AI एजेंट की हरकत से बढ़ी चिंता, OpenAI सिस्टम ने ऑस्ट्रेलिया के सरकारी डेटा पोर्टल तक बनाई पहुंच
OpenAI के एक AI एजेंट द्वारा ऑस्ट्रेलिया के सरकारी हेल्थ डेटा पोर्टल तक पहुंच बनाने का मामला सामने आया है। सरकार ने इसे गंभीर सुरक्षा चिंता बताया है, हालांकि निजी मेडिकल जानकारी के एक्सेस होने के सबूत नहीं मिले हैं। इस घटना के बाद दुनिया भर में AI एजेंट्स की निगरानी और सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

In Short
- OpenAI AI एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया के सरकारी पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच बनाई।
- घटना के बाद AI एजेंट सुरक्षा और निगरानी पर बहस तेज हुई।
- सरकार ने कहा निजी मेडिकल डेटा एक्सेस होने के सबूत नहीं मिले।
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने दावा किया है कि OpenAI के एक AI एजेंट ने जून में एक सरकारी हेल्थ डेटा पोर्टल तक बिना अनुमति पहुंच बनाई। इस घटना के बाद AI एजेंट्स की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अभी तक सरकारी नेटवर्क के बड़े स्तर पर प्रभावित होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
AI एजेंट ने सरकारी पोर्टल तक कैसे बनाई पहुंच
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार सरकारी नेटवर्क में कोई बड़ा नुकसान या व्यापक सेंध नहीं लगी है।
जिस पोर्टल पर यह घटना हुई, उसमें सार्वजनिक स्वास्थ्य आंकड़े और मेडिकल खर्च से जुड़ी जानकारी मौजूद थी। अधिकारियों के मुताबिक, इसमें लोगों की निजी मेडिकल जानकारी शामिल नहीं थी।
अल्बानीज ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया सरकार ने OpenAI CEO सैम ऑल्टमैन के सामने इस मामले को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने OpenAI को घटना की जानकारी देने में हुई देरी पर भी सवाल उठाए। सरकार को इस गतिविधि की जानकारी 10 सितंबर को मिली, जबकि यह घटना जून में हुई थी।
ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी अब यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या AI एजेंट ने अन्य सरकारी वेबसाइट्स तक पहुंचने की कोशिश की थी। तीन अन्य सरकारी प्लेटफॉर्म की भी समीक्षा की जा रही है, हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वहां से कोई डेटा एक्सेस किया गया था।
OpenAI ने कहा निजी मेडिकल जानकारी तक नहीं पहुंची AI
OpenAI ने अपनी जांच में कहा कि मरीजों के रिकॉर्ड या संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी तक पहुंच के कोई सबूत नहीं मिले हैं। कंपनी के मुताबिक, AI एजेंट ने केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य आंकड़ों और कुछ आंतरिक फाइल नामों से जुड़ी जानकारी तक पहुंच बनाई थी।
OpenAI ने कहा कि उसके मॉडल ने कुछ ऐसे कदम उठाए जो कंपनी की मंशा के अनुसार नहीं थे। कंपनी के अनुसार, AI सिस्टम बाहरी वेबसाइट्स और सेवाओं से जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहा था।
यह मामला AI एजेंट्स की बढ़ती क्षमता को लेकर दुनिया भर में चल रही बहस के बीच सामने आया है। अब सरकारें और टेक कंपनियां इस बात पर ध्यान दे रही हैं कि ज्यादा सक्षम AI सिस्टम को कैसे सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जाए और उन्हें अनधिकृत पहुंच से कैसे रोका जाए।