विदेश जाने वालों के लिए WhatsApp ला रहा खास फीचर, ऐप से ही खरीद सकेंगे इंटरनेट प्लान
व्हाट्सऐप विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक खास फीचर लाने की तैयारी में है। इसके जरिए विदेश में इंटरनेट इस्तेमाल करना पहले से आसान हो जाएगा। कंपनी ने इसके लिए रिलायंस जियो समेत कई टेलीकॉम कंपनियों से हाथ मिलाया है। जानें कैसे काम करेगी यह सुविधा और किसे मिलेगा फायदा।

In Short
- WhatsApp से सीधे खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे ट्रैवल eSIM डेटा प्लान
- रिलायंस जियो समेत कई टेलीकॉम कंपनियों के साथ की साझेदारी
- जल्द चुनिंदा देशों में शुरू होगी सर्विस, भारत में लॉन्च की तारीख का खुलासा नहीं
विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए व्हाट्सऐप एक नया फीचर लाने जा रहा है। इसकी मदद से यूजर्स सीधे व्हाट्सऐप के जरिए ट्रैवल eSIM डेटा प्लान खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। यानी विदेश पहुंचने के बाद इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए स्थानीय सिम कार्ड खरीदने या इंटरनेशनल रोमिंग प्लान पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस नई सर्विस के लिए व्हाट्सऐप ने भारत की रिलायंस जियो (Reliance Jio) समेत कई टेलीकॉम कंपनियों के साथ साझेदारी की है।
विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट की टेंशन होगी कम
व्हाट्सऐप का इस्तेमाल लोग मैसेज भेजने के अलावा बोर्डिंग पास हासिल करने, एयरपोर्ट से पिकअप की व्यवस्था करने और परिवार के सदस्यों को अपनी यात्रा की जानकारी देने के लिए भी करते हैं। अब कंपनी विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़ी परेशानी को दूर करना चाहती है।
नए फीचर की मदद से यूजर्स कुछ ही क्लिक में व्हाट्सऐप के अंदर ट्रैवल eSIM खरीद और इंस्टॉल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें ऐप से बाहर जाने की भी जरूरत नहीं होगी। विदेश पहुंचने के बाद स्थानीय सिम कार्ड खरीदने के लिए दुकान या फ्री वाई-फाई तलाशने की परेशानी भी कम होगी।
पुराने मोबाइल नंबर से ही चलेगा WhatsApp
इस फीचर की खास बात यह है कि यूजर्स ट्रैवल eSIM के जरिए मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल करते हुए अपने मौजूदा मोबाइल नंबर से ही व्हाट्सऐप चला सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना व्हाट्सऐप नंबर बदलने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही इंटरनेशनल रोमिंग के खर्च से भी बचने में मदद मिल सकती है।
रिलायंस जियो समेत इन कंपनियों से साझेदारी
व्हाट्सऐप इस सर्विस के लिए रिलायंस जियो, स्मार्ट एक्सियाटा (Smart Axiata), स्मार्ट कम्युनिकेशंस (Smart Communications) और वेरिजॉन जैसी कंपनियों के साथ काम कर रहा है। आने वाले समय में कंपनी अन्य पार्टनर्स को भी इस पहल से जोड़ सकती है।
व्हाट्सऐप के प्रमुख कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि कंपनी चाहती है कि यूजर्स दुनिया में कहीं भी जाएं, बिना किसी परेशानी के व्हाट्सऐप का इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने दुनियाभर की कंपनियों को इस पहल से जुड़ने के लिए भी आमंत्रित किया है।
भारत में कब मिलेगा नया फीचर?
व्हाट्सऐप जल्द ही चुनिंदा देशों में इस फीचर को रोलआउट करना शुरू करेगा। हालांकि, कंपनी ने अभी उन देशों के नामों का खुलासा नहीं किया है जहां सबसे पहले यह सुविधा मिलेगी। रिलायंस जियो के इस पहल में शामिल होने के बावजूद भारतीय यूजर्स को यह फीचर कब मिलेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कंपनी के मुताबिक, फीचर उपलब्ध होने पर यूजर्स को इसका विकल्प सीधे व्हाट्सऐप में दिखाई देगा।