PlayStation गेमर्स के लिए बड़ी खबर! 2028 के बाद भी मिलेगी पुरानी गेम्स की डिस्क - पूरी डिटेल्स

सोनी ने साफ किया है कि जनवरी 2028 के बाद नए PlayStation गेम्स सिर्फ डिजिटल फॉर्म में आएंगे, लेकिन 2028 से पहले रिलीज हुई गेम्स की फिजिकल डिस्क मिलती रहेंगी। जानिए Sony की नई डिजिटल रणनीति, डिस्क रीप्रिंट नियम और गेमर्स के लिए क्या बदलने वाला है।

Advertisement
AI Generated Image

By Aryan Sharma:

सोनी (Sony) ने गेमिंग कम्युनिटी को एक बड़ी राहत दी है। हाल ही में कंपनी ने ऐलान किया था कि जनवरी 2028 के बाद रिलीज होने वाले सभी प्लेस्टेशन (PlayStation) गेम्स पूरी तरह से डिजिटल होंगे और उनकी कोई फिजिकल सीडी या डिस्क नहीं आएगी। इस फैसले के बाद गेमर्स के बीच काफी चिंता थी, लेकिन अब सोनी ने पब्लिशर्स और डेवलपर्स को भेजे एक प्राइवेट मेमो में स्थिति साफ कर दी है।

'गेम फ़ाइल' (Game File) की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनी ने अपने पार्टनर्स को भरोसा दिलाया है कि जो गेम्स जनवरी 2028 की डेडलाइन से पहले फिजिकल डिस्क पर लॉन्च हो चुके हैं, उनकी डिस्क 2028 के बाद भी बनती रहेगी। यानी अगर किसी पुरानी गेम की डिमांड मार्केट में बनी रहती है, तो पब्लिशर्स उसकी नई डिस्क छपवा (Reprint) सकेंगे।

बदल जाएगा डिस्क बनने का तरीका

फिजिकल मीडिया कलेक्टर्स के लिए यह बेहद अच्छी खबर है क्योंकि उन्हें डर था कि 2028 के बाद पुरानी गेम्स की कॉपियां मिलना बंद हो जाएंगी और वे बहुत महंगी हो जाएंगी। लेकिन, इसमें एक बड़ा पेच है। सोनी ने साफ किया है कि 2028 के बाद इन पुरानी गेम्स की डिस्क का ऑर्डर देने और उन्हें मैन्युफैक्चर (बनाने) करने का पूरा प्रोसेस बदल जाएगा। हालांकि, कंपनी ने अभी पब्लिशर्स के साथ इसकी पूरी डिटेल साझा नहीं की है।

इस बदलाव की मुख्य वजह यह है कि सोनी अपनी फिजिकल डिस्क बनाने की सप्लाई चेन को समेट रही है। कंपनी ने साल्ज़बर्ग, ऑस्ट्रिया में स्थित अपने मुख्य ऑप्टिकल डिस्क प्लांट को रीपर्पज (बदलाव) करना शुरू कर दिया है। अब इस फैक्ट्री में गेम डिस्क की जगह ऑप्टिकल माइक्रोलेन्स (Micro-lenses) बनाए जाएंगे।

2028 के बाद रीटेल स्टोर्स का क्या होगा?

जनवरी 2028 के बाद लॉन्च होने वाले नए गेम्स के लिए तो नीले रंग का प्लास्टिक बॉक्स और डिस्क पूरी तरह से बंद हो जाएंगे, लेकिन इससे रीटेल दुकानों का धंधा पूरी तरह ठप नहीं होगा।

सोनी एक नई रीटेल स्ट्रेटेजी पर काम कर रही है, जिसके तहत स्टोर्स नए गेम्स को 'डिजिटल डाउनलोड कोड' के जरिए बेच सकेंगे। हालांकि सोनी ने अभी यह नहीं बताया है कि ये कोड्स ग्राहकों को किस तरह की पैकिंग में दिए जाएंगे, लेकिन इससे यह साफ है कि रीटेलर्स नए गेम्स बेचकर अपना मुनाफा कमाते रह सकेंगे, भले ही उस बॉक्स के अंदर कोई फिजिकल डिस्क न हो।

देखा जाए तो लॉन्ग-टर्म में प्लेस्टेशन का भविष्य पूरी तरह डिजिटल ही है। जनवरी 2028 के बाद आने वाला हर नया गेम सिर्फ डिजिटल डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा, जो सोनी के इकोसिस्टम में फिजिकल मीडिया के आखिरी अध्याय की तरह है।

आसान शब्दों में जानिए क्या है पूरा मामला?

जो गेम जनवरी 2028 से पहले डिस्क पर आ चुके हैं, उनकी नई डिस्क सोनी आगे भी छापती रहेगी ताकि दुकानों में स्टॉक खत्म न हो।सोनी अपनी गेम डिस्क बनाने वाली मुख्य फैक्ट्रियों को बंद करके वहां दूसरा सामान बनाने जा रही है। इसलिए 2028 के बाद पुरानी गेम्स की डिस्क तो मिलेंगी, लेकिन उन्हें बनाने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा और शायद इसमें समय भी ज्यादा लगेगा।

2028 के बाद जब आप मार्केट में कोई बिल्कुल नया गेम खरीदने जाएंगे, तो आपको गेम की सीडी नहीं मिलेगी। दुकानदार आपको एक खाली बॉक्स या कार्ड देगा, जिसमें एक 'डिजिटल कोड' लिखा होगा। उसे स्कैन करके ही गेम आपके कंसोल में डाउनलोड होगी।

Read more!
Advertisement