WhatsApp का नया अपडेट! बिना अकाउंट के भी जॉइन होगी वीडियो कॉल, बस करना होगा ये छोटा सा काम
WhatsApp ने वीडियो और वॉयस कॉलिंग को पहले से आसान बनाने के लिए नया गेस्ट कॉलिंग फीचर पेश किया है। अब बिना WhatsApp अकाउंट बनाए या ऐप डाउनलोड किए भी किसी कॉल में शामिल हुआ जा सकेगा। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें हैं। जानें कैसे काम करेगा यह फीचर, एक साथ कितने लोग जुड़ सकेंगे और कॉल करने का पूरा तरीका क्या है।

In Short
- बिना WhatsApp अकाउंट और ऐप के भी जॉइन कर सकेंगे वॉयस और वीडियो कॉल।
- एक कॉल में 32 लोग हो सकेंगे शामिल, गेस्ट को लेनी होगी होस्ट की मंजूरी।
- Google Calendar और Outlook से भी जुड़ेगा WhatsApp, कॉल शेड्यूल करना होगा आसान।
WhatsApp यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट आया है। अब किसी व्यक्ति के पास WhatsApp अकाउंट नहीं है, तब भी वह WhatsApp की वॉयस और वीडियो कॉल में शामिल हो सकेगा। इसके लिए फोन में WhatsApp ऐप डाउनलोड करने की भी जरूरत नहीं होगी। कंपनी ने नया गेस्ट कॉलिंग (Guest Calling) फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से सिर्फ एक लिंक के जरिए कॉल जॉइन की जा सकेगी।
यह सुविधा ऑनलाइन मीटिंग, पढ़ाई और ग्रुप में बातचीत करने वालों के लिए उपयोगी हो सकती है। हालांकि, कॉल शुरू करने वाले व्यक्ति के पास WhatsApp अकाउंट होना जरूरी है।
बिना WhatsApp अकाउंट के कैसे जॉइन होगी कॉल?
WhatsApp यूजर्स ऐप के Calls टैब में जाकर प्लस (+) आइकन से कॉल लिंक बना सकेंगे। इसके बाद यह लिंक किसी भी व्यक्ति को भेजा जा सकता है।
जिस व्यक्ति के पास WhatsApp अकाउंट नहीं है, वह कंप्यूटर के ब्राउजर में लिंक खोलकर अपना नाम दर्ज करेगा और कॉल में शामिल होने की अनुमति मांगेगा।
इसके बाद कॉल शुरू करने वाला व्यक्ति यानी होस्ट उसकी रिक्वेस्ट स्वीकार करेगा। मंजूरी मिलने तक गेस्ट वेटिंग रूम में रहेगा। होस्ट किसी भी गेस्ट को कॉल से हटा भी सकता है।
एक साथ 32 लोग कर सकेंगे कॉल, मिलेंगे ये फीचर्स
WhatsApp की नई गेस्ट कॉलिंग सुविधा में एक साथ अधिकतम 32 लोग शामिल हो सकेंगे। कॉल पूरी तरह मुफ्त होगी और इसकी कोई समय सीमा नहीं होगी।
कंपनी के मुताबिक, कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होगी, जिससे बातचीत की सुरक्षा बनी रहेगी।
गेस्ट कॉल के दौरान अपनी कंप्यूटर स्क्रीन शेयर कर सकेंगे। इसके अलावा थम्स-अप और हार्ट इमोजी से प्रतिक्रिया दे सकेंगे और सवाल पूछने के लिए हाथ उठाने का विकल्प भी मिलेगा।
हालांकि, गेस्ट दूसरे लोगों के फोन नंबर नहीं देख सकेंगे। वे मैसेज भेजने या किसी नए व्यक्ति को कॉल में जोड़ने का काम भी नहीं कर पाएंगे।
Google Calendar और Outlook से भी जुड़ेगा WhatsApp
WhatsApp इस साल के आखिर तक Google Calendar और Microsoft Outlook के साथ इंटीग्रेशन लाने की तैयारी कर रहा है।
इस सुविधा के आने के बाद यूजर्स सीधे कैलेंडर से WhatsApp कॉल लिंक बना सकेंगे और मीटिंग के इनविटेशन में जोड़ सकेंगे। इसके लिए WhatsApp प्लगइन इंस्टॉल करके अपना अकाउंट कनेक्ट करना होगा।
इस बदलाव के बाद WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ मैसेज और निजी बातचीत तक सीमित नहीं रहेगा। ऑनलाइन मीटिंग और ग्रुप कॉल के लिए भी इसका इस्तेमाल आसान हो सकता है।