Qualcomm में नौकरी जाने के पीछे ऑफिस पॉलिटिक्स? रिपोर्ट में 47.7% चर्चाओं से सामने आई बड़ी चिंता

Qualcomm की भारत में हालिया छंटनी को लेकर कर्मचारियों के बीच सवाल बढ़ रहे हैं। वर्कप्लेस प्लेटफॉर्म Blind के विश्लेषण में कंपनी से जुड़ी 47.7% छंटनी संबंधी चर्चाओं में ऑफिस पॉलिटिक्स या पक्षपात का जिक्र मिला है। कुछ कर्मचारियों ने परफॉर्मेंस रेटिंग और मैनेजरों के फैसलों पर भी सवाल उठाए हैं। जानिए रिपोर्ट में क्या सामने आया और दूसरी टेक कंपनियों से इसकी तुलना कैसे होती है।

Advertisement
Qualcomm के कर्मचारी सवाल उठा रहे हैं कि छंटनी के लिए लोगों का चयन किस आधार पर किया गया।
Qualcomm के कर्मचारी सवाल उठा रहे हैं कि छंटनी के लिए लोगों का चयन किस आधार पर किया गया।

In Short

  • Qualcomm से जुड़ी 47.7% छंटनी संबंधी चर्चाओं में पक्षपात या ऑफिस पॉलिटिक्स का जिक्र।
  • Blind के डेटासेट में Qualcomm की 87% चर्चाएं भारत से सामने आईं।
  • कुछ कर्मचारियों ने मैनेजरों की पसंद-नापसंद और परफॉर्मेंस रेटिंग पर सवाल उठाए।

By Shakshi:

अमेरिकी चिप बनाने वाली कंपनी Qualcomm की भारत में हालिया छंटनी को लेकर कर्मचारियों के बीच नाराजगी और सवाल बढ़ रहे हैं। कर्मचारियों के ऑनलाइन डिस्कशन में यह मुद्दा सामने आया है कि नौकरी से निकाले जाने वाले लोगों का चयन किस आधार पर किया गया। क्या इसके पीछे कर्मचारियों की परफॉर्मेंस और कंपनी की लागत घटाने की रणनीति थी या फिर मैनेजर की पसंद-नापसंद और ऑफिस पॉलिटिक्स ने भी भूमिका निभाई?

वर्कप्लेस प्लेटफॉर्म Blind के AI आधारित विश्लेषण में सामने आया है कि Qualcomm से जुड़ी छंटनी संबंधी चर्चाओं में से 47.7% में ऑफिस पॉलिटिक्स या पक्षपात का जिक्र किया गया। People Matters की रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंकड़ा दूसरी बड़ी टेक कंपनियों की तुलना में ज्यादा है।

Qualcomm में 1000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की रिपोर्ट

पिछली रिपोर्ट्स के मुताबिक, Qualcomm की हालिया छंटनी से 1,000 से ज्यादा कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। हालांकि, कंपनी ने न तो प्रभावित कर्मचारियों की आधिकारिक संख्या बताई है और न ही यह स्पष्ट किया है कि छंटनी के लिए कर्मचारियों का चयन किन मानकों के आधार पर किया गया।

इसी बीच Blind पर कर्मचारियों की चर्चाओं में मैनेजर के फैसलों और चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Meta और Microsoft से ज्यादा पक्षपात की चर्चा

Blind ने Qualcomm, Meta, Microsoft और Uber से जुड़ी छंटनी संबंधी चर्चाओं का विश्लेषण किया।

इसमें Qualcomm की 47.7% चर्चाओं में ऑफिस पॉलिटिक्स या पक्षपात का जिक्र मिला, जबकि 34.2% में लागत या परफॉर्मेंस से जुड़े कारण सामने आए।

Meta में पक्षपात का जिक्र 28.6% और लागत या परफॉर्मेंस का 47.6% चर्चाओं में हुआ। Microsoft में 28% चर्चाओं में पक्षपात की बात सामने आई।

वहीं, Uber में 21.1% चर्चाओं में ऑफिस पॉलिटिक्स या पक्षपात और 47.4% में लागत या परफॉर्मेंस का जिक्र किया गया।

इस तुलना में Qualcomm में पक्षपात संबंधी चर्चाओं का अनुपात सबसे ज्यादा रहा। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इतने कर्मचारियों के साथ वास्तव में पक्षपात हुआ या छंटनी का कारण पक्षपात ही था।

भारत से आईं 87% चर्चाएं

रिपोर्ट का एक अहम पहलू यह भी है कि Blind के डेटासेट में Qualcomm से जुड़ी 87% चर्चाएं भारत से सामने आईं, जबकि केवल 13% अमेरिका से थीं।

कुछ कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मैनेजर अपने गृह नगर, भाषा या पिछली कंपनियों में साथ काम कर चुके लोगों को प्राथमिकता दे रहे थे।

कुछ ने परफॉर्मेंस रेटिंग पर भी सवाल उठाए। उनका दावा था कि व्यक्तिगत मतभेदों का असर कर्मचारियों की रेटिंग पर पड़ सकता है।

मेडिकल और मैटरनिटी लीव पर कर्मचारियों ने भी उठाए सवाल

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ रिमोट कर्मचारियों और मेडिकल या मैटरनिटी लीव पर रहे कर्मचारियों ने भी छंटनी में निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया।

Blind पर एक कर्मचारी ने दावा किया कि उसने छंटनी से कुछ सप्ताह पहले अपने मैनेजर के खिलाफ HR से शिकायत की थी। बाद में नौकरी जाने पर कर्मचारी ने सवाल उठाया कि क्या उस शिकायत ने चयन के फैसले को प्रभावित किया।

हालांकि, ये कर्मचारियों के आरोप हैं और स्वतंत्र रूप से इनकी पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में ऐसा कोई निर्णायक प्रमाण नहीं दिया गया है जिससे साबित हो कि Qualcomm की छंटनी में मैनेजर के पक्षपात के आधार पर फैसले लिए गए।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कंपनी कर्मचारियों के चयन की प्रक्रिया को लेकर उठ रही चिंताओं का समाधान कैसे करती है।

Read more!
Advertisement