OnePlus यूजर्स ध्यान दें! AI फीचर्स का अनलिमिटेड इस्तेमाल नहीं होगा मुफ्त, कंपनी ने बताया नया नियम

OnePlus ने ColorOS 17 में मिलने वाले AI फीचर्स को लेकर बड़ी जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, कुछ AI फीचर्स का इस्तेमाल हमेशा मुफ्त नहीं रहेगा। इसके अलावा फोन ऐप, फोटो एडिटिंग और लॉक स्क्रीन में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जानें यूजर्स को क्या फायदा होगा।

Advertisement

In Short

  • ColorOS 17 में कुछ AI फीचर्स के मुफ्त इस्तेमाल की होगी लिमिट।
  • AI Photo Agent फीचर लाने की तैयारी कर रही है OnePlus।
  • फोन ऐप और कैलेंडर समेत कई फीचर्स में बदलाव की संभावना।

By Shraddha Shukla:

स्मार्टफोन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस  का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। स्मार्टफोन कंपनियां भी यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पेश कर रही हैं। इसी बीच OnePlus ने अपने कम्युनिटी फोरम पर आयोजित आस्क मी एनीथिंग (AMA) सेशन में ColorOS 17 से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए हैं। आइए जानते हैं कि कंपनी की आगे की क्या तैयारी है और इसका यूजर्स पर क्या असर पड़ेगा।

AI फीचर्स के लिए देने होंगे पैसे?

OnePlus ने साफ किया है कि ColorOS 17 में कुछ AI फीचर्स के मुफ्त इस्तेमाल की एक लिमिट होगी। लिमिट खत्म होने के बाद यूजर्स अतिरिक्त क्रेडिट खरीद सकेंगे या अगले यूसेज पीरियड में लिमिट रीसेट होने का इंतजार कर सकेंगे। क्रेडिट खरीदना अनिवार्य नहीं होगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी कीमत और मुफ्त इस्तेमाल की लिमिट का खुलासा नहीं किया है।

बोलकर कर सकेंगे फोटो एडिट

कंपनी AI Photo Agent फीचर लाने की तैयारी कर रही है। इसकी मदद से यूजर्स सामान्य भाषा में कमांड देकर फोटो एडिट कर सकेंगे। इसे भविष्य के सॉफ्टवेयर अपडेट में पेश किए जाने की उम्मीद है। वहीं, AI Mind Pilot की उपलब्धता डिवाइस, सॉफ्टवेयर वर्जन और रीजन पर निर्भर करेगी।

मिल सकते हैं नए वॉलपेपर

OnePlus ज्यादा स्मार्टफोन में 3D Wallpaper और AI Motion Wallpaper फीचर्स उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है।

फोन और कैलेंडर ऐप में बदलाव

कंपनी अपने फोन ऐप को ज्यादा देशों में उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। भारत जैसे बाजारों में पहले से उपलब्ध इस ऐप में कॉल रिकॉर्डिंग, AI कॉल समरी और रियल टाइम ट्रांसलेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। कंपनी OPPO के कैलेंडर ऐप को भी OnePlus फोन में लाने पर विचार कर रही है। हालांकि, दोनों ऐप के विस्तार की कोई तारीख तय नहीं है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

लॉक स्क्रीन पर दिखेंगे गानों के बोल

ColorOS 17 में लॉक स्क्रीन पर गानों के बोल देखने की सुविधा है। हालांकि, इसके लिए म्यूजिक ऐप को सिस्टम के साथ लिरिक्स का डेटा शेयर करना होगा। कंपनी ज्यादा म्यूजिक ऐप्स में यह सुविधा उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।

बैटरी और परफॉर्मेंस में सुधार

नए अपडेट में स्क्रॉलिंग और ऐप बदलते समय फोन के हल्का अटकने की समस्या कम करने पर काम किया गया है। कंपनी ने अपडेट के बाद फोन गर्म होने या बैटरी जल्दी खत्म होने की स्थिति में बैकग्राउंड ऑप्टिमाइजेशन पूरा होने तक इंतजार करने की सलाह दी है।

कैलकुलेटर से हटाया गया खास फीचर

ColorOS 17 में कैलकुलेटर पर '1+' टाइप करके बराबर का बटन दबाने पर दिखने वाला खास ईस्टर एग फीचर हटा दिया गया है। हालांकि, कैलकुलेटर के बाकी सभी सामान्य फीचर्स पहले की तरह काम करेंगे।

Read more!
Advertisement