WhatsApp में आने वाला है नया वॉइस मैसेज विजेट फीचर, बिना ऐप खोले रिकॉर्डिंग की सुविधा!
खबरों के मुताबिक WhatsApp एंड्रॉइड यूजर्स के लिए एक नया होम स्क्रीन विजेट तैयार कर रहा है, जिससे लोग बिना ऐप खोले ही सीधे वॉइस मैसेज रिकॉर्ड कर सकेंगे और तुरंत भेज भी पाएंगे। यह फीचर फिलहाल विकास के चरण में है, इसलिए अभी इसे किसी भी बीटा यूजर के लिए जारी नहीं किया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार यह फीचर यूजर्स को तेज और आसान तरीके से चैटिंग का अनुभव देने की दिशा में एक नया कदम हो सकता है।

In Short
- WhatsApp का नया विजेट फीचर बदल देगा वॉइस मैसेजिंग का तरीका
- WhatsApp का नया प्लान
- बिना ऐप खोले वॉइस नोट भेजना होगा आसान
- Android यूजर्स के लिए WhatsApp का बड़ा अपडेट
य़े ख़बर एंड्रॉइड यूजर्स के लिए है। दरअसल WhatsApp एक नया वॉइस मैसेज विजेट फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इससे यूजर्स बिना ऐप खोले ही सीधे होम स्क्रीन से वॉइस नोट रिकॉर्ड कर सकेंगे और भेज भी पाएंगे। यह जानकारी WABetaInfo ने Google Play Store पर WhatsApp के नए Android बीटा वर्जन में इस फीचर की खोज के बाद सामने आई है। फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है। अभी तक बीटा यूजर्स के लिए इसे उपलब्ध नहीं कराया गया है। माना जा रहा है कि WhatsApp का फोकस कम्युनिकेशन को आसान और बेहतर बनाना है।
होम स्क्रीन से सीधे वॉइस मैसेज का नया फीचर
रिपोर्ट के अनुसार यह विजेट सीधे फोन की होम स्क्रीन पर उपलब्ध होगा और यूजर्स सिर्फ एक टैप में वॉइस रिकॉर्डिंग शुरू कर सकेंगे। रिकॉर्डिंग पूरी होने के बाद प्राप्तकर्ता चुनकर मैसेज भेजा जा सकेगा। इसमें एक या कई कॉन्टैक्ट्स को एक साथ वॉइस नोट भेजने की सुविधा भी मिल सकती है। यह फीचर खासकर उन यूजर्स के लिए उपयोगी होगा जो दिनभर नियमित रूप से वॉइस मैसेज भेजते हैं और समय बचाना चाहते हैं।
स्टेटस और शॉर्टकट फीचर्स का विस्तार
इस नए विजेट के साथ WhatsApp स्टेटस अपडेट के लिए भी एक अलग होम स्क्रीन विजेट पर काम कर रहा है। इससे यूजर्स बिना ऐप खोले ही स्टेटस देख और अपडेट कर सकेंगे। इसके अलावा वॉइस नोट्स को स्टेटस के रूप में शेयर करने का विकल्प भी मिल सकता है, जिससे ऑडियो अपडेट्स तेजी से पोस्ट किए जा सकेंगे।
WhatsApp वेब और कॉलिंग अनुभव में सुधार
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि WhatsApp वेब पर ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉलिंग सपोर्ट पर काम चल रहा है। यह फीचर ब्राउज़र के जरिए सीधे 32 प्रतिभागियों तक ग्रुप कॉलिंग की सुविधा दे सकता है। इसमें स्क्रीन शेयरिंग और कॉल लिंक जैसे विकल्प भी शामिल होंगे।