RailOne vs IRCTC: किस ऐप से तत्काल टिकट कंफर्म होने की ज्यादा संभावना? जानें दोनों में अंतर

तत्काल ट्रेन टिकट बुक करते समय अक्सर यात्रियों को कंफर्म सीट नहीं मिल पाती है। रेलवे के नए RailOne ऐप की बढ़ती लोकप्रियता के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या यह IRCTC Rail Connect से बेहतर है। जानिए दोनों ऐप में क्या अंतर है और कैसे बढ़ सकती है कंफर्म टिकट मिलने की संभावना।

Advertisement

In Short

  • RailOne और IRCTC Rail Connect एक ही रेलवे रिजर्वेशन सिस्टम से जुड़े हैं।
  • RailOne ऐप पर रेलवे की कई सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं।
  • तत्काल टिकट कंफर्म होने में ऐप से ज्यादा बुकिंग की तैयारी मायने रखती है।

By Urvashi Raghav:

त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं। ऐसे में कई बार वापसी का ट्रेन टिकट पहले से बुक नहीं हो पाता है। इस स्थिति में यात्रियों के पास तत्काल टिकट बुक करने का विकल्प होता है। हालांकि, तत्काल टिकट बुक करना भी आसान नहीं है। कई लोकप्रिय ट्रेनों में बुकिंग शुरू होने के कुछ ही सेकंड में सीटें भर जाती हैं।

अब भारतीय रेलवे का नया RailOne ऐप यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि RailOne और IRCTC Rail Connect में से किस ऐप से तत्काल टिकट कंफर्म होने की ज्यादा संभावना है।

दोनों ऐप पर एक जैसी सीटें उपलब्ध

RailOne और IRCTC Rail Connect दोनों रेलवे के एक ही रिजर्वेशन सिस्टम से जुड़े हैं। इसका मतलब है कि दोनों ऐप पर तत्काल टिकट के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या एक जैसी होती है। ऐसे में सिर्फ ऐप बदलने से कंफर्म टिकट मिलने की संभावना नहीं बढ़ती है। हालांकि, दोनों ऐप के इस्तेमाल करने के अनुभव में अंतर जरूर है।

RailOne ऐप में क्या है खास?

RailOne ऐप का इंटरफेस आधुनिक और सरल है। नए यूजर्स को इसमें टिकट बुकिंग के विकल्प और रेलवे से जुड़ी अन्य सेवाएं आसानी से मिल जाती हैं। इस ऐप पर रेलवे की कई सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं। हालांकि, इसका नया डिजाइन होने का मतलब यह नहीं है कि इससे तत्काल टिकट ज्यादा तेजी से बुक होगा। इस ऐप का सबसे बड़ा फायदा इस्तेमाल करने में आसानी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

IRCTC Rail Connect कितना फायदेमंद?

IRCTC Rail Connect का डिजाइन भले ही पुराना हो, लेकिन लाखों यात्री इसके इस्तेमाल से परिचित हैं। इसमें तत्काल टिकट बुकिंग के लिए सभी जरूरी फीचर्स मौजूद हैं। जिन यात्रियों ने पहले से पैसेंजर डिटेल्स, पेमेंट ऑप्शन और यात्रा से जुड़ी प्राथमिकताएं सेव कर रखी हैं, उनके लिए इस ऐप से टिकट बुक करना आसान हो सकता है।

तत्काल टिकट कंफर्म होने की संभावना कैसे बढ़ाएं?

तत्काल टिकट बुक करने के लिए ऐप से ज्यादा आपकी तैयारी मायने रखती है। बुकिंग शुरू होने से पहले लॉगिन कर लें। यात्रियों की जानकारी तैयार रखें और अच्छे इंटरनेट कनेक्शन का इस्तेमाल करें। इसके अलावा UPI जैसे तेज पेमेंट ऑप्शन को भी तैयार रखें। बता दें कि AC क्लास के लिए तत्काल टिकट बुकिंग सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11 बजे शुरू होती है।

आखिर कौन सा ऐप है बेहतर?

अगर आपको आधुनिक डिजाइन और एक ही ऐप पर रेलवे की कई सेवाएं चाहिए तो RailOne बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं, अगर आप पहले से IRCTC Rail Connect का इस्तेमाल करते हैं तो ऐप बदलने की जरूरत नहीं है। तत्काल टिकट कंफर्म कराने में ऐप के चुनाव से ज्यादा आपकी तैयारी और बुकिंग की स्पीड मायने रखती है।

Read more!
Advertisement