यूजरनेम विवाद पर WhatsApp ने दी सफाई! 7 पॉइंट्स में दिया जवाब

WhatsApp के नए यूजरनेम फीचर पर कई सवाल उठ रहे हैं। सरकार के नोटिस और फ्रॉड की चिंता के बीच कंपनी ने अपनी सफाई दी है। WhatsApp ने बताया है कि यह फीचर कैसे चलेगा और यूजर्स की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए जाएंगे। जानें क्या कहा WhatsApp ने पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • WhatsApp ने साफ किया है कि यूजरनेम बनाना पूरी तरह ऑप्शनल रहेगा।
  • WhatsApp ने कहा है कि यूजरनेम को सर्च करके किसी को सीधे मैसेज भेजने की सुविधा नहीं होगी।
  • अगर Username Key ऑन होगी, तो कोई व्यक्ति तभी मैसेज कर पाएगा जब उसे आपका यूजरनेम और key दोनों पता होंगे।

By Gaurav Kumar:

WhatsApp के नए यूजरनेम फीचर को लेकर उठ रहे सवालों पर अब कंपनी ने अपनी सफाई दी है। सरकार की ओर से नोटिस भेजे जाने के बाद इस फीचर को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा शुरू हो गई थी। कई यूजर्स को डर था कि यूजरनेम आने के बाद साइबर फ्रॉड और पहचान की नकल जैसे मामले बढ़ सकते हैं। इसी बीच WhatsApp ने X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर 7 अहम सवालों के जवाब दिए हैं।

1) क्या यूजरनेम रखना जरूरी होगा?

WhatsApp ने साफ किया है कि यूजरनेम बनाना जरूरी नहीं होगा। यह पूरी तरह ऑप्शनल फीचर होगा। यानी जो यूजर चाहेंगे, वही अपना यूजरनेम बना सकेंगे। अगर कोई यूजर यह फीचर इस्तेमाल नहीं करना चाहता, तो उस पर कोई दबाव नहीं होगा।

2) पसंदीदा यूजरनेम नहीं मिला तो क्या होगा?

कंपनी ने बताया कि कई बार पसंदीदा यूजरनेम उपलब्ध नहीं हो सकता। इसकी वजह यह हो सकती है कि वह यूजरनेम पहले से किसी Instagram या Facebook अकाउंट से जुड़ा हो। ऐसे नाम उनके असली मालिकों के लिए रिजर्व रखे जाएंगे। इसके अलावा पॉपुलर लोगों, सेलिब्रिटी, सरकारी संस्थाओं और Meta Verified अकाउंट्स से जुड़े नाम भी सुरक्षित रखे गए हैं।

3) अगर कोई मेरे जैसा यूजरनेम बनाकर ठगी करे तो क्या होगा?

WhatsApp ने कहा है कि फिलहाल यूजरनेम के जरिए मैसेज भेजने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जब यह फीचर आएगा और कोई नया व्यक्ति आपको मैसेज करेगा, तो मैसेज भेजने वाले के देश की जानकारी दिखाई जाएगी। पहली बार संपर्क करने पर चेतावनी भी दिखेगी।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: सिर्फ Username ही नहीं, हाल ही में WhatsApp पर आए हैं Multi-Account सहित ये फीचर्स

कंपनी का कहना है कि मशहूर और पॉपुलर नामों के मिलते-जुलते यूजरनेम केवल असली और वेरिफाइड यूजर्स के लिए रिजर्व रहेंगे। Meta ब्लॉक और रिपोर्ट की निगरानी भी करेगा, ताकि स्कैमर्स के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

4) क्या सिर्फ यूजरनेम पता होने पर कोई मैसेज कर पाएगा?

WhatsApp ने इस सवाल का जवाब साफ तौर पर नहीं में दिया है। कंपनी के मुताबिक, जिस तरह WhatsApp पर किसी फोन नंबर को सर्च करके सीधे किसी को नहीं खोजा जा सकता, उसी तरह यूजरनेम को भी सर्च नहीं किया जा सकेगा। यानी सिर्फ यूजरनेम पता होने से कोई अनजान व्यक्ति सीधे मैसेज नहीं भेज पाएगा।

5) Username Key क्या है?

WhatsApp ने बताया कि Username Key एक एक्स्ट्रा सिक्योरिटी लेयर होगी। अगर यह key एक्टिवेट है, तो कोई भी व्यक्ति आपसे तभी संपर्क कर सकेगा, जब उसे आपका यूजरनेम और key दोनों पता होंगे। यूजर्स चाहें तो किसी भी समय अपनी key बदल सकेंगे। इसके बाद पुरानी key से नए मैसेज नहीं आ पाएंगे।

6) क्या Instagram या Facebook अकाउंट लिंक करना जरूरी होगा?

WhatsApp के मुताबिक, अगर कोई यूजर वही यूजरनेम चाहता है जो उसके Instagram या Facebook अकाउंट पर है, तो उसे वे अकाउंट लिंक करने होंगे। इससे यह साबित करने में मदद मिलेगी कि वही यूजर उस नाम का असली मालिक है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: फोन बेचना है पर डर लगता है! 70% भारतीय सिर्फ इसलिए नहीं बेचते पुराना स्मार्टफोन

बाद में यूजर अकाउंट का लिंक हटा भी सकेगा। इसके अलावा WhatsApp के लिए बिल्कुल अलग यूजरनेम चुनने का ऑप्शन भी रहेगा।

7) क्या बाद में यूजरनेम बदला जा सकेगा?

WhatsApp ने कहा है कि यूजर बाद में अपना यूजरनेम बदल सकेंगे। अगर नया पसंदीदा यूजरनेम उपलब्ध होगा, तो उसे बदला जा सकेगा। कंपनी ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा गलत है कि कोई भी लोकप्रिय या मशहूर यूजरनेम पहले से रिजर्व कर सकता है। ऐसे नाम केवल उनके असली और वैध मालिक ही रिजर्व कर पाएंगे।

WhatsApp का कहना है कि वह इस फीचर को जल्दबाजी में लॉन्च नहीं करना चाहता। कंपनी यूजर्स का फीडबैक लेकर इस साल के अंत में इस फीचर को सही तरीके से लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

Read more!
Advertisement