सैम ऑल्टमैन से भी ज्यादा अमीर है OpenAI का ये शख्स, जानिए कैसे बनाई इतनी दौलत
OpenAI का नाम आते ही सैम ऑल्टमैन का चेहरा सामने आता है, लेकिन कंपनी में एक ऐसा शख्स भी है जिसकी दौलत उनसे कई गुना ज्यादा है। कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले इस शख्स ने आखिर कैसे खड़ा किया 2.3 लाख करोड़ रुपये का साम्राज्य? जानिए पूरी कहानी।

In Short
- OpenAI के को-फाउंडर ग्रेग ब्रॉकमैन पहली बार फोर्ब्स 400 की लिस्ट में शामिल हुए हैं।
- ब्रॉकमैन की अनुमानित दौलत 25.5 अरब डॉलर यानी करीब 2.3 लाख करोड़ रुपये है।
- सैम ऑल्टमैन की अनुमानित नेटवर्थ करीब 3.3 अरब डॉलर है, जो ब्रॉकमैन की दौलत से काफी कम है।
OpenAI का नाम सुनते ही सबसे पहले कंपनी के CEO सैम ऑल्टमैन का नाम दिमाग में आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी कंपनी में एक ऐसा शख्स भी है, जिसकी दौलत सैम ऑल्टमैन से कई गुना ज्यादा है? हम बात कर रहे हैं OpenAI के को-फाउंडर ग्रेग ब्रॉकमैन (Greg Brockman) की। ब्रॉकमैन पहली बार फोर्ब्स 400 की लिस्ट में शामिल हुए हैं। उनकी अनुमानित दौलत 25.5 अरब डॉलर यानी करीब 2.3 लाख करोड़ रुपये है। आखिर ब्रॉकमैन ने इतनी बड़ी दौलत कैसे बनाई और OpenAI में उनकी कितनी हिस्सेदारी है? आइए जानते हैं।
फोर्ब्स 400 में पहली बार मिली जगह
फोर्ब्स के मुताबिक, ग्रेग ब्रॉकमैन 2026 की फोर्ब्स 400 लिस्ट में शामिल होने वाले सबसे अमीर नए सदस्य हैं। इस लिस्ट में वह अमेरिका के 45वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
उनकी ज्यादातर दौलत OpenAI में उनकी हिस्सेदारी से आती है। कोर्ट में दिए गए एक बयान के मुताबिक, कंपनी में ब्रॉकमैन की हिस्सेदारी की वैल्यू 20 अरब डॉलर से ज्यादा और करीब 30 अरब डॉलर तक हो सकती है।
सैम ऑल्टमैन से कितने ज्यादा अमीर हैं ब्रॉकमैन?
OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन की अनुमानित नेटवर्थ करीब 3.3 अरब डॉलर है। वहीं, ब्रॉकमैन की दौलत 25.5 अरब डॉलर है। यानी दौलत के मामले में ब्रॉकमैन, ऑल्टमैन से कई गुना आगे हैं।
इस अंतर की एक बड़ी वजह यह है कि सैम ऑल्टमैन के पास OpenAI में सीधी इक्विटी नहीं है, जबकि ब्रॉकमैन की ज्यादातर संपत्ति कंपनी में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ी हुई है।
हार्वर्ड और MIT में पढ़ाई छोड़ी, फिर Stripe से जुड़े
ग्रेग ब्रॉकमैन का सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने हार्वर्ड में पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन एक साल बाद कॉलेज छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने MIT में भी पढ़ाई की, हालांकि वहां भी अपनी डिग्री पूरी नहीं की।
पढ़ाई छोड़ने के बाद ब्रॉकमैन Stripe से जुड़े और कंपनी के शुरुआती कर्मचारियों में शामिल रहे।
OpenAI ने कैसे बदल दी ब्रॉकमैन की किस्मत?
साल 2015 में ब्रॉकमैन ने Stripe छोड़ दिया और OpenAI की शुरुआत करने वाले लोगों में शामिल हो गए। शुरुआती दिनों में वह कंपनी के टेक्निकल सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम कर रहे थे।
ChatGPT के आने के बाद OpenAI की पहचान पूरी दुनिया में बढ़ी। इसके साथ ही कंपनी में ब्रॉकमैन की हिस्सेदारी की वैल्यू भी तेजी से बढ़ने लगी।
फोर्ब्स के मुताबिक, OpenAI की वैल्यूएशन करीब 852 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है। इसी वजह से ब्रॉकमैन की नेटवर्थ भी अरबों डॉलर तक पहुंच गई।
कभी 1 अरब डॉलर कमाने का देखा था सपना
ब्रॉकमैन ने एक समय अपनी डायरी में लिखा था कि वह 1 अरब डॉलर कैसे कमाएंगे। आज उनकी अनुमानित दौलत 25 अरब डॉलर से भी ज्यादा है। OpenAI की सफलता ने न सिर्फ कंपनी के शुरुआती AI की दुनिया बदली, बल्कि लोगों की दौलत भी कई गुना बढ़ा दी।