इस बार आईफोन खरीदना पड़ेगा और महंगा? Vodafone लीक में सामने आई पूरी कीमत

Apple के नए आईफोन लॉन्च से पहले Vodafone Egypt से जुड़ी एक कथित लीक ने कीमतों को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। इसमें आईफोन 18 प्रो, प्रो मैक्स और पहले फोल्डेबल आईफोन की कीमतें सामने आने का दावा किया गया। हालांकि Vodafone ने लीक से इनकार किया है। अगर आंकड़े सही निकले तो भारतीय खरीदारों के लिए इस बार अपग्रेड काफी महंगा हो सकता है।

Advertisement
Vodafone की लीक से खुला Apple का बड़ा राज?
Vodafone की लीक से खुला Apple का बड़ा राज?

In Short

  • कथित Vodafone लीक में आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की कीमतें सामने आने का दावा
  • पहले फोल्डेबल आईफोन की संभावित कीमत करीब 2,000 डॉलर बताई जा रही है
  • Vodafone ने कथित लीक से इनकार किया है इसलिए आधिकारिक कीमत का इंतजार जरूरी

By Shakshi:

Apple के नए आईफोन लॉन्च होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और इससे पहले कीमतों को लेकर एक कथित लीक ने हलचल बढ़ा दी है। Vodafone Egypt की वेबसाइट से जुड़ी बताई जा रही जानकारी में आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन की कीमतें सामने आने का दावा किया गया है।

हालांकि, यहां सबसे जरूरी बात यह है कि Vodafone Egypt ने बाद में इस कथित लीक से इनकार किया। इसलिए इन कीमतों को Apple की आधिकारिक कीमत नहीं माना जा सकता।

सबसे ज्यादा चर्चा फोल्डेबल आईफोन की

कथित लीक में Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन को आईफोन अल्ट्रा नाम से दिखाया गया और इसकी कीमत 1,55,750 मिस्र पाउंड बताई गई।

सिर्फ इस रकम को रुपये में बदलना सही तस्वीर नहीं देगा, क्योंकि अलग-अलग देशों में टैक्स और इंपोर्ट शुल्क अलग होते हैं। लेकिन मौजूदा आईफोन 17 प्रो मैक्स से तुलना करने पर इस कीमत से फोल्डेबल मॉडल के काफी महंगा होने का संकेत मिलता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इसी तुलना के आधार पर इसकी अमेरिकी कीमत करीब 2,000 डॉलर के आसपास हो सकती है। भारतीय खरीदारों के लिए यह रकम करीब ₹1.8-1.9 लाख के आसपास बैठती है, हालांकि भारत की वास्तविक कीमत अलग हो सकती है।

आईफोन 18 प्रो की भी बढ़ सकती है कीमत

कथित Vodafone लिस्टिंग में आईफोन 18 प्रो की कीमत 98,000 मिस्र पाउंड बताई गई। वहीं आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत 1,05,000 मिस्र पाउंड बताई गई।

मौजूदा आईफोन 17 प्रो और प्रो मैक्स से तुलना करने पर यह करीब 10-11 फीसदी की बढ़ोतरी का संकेत देता है।

अगर इसी अनुपात को भारतीय कीमतों पर लगाया जाए तो आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स दोनों के लिए खरीदारों को पिछली पीढ़ी के मुकाबले ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

आखिर क्यों महंगा हो रहा है आईफोन?

कीमत बढ़ने की एक बड़ी वजह इस समय टेक इंडस्ट्री में चल रही मेमोरी चिप की महंगाई को माना जा रहा है। AI सर्वर के लिए हाई-एंड मेमोरी की मांग बढ़ने से सप्लाई पर दबाव है।

यही वजह है कि Apple के नए प्रो मॉडल की लागत बढ़ने की खबरें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में कंपनी अगर कीमत बढ़ाती है तो यह सिर्फ नए फीचर्स की वजह से नहीं बल्कि बढ़ती उत्पादन लागत का असर भी हो सकता है।

भारतीय खरीदारों पर क्या होगा असर?

भारत में पहले से ही आईफोन प्रो मॉडल प्रीमियम कीमत पर बिकते हैं। ऐसे में अगर आईफोन 18 प्रो की कीमत और बढ़ती है तो अपग्रेड करने वाले ग्राहकों को इस बार ज्यादा बजट रखना पड़ सकता है।

वहीं फोल्डेबल आईफोन अलग ही कैटेगरी में होगा। करीब ₹1.9 लाख या उससे ज्यादा की संभावित कीमत इसे आम खरीदार के बजाय उन Apple फैंस के लिए ज्यादा खास बनाएगी जो नई टेक्नोलॉजी और प्रीमियम डिजाइन के लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं।

9 सितंबर को साफ होगी पूरी तस्वीर

Apple 9 सितंबर को अपने बड़े लॉन्च इवेंट में नए प्रोडक्ट पेश करने वाली है। आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और कंपनी के पहले फोल्डेबल आईफोन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है।

फिलहाल Vodafone से जुड़ी कीमतों को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है और कंपनी ने कथित लीक से इनकार भी किया है। इसलिए असली कीमत जानने के लिए Apple के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।

Read more!
Advertisement