Steve Jobs ने जिस फीचर को कर दिया था खारिज, 16 साल बाद एप्पल के नए सीईओ ने उसी पर लगाया दांव!

एप्पल ने अपने नए MacBook Pro के साथ ऐसा बदलाव किया है, जिसकी कल्पना स्टीव जॉब्स के दौर में करना मुश्किल था। करीब 16 साल पहले जिस फीचर को कंपनी ने खारिज किया था, अब उसी को भविष्य का अहम हिस्सा बनाया जा रहा है। आखिर एप्पल की सोच क्यों बदली?

Advertisement

In Short

  • एप्पल ने पहली बार MacBook Pro में टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया है, जिसे स्टीव जॉब्स ने 2010 में खारिज किया था।
  • नए सीईओ जॉन टर्नस के मुताबिक, OLED टेक्नोलॉजी ने बिना वजन और मोटाई बढ़ाए टचस्क्रीन देना संभव बनाया।
  • नए MacBook Pro में PROLED XDR डिस्प्ले, 2,000 निट्स ब्राइटनेस और Dynamic Island जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

By Gungun Mishra:

एप्पल ने अपने नए MacBook Pro के साथ एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने पहली बार MacBook Pro में टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया है। दिलचस्प बात यह है कि 16 साल पहले एप्पल के पूर्व सीईओ स्टीव जॉब्स ने लैपटॉप में टचस्क्रीन देने के आइडिया को खारिज कर दिया था। लेकिन अब नए सीईओ जॉन टर्नस की अगुवाई में कंपनी ने अपना पुराना फैसला बदल दिया है। आखिर इतने साल बाद एप्पल को टचस्क्रीन की जरूरत क्यों महसूस हुई?

स्टीव जॉब्स ने क्यों किया था विरोध?

साल 2010 में एप्पल के 'Back to the Mac' इवेंट में स्टीव जॉब्स ने कहा था कि लैपटॉप की स्क्रीन पर बार-बार हाथ ले जाकर टच करना आरामदायक नहीं है। उनका मानना था कि लंबे समय तक ऐसा करने से हाथों में थकान हो सकती है।

स्टीव जॉब्स के मुताबिक, लैपटॉप चलाने के लिए कीबोर्ड और ट्रैकपैड ज्यादा सुविधाजनक हैं। एप्पल के दूसरे बड़े अधिकारियों फिल शिलर और क्रेग फेडेरिघी ने भी टचस्क्रीन MacBook के आइडिया को सही नहीं माना था।

16 साल बाद क्यों बदला Apple का फैसला?

सितंबर 2026 में एप्पल के सीईओ बने जॉन टर्नस ने 28 अक्टूबर को टचस्क्रीन वाला नया MacBook Pro लॉन्च किया। टर्नस ने Wired को बताया कि कंपनी काफी समय से टच डिस्प्ले पर काम कर रही थी।

उनके मुताबिक, एप्पल ऐसा फीचर नहीं देना चाहती थी जिससे लैपटॉप भारी या मोटा हो जाए। अब OLED डिस्प्ले की मदद से कंपनी बिना डिजाइन से समझौता किए टचस्क्रीन देने में कामयाब हुई है।

जॉन टर्नस ने यह भी साफ किया कि MacBook में कीबोर्ड और ट्रैकपैड की अहमियत बनी रहेगी, लेकिन जरूरत पड़ने पर स्क्रीन को टच करना भी सुविधाजनक होगा।

यूजर्स की मांग ने भी बदली सोच

एप्पल के मार्केटिंग चीफ ग्रेग जोस्वियाक के मुताबिक, प्रोफेशनल यूजर्स लंबे समय से MacBook में टचस्क्रीन की मांग कर रहे थे।

वहीं, नई पीढ़ी स्मार्टफोन और टैबलेट पर टचस्क्रीन इस्तेमाल करते हुए बड़ी हुई है। ऐसे में लैपटॉप पर भी टच कंट्रोल उनकी उम्मीदों का हिस्सा बन चुका है।

कंपनी ने नए MacBook Pro में बेहतर कूलिंग सिस्टम, एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग और मजबूत हिंज दिया है, ताकि स्क्रीन छूने पर ज्यादा हिले नहीं।

नए MacBook Pro की डिस्प्ले में क्या है खास?

नए MacBook Pro में Tandem OLED पैनल दिया गया है, जिसे एप्पल ने 'PROLED XDR' नाम दिया है।

कंपनी के मुताबिक, यह डिस्प्ले 10,00,00,000:1 कॉन्ट्रास्ट रेशियो और 2,000 निट्स की पीक HDR और SDR ब्राइटनेस देता है।

यूजर्स अब स्क्रीन पर सीधे टैप, स्क्रॉल, पिंच टू जूम और ड्रॉ कर सकते हैं। इसके अलावा पुराने डिस्प्ले नॉच की जगह iPhone जैसा Dynamic Island दिया गया है।

स्क्रीन के चारों तरफ पतले बेजल्स भी दिए गए हैं, जिससे डिस्प्ले के लिए ज्यादा जगह मिलती है। इस बदलाव के साथ एप्पल ने MacBook इस्तेमाल करने का एक नया तरीका पेश किया है।

Read more!
Advertisement