Tim Cook ने छोड़ी Apple CEO की कुर्सी, John Ternus ने संभाली कमान, 15 साल बाद बदला कंपनी का नेतृत्व

Apple में करीब 15 साल बाद सबसे बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है। Tim Cook ने CEO पद छोड़ दिया है और अब John Ternus कंपनी की कमान संभालेंगे। Cook अपने नए पद Executive Chairman के तौर पर Apple से जुड़े रहेंगे। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब कंपनी नए प्रोडक्ट्स और AI जैसी तकनीकों पर अपना फोकस बढ़ा रही है।

Advertisement
John Ternus ने आज Tim Cook की जगह Apple CEO का पद संभाला।
John Ternus ने आज Tim Cook की जगह Apple CEO का पद संभाला।

By Gaurav Kumar:

दिग्गज टेक कंपनी Apple में करीब 15 साल बाद बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है। Tim Cook अब कंपनी के CEO नहीं रहे हैं। 1 सितंबर से John Ternus ने Apple के नए CEO के तौर पर जिम्मेदारी संभाल ली है। Tim Cook ने अगस्त 2011 में Steve Jobs के बाद Apple की कमान संभाली थी।

CEO पद छोड़ने से एक दिन पहले Tim Cook ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कहा, “मेरा पद कल बदल जाएगा, लेकिन Apple कम्युनिटी के लिए मेरा प्यार कभी नहीं बदलेगा।”

Tim Cook अब भी Apple से जुड़े रहेंगे

हालांकि Tim Cook CEO पद से हट गए हैं, लेकिन वह कंपनी छोड़ नहीं रहे हैं। Apple के अनुसार Cook अब Executive Chairman की भूमिका निभाएंगे। इस पद पर रहते हुए वह कंपनी के कुछ अहम मामलों में मदद करेंगे, जिसमें दुनियाभर के नीति निर्माताओं के साथ बातचीत भी शामिल है।

यह बदलाव Apple के लिए लगभग डेढ़ दशक में सबसे बड़ा नेतृत्व परिवर्तन माना जा रहा है। यह ऐसे समय में हुआ है जब कंपनी वित्तीय रूप से मजबूत स्थिति में है और हाल की तिमाहियों में रिकॉर्ड रेवेन्यू दर्ज कर चुकी है।

Tim Cook के कार्यकाल में बदली Apple की तस्वीर

Tim Cook के नेतृत्व में Apple ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार किया। उनके कार्यकाल में Apple Watch, AirPods, HomePod और Vision Pro जैसे प्रोडक्ट लॉन्च हुए। इसके अलावा Apple Music और Apple TV जैसी सर्विसेज का भी विस्तार हुआ।

Cook के नेतृत्व में कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन 2011 के करीब 350 अरब डॉलर से बढ़कर आज 4.5 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया है।

कौन हैं नए CEO John Ternus?

John Ternus ने 2001 में Apple जॉइन किया था। CEO बनने से पहले वह कंपनी में Hardware Engineering के Senior Vice President थे। उन्होंने iPhone, Mac, iPad और AirPods जैसे कई प्रमुख प्रोडक्ट्स के विकास में अहम भूमिका निभाई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक Ternus ने ऐसे डिवाइस के विकास की निगरानी की है जो Apple के कुल रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा लाते हैं। उन्हें Mac की बिक्री में सुधार और Apple Silicon यानी M-Series चिप्स की शुरुआत में भी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जाना जाता है।

हाल के समय में Ternus की सार्वजनिक मौजूदगी बढ़ी है। उन्होंने iPhone 17 सीरीज लॉन्च के दौरान iPhone Air पेश किया था और MacBook Neo इवेंट में भी नजर आए थे।

Apple के नए दौर की शुरुआत

John Ternus का पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम 9 सितंबर को होने वाले Apple लॉन्च इवेंट में हो सकता है। इस इवेंट में कंपनी नए iPhone मॉडल समेत कई प्रोडक्ट्स पेश कर सकती है।

Tim Cook के बाद अब John Ternus के सामने सबसे बड़ी चुनौती Apple की मौजूदा सफलता को आगे बढ़ाना और AI, नए हार्डवेयर फॉर्मेट और बदलते टेक बाजार में कंपनी को मजबूत बनाए रखना होगी।

Read more!
Advertisement