क्या चीन के लिए जेन्सेन हुआंग की जासूसी कर रही थीं एलिस? अमेरिकी अधिकारियों ने किया खुलासा
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग और चीनी टेक अधिकारी एलिस हुआंग के संबंधों को लेकर अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने अहम जानकारी दी है। गोपनीय बैठक में जासूसी के आरोपों पर कई बातें सामने आई हैं। हालांकि, चीन की खुफिया एजेंसी से एलिस के संपर्क और चिप्स की कथित तस्करी की जांच जारी है।

In Short
- चीन के निर्देश पर जासूसी किए जाने के नहीं मिले सबूत
- चीनी खुफिया एजेंसी के संपर्क में थीं एलिस हुआंग
- चिप्स की कथित तस्करी को लेकर जांच अब भी जारी
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़े जासूसी मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है। अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार को संसद के कर्मचारियों के साथ हुई एक बेहद गोपनीय बैठक में बताया कि अब तक ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं, जिनसे यह साबित हो कि चीनी टेक्नोलॉजी कंपनी की अधिकारी एलिस हुआंग को चीन की खुफिया एजेंसी ने जेन्सेन हुआंग की जासूसी करने का निर्देश दिया था।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक मिले सबूतों से संकेत मिलता है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और यह चीन की किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा नहीं था। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि नई जानकारी सामने आने पर उनका आकलन बदल भी सकता है।
जेन्सेन हुआंग की वापसी के बाद हुई बैठक
इस गोपनीय बैठक में CIA, FBI, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी और अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के कार्यालय के अधिकारी शामिल हुए। यह बैठक जेन्सेन हुआंग को दोबारा एनवीडिया का सीईओ बनाए जाने के एक दिन बाद हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कंपनी को भरोसा दिलाया था कि हुआंग से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
चीनी खुफिया एजेंसी के संपर्क में थीं एलिस
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) ने एलिस हुआंग से जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संपर्क किया था। चीनी कानून के तहत ऐसा करना जरूरी है। जेन्सेन के साथ संबंधों के दौरान भी एलिस एजेंसी के संपर्क में थीं। हालांकि, अधिकारियों को इस बात के संकेत नहीं मिले हैं कि उन्होंने कोई महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी साझा की थी।
अधिकारियों ने एलिस के पति कांग वेई को लेकर भी जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, वह चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करते थे और लगातार उसके संपर्क में रहते थे। वहीं, एलिस की भूमिका को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की राय अलग-अलग है।
चिप्स की तस्करी को लेकर जांच जारी
अमेरिकी खुफिया एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि दोनों के संबंधों का चीन में एनवीडिया की चिप्स की कथित तस्करी से कोई कनेक्शन था या नहीं। एलिस हुआंग एनवीडिया की पार्टनर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल में वरिष्ठ अधिकारी थीं। मेगास्पीड और सुपर माइक्रो से जुड़े दो मामलों में अमेरिकी न्याय विभाग भी उनकी भूमिका की जांच कर रहा है।
3 दिसंबर को होगी सुनवाई
एनवीडिया का बोर्ड भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है। अगले सप्ताह मंगलवार को जेन्सेन हुआंग अमेरिकी संसद की तीन समितियों के सामने बंद कमरे में सवालों के जवाब देंगे। इसके बाद 3 दिसंबर को सीनेट की बैंकिंग कमेटी की सार्वजनिक सुनवाई में शामिल होंगे।