OnePlus 16 vs iQOO 16: एक में 200MP कैमरा तो दूसरे में 2K डिस्प्ले... बैटरी से लेकर गेमिंग तक कौन है ज्यादा दमदार?
OnePlus 16 vs iQOO 16: नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं तो OnePlus 16 और iQOO 16 के बीच मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। एक फोन में 200MP कैमरा और 9000mAh बैटरी की जानकारी सामने आई है, तो दूसरे में 2K डिस्प्ले और 165Hz रिफ्रेश रेट की पुष्टि हुई है। जानिए कैमरा, बैटरी और परफॉर्मेंस में दोनों कितने अलग हैं।

In Short
- OnePlus 16 में 200MP कैमरा और 9000mAh बैटरी की जानकारी सामने आई है।
- iQOO 16 में 2K डिस्प्ले और 165Hz रिफ्रेश रेट की पुष्टि हुई है।
- iQOO 16 का भारत लॉन्च कन्फर्म, OnePlus 16 को लेकर ऐलान बाकी।
स्मार्टफोन बाजार में OnePlus 16 और iQOO 16 को लेकर चर्चा तेज है। दोनों फोन दमदार प्रोसेसर, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और बड़ी बैटरी के साथ फ्लैगशिप सेगमेंट में मुकाबला करने की तैयारी में हैं। हालांकि, भारतीय ग्राहकों के लिए बड़ा अंतर यह है कि iQOO 16 की भारत में लॉन्चिंग कन्फर्म हो चुकी है, जबकि OnePlus 16 को भारत में लॉन्च करने को लेकर कंपनी ने अभी कोई घोषणा नहीं की है।
डिस्प्ले और परफॉर्मेंस में कौन आगे?
iQOO इंडिया के CEO निपुण मार्या ने बिजनेस टुडे को बताया कि iQOO 16 में Samsung M16 की 2K डिस्प्ले और 165Hz रिफ्रेश रेट मिलेगा। फोन Snapdragon 8 Elite Gen 6 Extreme प्रोसेसर और Android 17 आधारित OriginOS 7 पर चलेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OnePlus 16 में 6.78 इंच की LTPO OLED डिस्प्ले है। यह सामान्य इस्तेमाल में 165Hz और चुनिंदा गेम्स में 185Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट कर सकती है। इसमें भी Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर दिया गया है।
ऐसे में OnePlus गेमिंग रिफ्रेश रेट के मामले में आगे दिखता है, जबकि iQOO में 2K डिस्प्ले की पुष्टि हो चुकी है।
कैमरे में किसका पलड़ा भारी?
91mobiles की रिपोर्ट के मुताबिक, iQOO 16 के चाइनीज मॉडल में तीन 50MP रियर कैमरे मिल सकते हैं। इनमें मेन, अल्ट्रा-वाइड और टेलीफोटो कैमरा शामिल हैं। इसके अलावा 32MP सेल्फी कैमरा और 3x ऑप्टिकल जूम की जानकारी सामने आई है।
वहीं, OnePlus 16 के चाइनीज मॉडल में 200MP मुख्य कैमरा, 50MP अल्ट्रा-वाइड और 50MP टेलीफोटो कैमरा लिस्ट किया गया है। सेल्फी के लिए 50MP कैमरा बताया गया है।
हालांकि, iQOO के भारतीय मॉडल के पूरे कैमरा स्पेसिफिकेशंस अभी कन्फर्म नहीं हैं। सिर्फ ज्यादा मेगापिक्सल होने से बेहतर फोटो क्वालिटी की गारंटी भी नहीं मिलती।
बैटरी और चार्जिंग में कौन ज्यादा दमदार?
iQOO ने पुष्टि की है कि iQOO 16 में 8,000mAh से बड़ी बैटरी मिलेगी। चाइनीज मॉडल की लिस्टिंग में 8,400mAh बैटरी और 100W चार्जिंग बताई गई है।
दूसरी तरफ, OnePlus 16 के चाइनीज मॉडल में 9,000mAh बैटरी, 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग लिस्ट की गई है।
भारत में लॉन्चिंग और कीमत
iQOO 16 की भारत में लॉन्चिंग तय है, लेकिन कीमत और तारीख सामने नहीं आई है। OnePlus 16 चीन में लॉन्च हो चुका है, जहां इसकी शुरुआती कीमत CNY 5,999 यानी करीब 86,000 रुपये है।
फिलहाल स्पेसिफिकेशंस के आधार पर OnePlus 16 बैटरी और कैमरा रिजॉल्यूशन में आगे नजर आता है। हालांकि, सही मुकाबला भारतीय वेरिएंट की कीमत और असल परफॉर्मेंस सामने आने के बाद ही हो सकेगा।