Oppo ने पेश किया ColorOS 17! फोन चलाने का बदल जाएगा अंदाज, मिलेंगे ये शानदार फीचर्स
Oppo ने नया ColorOS 17 पेश कर दिया है, जिसमें डिजाइन से लेकर AI फीचर्स तक कई बड़े बदलाव किए गए हैं। नया अपडेट फोन चलाने के अनुभव को और बेहतर बनाने का दावा करता है। इसमें AI फोटो एडिटिंग, लाइव ट्रांसलेशन और स्कैम डिटेक्शन जैसे फीचर्स मिलेंगे। जानिए ColorOS 17 में और क्या खास है।

In Short
- Oppo ColorOS 17 में नया Fluid Design और कई AI-पावर्ड फीचर्स दिए गए हैं।
- Oppo ने AI Photo Editor, लाइव ट्रांसलेशन और स्कैम डिटेक्शन जैसे फीचर्स जोड़े हैं।
- Oppo ColorOS 17 का चीन में स्टेबल रोलआउट 8 अक्टूबर से शुरू होगा, भारत की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
Oppo ने अपने स्मार्टफोन यूजर्स के लिए नया ColorOS 17 पेश किया है। Android 17 पर बेस्ड इस सॉफ्टवेयर को 17 सितंबर को चीन में पेश किया गया। खास बात यह है कि यह पहला ColorOS वर्जन है जिसे Oppo, OnePlus और Realme डिवाइस के साथ शेयर किया जाएगा।
नए अपडेट में फोन के डिजाइन से लेकर AI फीचर्स तक कई बदलाव किए गए हैं। इसमें फ्लोटिंग नेविगेशन बार, नए लॉक स्क्रीन स्टाइल, AI फोटो एडिटिंग, लाइव ट्रांसलेशन और स्कैम डिटेक्शन जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी ने ऐप परफॉर्मेंस और बैकग्राउंड मेमोरी मैनेजमेंट बेहतर होने का भी दावा किया है।
ColorOS 17 में मिला नया Fluid Design
ColorOS 17 में कंपनी ने Fluid Design पेश किया है। इसमें फ्लोटिंग पिल-शेप्ड नेविगेशन बार, रिस्पॉन्सिव एनिमेशन और फ्रॉस्टेड-ग्लास जैसा लुक मिलता है। यह डिजाइन Control Centre, Media Player, Notes, Files और लॉक स्क्रीन जैसे कई हिस्सों में दिखाई देगा।
लॉक स्क्रीन में तीन नए क्लॉक स्टाइल भी जोड़े गए हैं, जिससे यूजर्स फोन की स्क्रीन को अलग अंदाज दे सकेंगे।
AI से फोटो एडिट करना होगा आसान
ColorOS 17 में कई AI फीचर्स जोड़े गए हैं। AI Photo Editor की मदद से फोटो में मौजूद ऑब्जेक्ट हटाए जा सकते हैं और मोशन ब्लर को कम किया जा सकता है। रेफरेंस इमेज की मदद से फोटो के कलर, लाइटिंग और स्किन टोन में भी बदलाव किया जा सकेगा।
AI Memory Gallery फोटो को स्टोरीटेलिंग फोटो ब्लॉग में बदल सकती है। वहीं AI Notes मीटिंग को सुनकर जानकारी व्यवस्थित कर सकता है और एडिट किए जा सकने वाले डायग्राम तैयार कर सकता है।
रियल टाइम ट्रांसलेशन की सुविधा
चीन में Xiao Bu असिस्टेंट टास्क ट्रैक करने और ट्रैवल प्लान तैयार करने जैसे काम कर सकता है। कंपनी के मुताबिक यह 700 से ज्यादा सिनेरियो को हैंडल कर सकता है। कम्पैटिबल Oppo ईयरफोन में रियल टाइम बातचीत का ट्रांसलेशन भी मिलेगा।
परफॉर्मेंस में कितना सुधार?
ColorOS 17 का Tidal Engine ऐप इस्तेमाल करने के पैटर्न को समझकर रिसोर्स मैनेज करता है। Oppo का दावा है कि इससे बैकग्राउंड ऐप रिटेंशन 55.6% बेहतर, ऐप लॉन्च स्टेबिलिटी 35% बेहतर और थर्ड-पार्टी फोटो गैलरी में स्क्रॉलिंग और लोडिंग 50% तेज हो सकती है।
Polar Light Engine ऐप लॉन्च के दौरान मेमोरी इस्तेमाल को 25% और रेंडरिंग लोड को 30% तक कम कर सकता है।
स्कैम से बचाने के लिए नए फीचर्स
सिक्योरिटी के लिए AI Cross-App Anti-Fraud, Face-Swapping Detection और Call Anti-Fraud जैसे फीचर्स दिए गए हैं। Car+ के जरिए नेविगेशन को कार डिस्प्ले पर ट्रांसफर किया जा सकेगा। वहीं वॉच में एयर जेस्चर, रिमोट कैमरा कंट्रोल, FatMax और Sports Fluid Cloud जैसे फीचर्स मिलेंगे।
ColorOS 17 सबसे पहले Oppo Find X10 सीरीज, OnePlus 16 और Oppo Watch S2 में मिलेगा। चीन में इसका स्टेबल रोलआउट 8 अक्टूबर से शुरू होगा और दिसंबर तक दूसरे डिवाइस तक पहुंचेगा। फिलहाल Oppo ने ग्लोबल या भारत में इसके रोलआउट की तारीख का ऐलान नहीं किया है।