic क्यों पीछे?
OpenAI और Anthropic लगातार नए और ताकतवर AI मॉडल लॉन्च कर रही हैं और इनके मॉडल की बारीकी से जांच भी होती है। हालांकि, सिर्फ AI सुरक्षा और जिम्मेदार डेवलपमेंट पर जोर देना लोगों के बीच भरोसा हासिल करने के लिए काफी नहीं है। Cybernews की रैंकिंग में यही बात इन कंपनियों की स्थिति से भी सामने आती है।