WhatsApp Web यूजर्स के लिए अलर्ट! ये छोटी सी गलती पड़ सकती है भारी, सरकार ने चेताया

WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार ने बड़ी चेतावनी जारी की है. कंप्यूटर पर की गई एक छोटी सी गलती आपकी पर्सनल चैट और अकाउंट की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है. जानिए स्कैमर्स कैसे इसका फायदा उठा सकते हैं और अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए क्या सावधानी जरूरी है.

Advertisement

In Short

  • WhatsApp Web को लेकर I4C ने 18 नवंबर को सुरक्षा एडवाइजरी जारी की
  • ब्राउजर बंद करने के बाद भी WhatsApp Web का लॉगइन सेशन एक्टिव रह सकता है
  • स्कैमर्स पर्सनल चैट पढ़कर आपके नाम से मैसेज भेज सकते हैं और फ्रॉड कर सकते हैं

By Gaurav Kumar:

अगर आप कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं, तो थोड़ी सावधानी बरतना जरूरी है. कई लोग काम खत्म होने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद कर देते हैं और सोचते हैं कि उनका WhatsApp भी लॉगआउट हो गया होगा. लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. इसी को लेकर सरकार ने यूजर्स को अलर्ट किया है. आइए जानते हैं कि WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

सरकार ने 18 नवंबर को जारी की एडवाइजरी

केंद्रीय गृह मंत्रालय की एंटी-साइबरक्राइम विंग इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने 18 नवंबर को WhatsApp यूजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की थी. इसमें बताया गया कि पहले से लॉगइन WhatsApp Web सेशन का कुछ परिस्थितियों में गलत इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे किसी दूसरे व्यक्ति को यूजर के अकाउंट का बिना दोबारा लॉगइन किए एक्सेस मिल सकता है.

आपकी पर्सनल चैट भी पढ़ सकते हैं स्कैमर्स

एडवाइजरी के मुताबिक, अगर किसी गलत व्यक्ति को आपके WhatsApp Web सेशन का एक्सेस मिल जाता है, तो वह आपकी पर्सनल चैट पढ़ सकता है. इतना ही नहीं, वह आपके नाम से दूसरों को मैसेज भी भेज सकता है. आपके कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट तक भी उसकी पहुंच हो सकती है. इसका इस्तेमाल फ्रॉड, फिशिंग और लोगों को धोखा देने के लिए किया जा सकता है.

ब्राउजर बंद करने से नहीं होता लॉगआउट

कई यूजर्स को लगता है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web का टैब या ब्राउजर बंद करने से अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो जाता है. लेकिन I4C के मुताबिक, लॉगइन सेशन इसके बाद भी एक्टिव रह सकता है. इसलिए यूजर्स को हर बार काम खत्म होने के बाद WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट करने की सलाह दी गई है.

प्रतीकात्मक तस्वीर

ऑफिस और पब्लिक कंप्यूटर पर रहें सावधान

सरकार ने खासतौर पर ऑफिस के कंप्यूटर, शेयर्ड सिस्टम और दूसरे लोगों की पहुंच वाले डिवाइस पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने को कहा है. साइबर कैफे, होटल बिजनेस सेंटर, पब्लिक कियोस्क और उधार लिए गए लैपटॉप पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई है.

जरूरी जानकारी शेयर करने से बचें

एडवाइजरी में कहा गया है कि सरकारी, ऑफिस से जुड़ी, फाइनेंशियल या दूसरी कॉन्फिडेंशियल जानकारी WhatsApp Web के जरिए शेयर करने से बचना चाहिए. खासतौर पर ऐसे कंप्यूटर पर सेंसिटिव काम नहीं करना चाहिए, जिनका इस्तेमाल दूसरे लोग भी करते हैं. सरकार ने वेब पर लॉगइन करते समय इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है.

कैसे पता चलेगा कि अकाउंट का गलत इस्तेमाल हो रहा है?

अगर आपके WhatsApp से बिना आपकी जानकारी के मैसेज भेजे जा रहे हैं या आपके कॉन्टैक्ट्स अजीब मैसेज मिलने की शिकायत कर रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें. यह अनऑथराइज्ड एक्सेस का संकेत हो सकता है. सरकार ने यूजर्स को अपने अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अनजान एक्टिविटी को गंभीरता से लेने की सलाह दी है.

Read more!
Advertisement