OpenAI और Apple के बीच बढ़ा विवाद! पूर्व कर्मचारी पर 100 से ज्यादा सीक्रेट फाइलें चुराने का आरोप

OpenAI और Apple के बीच एक नए विवाद ने टेक इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी है। मामला एक पूर्व कर्मचारी और कंपनी के गोपनीय दस्तावेजों से जुड़ा है। OpenAI ने कोर्ट में गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि एप्पल ने इनसे इनकार किया है। आखिर क्या है पूरा मामला?

Advertisement

In Short

  • OpenAI ने एप्पल में काम कर रहे अपने पूर्व कर्मचारी पर 100 से ज्यादा गोपनीय फाइलें चुराने का आरोप लगाया।
  • एप्पल ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि जांच में अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
  • दोनों कंपनियों के बीच कानूनी विवाद जारी है और मामले का ट्रायल अक्टूबर 2027 में हो सकता है।

By Gungun Mishra:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया की दो बड़ी कंपनियों OpenAI और Apple के बीच कानूनी विवाद बढ़ता जा रहा है। OpenAI ने अपने एक पूर्व कर्मचारी पर कंपनी के गोपनीय दस्तावेज चुराने का आरोप लगाया है। यह कर्मचारी अब एप्पल में काम करता है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारी ने एक ऐसे प्रोडक्ट से जुड़ी 100 से ज्यादा फाइलें अपने निजी अकाउंट में भेजी थीं, जिसे अभी तक लॉन्च नहीं किया गया है। हालांकि, एप्पल ने इन आरोपों से इनकार किया है।

OpenAI ने कोर्ट में क्या आरोप लगाए?

OpenAI ने अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन होजे की फेडरल कोर्ट में नई फाइलिंग दाखिल की है। कंपनी का आरोप है कि उसका पूर्व कर्मचारी गोपनीय जानकारी एप्पल तक लेकर गया और वहां के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने प्रोडक्ट से जुड़ा प्रेजेंटेशन भी दिया।

OpenAI ने कोर्ट में कहा कि उसे इस बात की गंभीर चिंता है कि उसकी गोपनीय जानकारी और ट्रेड सीक्रेट अब एप्पल के अंदर पहुंच चुके हैं। कंपनी को डर है कि एप्पल के इंजीनियर इस जानकारी का इस्तेमाल अपने आने वाले प्रोडक्ट्स को विकसित करने में कर सकते हैं।

Apple के HomeView प्रोडक्ट का भी जिक्र

OpenAI ने अपनी फाइलिंग में दावा किया कि कर्मचारी ने यह प्रेजेंटेशन कई महीने पहले दिया था। कंपनी ने एप्पल के हाल ही में लॉन्च हुए HomeView प्रोडक्ट का भी जिक्र किया है।

हालांकि, एप्पल ने इन आरोपों को खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि उसकी जांच में अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे OpenAI के आरोपों की पुष्टि हो सके।

प्रतीकात्मक तस्वीर

दो निजी फोन नंबरों पर फाइलें भेजने का आरोप

इस मामले में दो निजी फोन नंबर भी सामने आए हैं। आरोप है कि इन नंबरों पर एक अनरिलीज्ड प्रोडक्ट से जुड़ी फाइलें भेजी गई थीं।

हालांकि, एप्पल के वकीलों ने कोर्ट में कहा कि ये दोनों नंबर उस फोन नंबर से मेल नहीं खाते, जिसका इस्तेमाल संबंधित कर्मचारी एप्पल में काम के लिए करता है।

एप्पल ने यह भी बताया कि कंपनी में ऐसे नियम और प्रक्रियाएं मौजूद हैं, जिनका मकसद कर्मचारियों को पिछली कंपनियों के ट्रेड सीक्रेट या गोपनीय दस्तावेज लाने से रोकना है। इसके बावजूद एप्पल ने कहा है कि वह आरोपों की आगे जांच में OpenAI का सहयोग करेगी।

अक्टूबर 2027 में शुरू हो सकता है ट्रायल

दिलचस्प बात यह है कि एप्पल ने भी अपने एक पूर्व कर्मचारी पर इसी तरह के आरोप लगाए हैं, जो अब OpenAI में काम करता है। एप्पल का आरोप है कि उस कर्मचारी ने कंपनी के ट्रेड सीक्रेट चुराए थे।

फिलहाल दोनों कंपनियों के बीच कानूनी लड़ाई जारी है। इस मामले में ट्रायल अस्थायी रूप से अक्टूबर 2027 के लिए निर्धारित है। हालांकि, OpenAI ने कोर्ट में संकेत दिया है कि वह जून 2027 से ही सुनवाई के लिए तैयार हो सकती है। अभी आरोपों की जांच जारी है और अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।

Read more!
Advertisement