दिनभर करते हैं ChatGPT का इस्तेमाल? OpenAI के इस बदलाव से बढ़ सकती है पेड यूजर्स की परेशानी

चैटजीपीटी इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए OpenAI ने एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी का मकसद AI टूल का इस्तेमाल पहले से आसान बनाना है। हालांकि, इस बदलाव ने पेड सब्सक्राइबर्स की चिंता बढ़ा दी है। जानें नए अपडेट का यूजर्स पर क्या असर पड़ेगा और किन सुविधाओं में बदलाव होगा।

Advertisement

In Short

  • OpenAI ने शुरू किया Chat और Work मोड को मिलाने का काम।
  • ज्यादा इस्तेमाल करने वाले पेड यूजर्स की जल्दी खत्म हो सकती है लिमिट।
  • दिसंबर में ज्यादा यूजर्स तक नया अपडेट पहुंचाने की तैयारी।

By Urvashi Raghav:

अगर आप भी दिनभर चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हैं और ऑफिस के छोटे-बड़े कामों के लिए इस AI टूल पर निर्भर हैं तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। OpenAI ने चैटजीपीटी के Chat और Work मोड को एक साथ मिलाने की शुरुआत कर दी है। इस बदलाव से यूजर्स को एक ही जगह पर कई सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि, ज्यादा इस्तेमाल करने वाले पेड यूजर्स की लिमिट पहले के मुकाबले जल्दी खत्म हो सकती है।

फिलहाल यह अपडेट कुछ ChatGPT Pro सब्सक्राइबर्स के लिए जारी किया जा रहा है। OpenAI के प्रोडक्ट लीड थिबॉल्ट सॉटियॉक्स ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी पुष्टि की। कंपनी दिसंबर में इस बदलाव को और ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाने की तैयारी में है।

ChatGPT में क्या बदल जाएगा?

अभी तक चैटजीपीटी में सामान्य सवाल पूछने, कंटेंट लिखने और छोटे-मोटे कामों के लिए Chat मोड का इस्तेमाल होता था। वहीं, रिसर्च, फाइलों और अन्य ऐप्स से जुड़े बड़े कामों के लिए Work मोड उपलब्ध था। अब यूजर्स एक ही जगह पर वेबसाइट बनाने, प्रेजेंटेशन तैयार करने और रिसर्च जैसे काम कर सकेंगे। हालांकि, चैटजीपीटी के डेस्कटॉप ऐप में Codex अलग ही रहेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

जल्दी खत्म हो सकती है इस्तेमाल की लिमिट

पहले Chat और Work मोड के इस्तेमाल की लिमिट अलग-अलग थी। अब दोनों के लिए एक ही लिमिट होगी। यूजर्स कौन-सा AI मॉडल इस्तेमाल करते हैं और उनका काम कितना मुश्किल है, इसके आधार पर लिमिट खर्च होगी। एडवांस AI मॉडल और मुश्किल कामों के लिए ज्यादा लिमिट खर्च होगी।

OpenAI के प्रवक्ता के मुताबिक, ज्यादातर यूजर्स को इस बदलाव से परेशानी नहीं होगी। हालांकि, बहुत ज्यादा चैटजीपीटी इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स की लिमिट पहले से जल्दी खत्म हो सकती है।

लिमिट खत्म होने पर क्या करेंगे यूजर्स?

राहत की बात यह है कि Instant मॉडल पर चैट करना अनलिमिटेड रहेगा। इसका इस्तेमाल साझा लिमिट में नहीं गिना जाएगा। यूजर्स Settings में जाकर Usage सेक्शन में अपनी बची हुई लिमिट और उसके रीसेट होने का समय देख सकेंगे। लिमिट खत्म होने पर यूजर्स रीसेट का इंतजार कर सकते हैं, प्लान अपग्रेड कर सकते हैं या चुनिंदा सुविधाओं के लिए अतिरिक्त क्रेडिट खरीद सकते हैं।

पेड यूजर्स क्यों हैं नाराज?

सोशल मीडिया और OpenAI के कम्युनिटी फोरम पर कई सब्सक्राइबर्स ने इस बदलाव का विरोध किया है। उन्हें चिंता है कि पहले जितनी ही सब्सक्रिप्शन फीस देने के बावजूद एडवांस AI मॉडल इस्तेमाल करने का मौका कम मिलेगा।

AI कंपनियां क्यों कर रही हैं ऐसा बदलाव?

सितंबर में Anthropic ने भी अपने Claude चैटबॉट और Cowork टूल को एक साथ मिलाया था। एडवांस AI मॉडल की बढ़ती मांग, इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च और कंप्यूटिंग संसाधनों पर दबाव के चलते कंपनियां ज्यादा इस्तेमाल करने वाले यूजर्स की लिमिट पर नियंत्रण बढ़ा रही हैं।

Read more!
Advertisement