Samsung Galaxy S27 सीरीज की तस्वीरें लीक! Ultra और Pro का बदलेगा लुक, कैमरे में दिखेगा नया ट्विस्ट
Samsung Galaxy S27 सीरीज के लॉन्च से पहले तीन स्मार्टफोन के डमी मॉडल की तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में Galaxy S27 Ultra और Pro के डिजाइन में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जबकि तीसरे मॉडल का लुक कुछ अलग कहानी बता रहा है। नए फोन में कौन सा प्रोसेसर मिल सकता है और कैमरे में क्या बदलेगा? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- Samsung Galaxy S27 Ultra, Pro और S27+ के डमी मॉडल की तस्वीरें लीक हुई हैं।
- Galaxy S27 Ultra और Pro में नए रियर कैमरा डिजाइन के संकेत मिले हैं।
- Galaxy S27 सीरीज के तीनों मॉडल में अलग-अलग प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है।
सैमसंग की आने वाली Galaxy S27 सीरीज को लेकर नई जानकारी सामने आई है। कंपनी के नए स्मार्टफोन लॉन्च होने से पहले ही इनके डिजाइन की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। ताजा लीक में Samsung Galaxy S27 Ultra, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27+ के डमी मॉडल दिखाई दिए हैं। इन तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कंपनी अपने नए फोन के डिजाइन में क्या बदलाव कर सकती है।
मशहूर टिपस्टर सनी डिक्सन (Sonny Dickson) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन तीनों स्मार्टफोन के डमी मॉडल की तस्वीर शेयर की है। हालांकि, सैमसंग ने अभी तक इन फोन के डिजाइन या फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Galaxy S27 Ultra और Pro में मिलेगा नया कैमरा डिजाइन
लीक हुई तस्वीरों के मुताबिक, Samsung Galaxy S27 Ultra और Galaxy S27 Pro के पिछले हिस्से में नया कैमरा डिजाइन देखने को मिल सकता है। दोनों फोन में कैमरा मॉड्यूल ऊपर की तरफ फैला हुआ दिखाई देता है।
इस कैमरा मॉड्यूल में दो लेंस बाहर की तरफ उभरे हुए हैं, जबकि दो अन्य कैमरा कटआउट मॉड्यूल की सतह के बराबर दिखाई देते हैं। इससे फोन का लुक मौजूदा मॉडल से अलग हो सकता है।
खास बात यह है कि इससे पहले सामने आए लीक रेंडर्स में भी ऐसा ही डिजाइन दिखाया गया था।
Galaxy S27+ का डिजाइन नहीं बदलेगा?
जहां Ultra और Pro मॉडल में बदलाव की उम्मीद है, वहीं Galaxy S27+ का डिजाइन पुराने Galaxy S26+ जैसा ही रह सकता है।
लीक तस्वीर में Galaxy S27+ के पीछे गोली के आकार का कैमरा मॉड्यूल दिखाई देता है। इसमें तीन कैमरा कटआउट दिए गए हैं। कैमरे के साथ मिलने वाली LED फ्लैश भी पहले की तरह मॉड्यूल के बाहर मौजूद है।
यानी डिजाइन के मामले में Galaxy S27+ खरीदने वालों को ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिल सकता है।
किस फोन में मिलेगा कौन सा प्रोसेसर?
डिजाइन के अलावा Galaxy S27 सीरीज के प्रोसेसर को लेकर भी जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Galaxy S27 Ultra में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर मिल सकता है। वहीं Galaxy S27 Pro में Snapdragon 8 Elite Gen 6 चिपसेट दिए जाने की उम्मीद है।
दूसरी तरफ Galaxy S27+ में सैमसंग का अपना Exynos 2700 प्रोसेसर मिल सकता है। हालांकि, फिलहाल यह जानकारी यूरोप में लॉन्च होने वाले मॉडल के लिए सामने आई है।
फिलहाल ये सभी जानकारियां लीक पर आधारित हैं। फोन के असली डिजाइन, प्रोसेसर और दूसरे फीचर्स की पुष्टि सैमसंग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।