WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खबर, अब बिना ऐप के भी मिलेगी ये खास सुविधा

व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए कॉलिंग का अनुभव बदलने वाला है। अब वेब ब्राउजर से ही ऑडियो और वीडियो कॉल की सुविधा मिलेगी। साथ ही कॉल ट्रांसफर, बेहतर वीडियो क्वालिटी और शोर कम करने जैसे नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • व्हाट्सऐप वेब पर अब बिना ऐप डाउनलोड किए ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे।
  • कॉल को एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर बिना काटे ट्रांसफर किया जा सकेगा।
  • क्विकएचडी और नॉइज सप्रेशन फीचर से वीडियो और आवाज की क्वालिटी बेहतर होगी।

By Gaurav Kumar:

WhatsApp Web Calling: व्हाट्सऐप ने अपने यूजर्स के लिए कॉलिंग को और आसान बनाने की तैयारी की है। अब यूजर्स बिना कोई अलग ऐप डाउनलोड किए सीधे व्हाट्सऐप वेब से ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। मेटा के इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने वेब पर कॉल करने की सुविधा शुरू की है। इससे यूजर्स फोन और डेस्कटॉप ऐप के अलावा ब्राउजर से भी कॉल कर पाएंगे।

ब्राउजर से ही कर सकेंगे कॉल

व्हाट्सऐप वेब पर यूजर्स ऑडियो और वीडियो दोनों तरह की कॉल कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, ये कॉल पूरी तरह सुरक्षित होंगी और इनके लिए कोई पैसा नहीं देना होगा। साथ ही कॉल करने की कोई समय सीमा भी नहीं होगी।

इसमें स्क्रीन शेयर करने, रिएक्शन देने और पुरानी कॉल की जानकारी देखने जैसे फीचर भी मिलेंगे। इसके लिए ब्राउजर में अलग से ‘कॉल्स’ टैब दिया जाएगा, जहां यूजर्स अपनी कॉल से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।

स्टूडेंट्स और ऑफिस में काम करने वालों को फायदा

व्हाट्सऐप के अनुसार, यह फीचर उन लोगों के लिए ज्यादा काम का होगा जो किसी दूसरे के साथ कंप्यूटर शेयर करते हैं या जिनके ऑफिस लैपटॉप में ऐप डाउनलोड करने की अनुमति नहीं होती।

ये खबर पढ़ना न भूलें: आपके Android फोन में बंद हो सकता है YouTube, जानें क्या है इसकी वजह

अब ऐसे लोग भी बिना ब्राउजर बंद किए आसानी से व्हाट्सऐप कॉल कर सकेंगे। जो लोग कंप्यूटर पर काम करना पसंद करते हैं, उनके लिए भी यह सुविधा आसान होगी।

कॉल को दूसरे डिवाइस पर कर सकेंगे शिफ्ट

व्हाट्सऐप ने कॉल ट्रांसफर का फीचर भी शुरू किया है। इसके जरिए यूजर्स बिना कॉल बंद किए चल रही ग्रुप कॉल को एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर ले जा सकेंगे।

अगर कॉल फोन या टैबलेट से शुरू हुई है, तो उसे आसानी से व्हाट्सऐप वेब या डेस्कटॉप पर जारी रखा जा सकेगा। इसी तरह कंप्यूटर से शुरू हुई कॉल को दूसरे डिवाइस पर भी बदला जा सकेगा।

ग्रुप कॉल में मिलेगा ज्यादा कंट्रोल

व्हाट्सऐप ने ग्रुप कॉल के लिए वेटिंग रूम फीचर भी जोड़ा है। इससे कॉल शुरू करने वाले व्यक्ति को यह तय करने का ज्यादा अधिकार मिलेगा कि कौन कॉल में शामिल होगा।

अगर कॉल लिंक बनाते समय शामिल होने की मंजूरी वाला विकल्प चालू किया जाता है, तो नए लोग पहले वेटिंग रूम में रहेंगे। अनुमति मिलने के बाद ही वे कॉल में जुड़ पाएंगे।

क्विकएचडी से बेहतर होगी वीडियो क्वालिटी

व्हाट्सऐप ने वीडियो कॉल की क्वालिटी सुधारने के लिए क्विकएचडी फीचर भी पेश किया है। इसके जरिए कॉल शुरू होते ही बेहतर क्वालिटी का वीडियो मिलेगा। यूजर्स को वीडियो साफ होने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

शोर वाली जगह पर भी आवाज होगी साफ

व्हाट्सऐप ने आवाज साफ करने के लिए नॉइज सप्रेशन फीचर भी जोड़ा है। यह आसपास के शोर को कम करेगा, जिससे भीड़ या ज्यादा आवाज वाली जगह पर भी सामने वाले की आवाज साफ सुनाई देगी।

यूजर्स इस फीचर को कॉल के दौरान सेटिंग में जाकर अपनी जरूरत के हिसाब से चालू या बंद कर सकेंगे।

जल्द सभी यूजर्स को मिलेगा फीचर

व्हाट्सऐप के ये सभी नए फीचर धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंचाए जा रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में ये सुविधाएं सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएंगी।

Read more!
Advertisement