अब नहीं टूटेगी फोल्डेबल फोन की स्क्रीन! Flex Titanium तकनीक से खत्म होगी ये बड़ी झंझट

सैमसंग ने अपनी नई Flex Titanium तकनीक पेश की है, जो फोल्डेबल फोन की स्क्रीन को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने का दावा करती है। कंपनी के मुताबिक इससे स्क्रीन की क्रीज लगभग गायब होगी, बैटरी की खपत कम होगी और फोन की मजबूती भी बढ़ेगी। यह तकनीक जल्द आने वाले Galaxy Unpacked इवेंट में देखने को मिल सकती है।

Advertisement
Source: Samsung Newsroom

In Short

  • Samsung की नई Flex Titanium तकनीक फोल्डेबल फोन की स्क्रीन को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने और क्रीज कम करने का दावा करती है।
  • प्लास्टिक की जगह टाइटेनियम की परतों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे स्क्रीन को बेहतर सपोर्ट और ज्यादा टिकाऊपन मिलेगा।
  • नई डिस्प्ले तकनीक बैटरी की खपत भी कम करेगी, और इसे जल्द होने वाले Galaxy Unpacked इवेंट में पेश किए जाने की उम्मीद है।

By Aryan Sharma:

Samsung Flex Titanium: अगर आप भी इस डर से फोल्डेबल फोन नहीं खरीदते कि उसकी स्क्रीन बीच से टूट जाएगी या फिर बीच में दिखने वाली वो अजीब सी लाइन (क्रीज) आपको खटकती है, तो सैमसंग आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी लाया है।

सैमसंग ने एक नई तकनीक का ऐलान किया है, जिसका नाम 'फ्लेक्स टाइटेनियम' (Flex Titanium) है। इसे सैमसंग के आने वाले नए फोल्डेबल फोन्स के लिए बनाया गया है। आसान शब्दों में कहें तो सैमसंग ने स्क्रीन के अंदर से प्लास्टिक हटाकर उसकी जगह बेहद मजबूत टाइटेनियम मेटल का इस्तेमाल किया है।

कंपनी का दावा है कि इससे फोन की स्क्रीन पहले से कई गुना ज्यादा मजबूत हो जाएगी और बीच में दिखने वाली लाइन भी लगभग गायब हो जाएगी। चलिए समझते हैं कि यह नई तकनीक कैसे काम करती है।

स्क्रीन के अंदर का 'टाइटेनियम सैंडविच'

फोन की स्क्रीन के नीचे जो आम प्लास्टिक की परतें होती थीं, उन्हें हटाकर सैमसंग ने एक नया तरीका निकाला है। अब स्क्रीन के नीचे टाइटेनियम की दो परतें लगाई गई हैं:

1) टाइटेनियम-अलॉय फिल्म: यह स्क्रीन के ठीक नीचे होती है। सैमसंग का कहना है कि यह प्लास्टिक के मुकाबले 20 गुना ज्यादा मजबूत है। यानी अगर फोन हाथ से गिर जाए या स्क्रीन पर जोर से उंगली दब जाए, तो भी अंदर की स्क्रीन को कुछ नहीं होगा। यह इतनी पतली है कि इंसान के बाल से भी तीन गुना ज्यादा बारीक है, ताकि फोन मोटा न हो।

2) टाइटेनियम प्लेट: यह प्लेट स्क्रीन को नीचे से सहारा देती है। अब आप सोचेंगे कि मेटल (धातु) मुड़ेगा कैसे? इसके लिए सैमसंग ने चालाकी की है—प्लेट के बीच वाले हिस्से में (जहां से फोन मुड़ता है) बेहद बारीक, न दिखने वाले छेद किए हैं। जब आप फोन बंद करते हैं, तो ये छेद मेटल को आसानी से मुड़ने देते हैं। और जब आप फोन खोलते हैं, तो यह नीचे से स्क्रीन को एकदम सीधा और कड़ा सपोर्ट देती है, जिससे बीच की लाइन (क्रीज) दिखना बंद हो जाती है।

बैटरी चलेगी ज्यादा

इस तकनीक का असली काम तो स्क्रीन को मजबूत और सीधा बनाना था, लेकिन इससे एक और बड़ा फायदा हो गया है। इस नई स्क्रीन में कुछ ऐसे नए मटेरियल इस्तेमाल किए गए हैं, जो वीडियो और फोटो तो एकदम चमकदार और साफ दिखाएंगे, लेकिन फोन की बैटरी बहुत कम खर्च करेंगे। यानी अब आपके फोन की बैटरी भी ज्यादा चलेगी।

यह फोन कब तक मिलेगा?

सैमसंग ने अभी तक उन फोन्स के नाम तो नहीं बताए हैं जिनमें यह स्क्रीन आ रही है, लेकिन यह पक्का कर दिया है कि कंपनी के अगले गैलेक्सी अनपैक्ड (Galaxy Unpacked) इवेंट में इन नए टाइटेनियम स्क्रीन वाले फोल्डेबल फोन्स को लॉन्च कर दिया जाएगा।

Read more!
Advertisement