Nvidia के शेयरों में भारी गिरावट! CEO जेनसन हुआंग पर लगा गंभीर आरोप, निवेशकों ने ठोका मुकदमा

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कथित चीनी जासूस से रिश्ते का विवाद अब कोर्ट तक पहुंच गया है। कंपनी के शेयरधारकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। FBI की जांच और अमेरिकी सांसदों की पूछताछ के बीच क्या हुआंग की CEO की कुर्सी खतरे में है?

Advertisement

In Short

  • Nvidia और CEO जेनसन हुआंग के खिलाफ अमेरिका की फेडरल कोर्ट में क्लास एक्शन मुकदमा दायर।
  • कथित चीनी जासूस से रिश्ते के विवाद के बीच Nvidia के शेयरों में 4.3% की गिरावट।
  • FBI की जांच के बीच 18 नवंबर को अमेरिकी सांसदों के सामने जेनसन हुआंग की बंद कमरे में बैठक।

By Gaurav Kumar:

दुनिया की दिग्गज चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia और उसके CEO जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। कथित चीनी जासूस से रिश्ते का मामला अब कंपनी के निवेशकों तक पहुंच गया है। इस विवाद ने कंपनी की साख, शेयर बाजार में उसके प्रदर्शन और जेनसन हुआंग के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है और अब तक इसमें क्या-क्या हुआ है।

Nvidia और जेनसन हुआंग के खिलाफ क्यों हुआ केस?

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के कैलिफोर्निया में सैन होजे की फेडरल कोर्ट में Nvidia और जेनसन हुआंग के खिलाफ प्रस्तावित क्लास एक्शन मुकदमा दायर किया गया है। शेयरधारकों का आरोप है कि कंपनी और उसके CEO ने निवेशकों को जरूरी जानकारी नहीं दी और उन्हें गुमराह किया। इस मुकदमे की अगुवाई शेयरधारक मार्क किस्टेनमाकर (Mark Kistenmacher) कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक मुआवजे की रकम तय नहीं हुई है।

कथित चीनी जासूस से क्या है कनेक्शन?

जेनसन हुआंग पर सिंगापुर की कंपनी Megaspeed की पूर्व एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ अफेयर होने का आरोप है। एलिस पर चीन को संवेदनशील जानकारी पहुंचाने का संदेह है। शेयरधारकों का कहना है कि इस रिश्ते से अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी को लेकर सवाल उठे, लेकिन Nvidia ने निवेशकों से ऐसी जानकारी छिपाई जो कंपनी के कारोबार और निवेशकों के भरोसे पर असर डाल सकती थी।

Nvidia के शेयरों में 4.3% की गिरावट

इस विवाद का असर कंपनी के शेयरों पर भी दिखाई दिया। सोमवार को Nvidia के शेयर 4.3% गिरकर बंद हुए। इससे पहले कंपनी के बोर्ड ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने का ऐलान किया था। जांच की घोषणा के बाद कंपनी के भविष्य और उसके नेतृत्व को लेकर चिंता बढ़ गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

जेनसन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात कबूली

वीकेंड पर जेनसन हुआंग ने कंपनी के सभी कर्मचारियों को एक मेमो भेजा। इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उन्होंने निजी आरोपों को स्वीकार करते हुए इस विवाद से अपने परिवार और कंपनी पर पड़ने वाले असर को लेकर अफसोस भी जताया।

FBI की जांच और ट्रंप का बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि FBI जेनसन हुआंग और चीन के लिए जासूसी करने के संदेह में घिरी कारोबारी महिला के रिश्ते की जांच कर रही है। हुआंग की ट्रंप से लगातार मुलाकातें होती रही हैं। वहीं, Nvidia चीन में अपनी एडवांस चिप्स की बिक्री बढ़ाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में यह मामला और संवेदनशील हो गया है।

18 नवंबर को अमेरिकी सांसदों के सामने पेशी

जेनसन हुआंग को 18 नवंबर को अमेरिकी सांसदों के साथ बंद कमरे में होने वाली बैठक के लिए बुलाया गया है। इसमें कथित चीनी जासूस से रिश्ते, नेशनल सिक्योरिटी पर संभावित असर और Nvidia की टेक्नोलॉजी की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल पूछे जाएंगे।

क्या जेनसन हुआंग की CEO की कुर्सी खतरे में?

लगातार बढ़ते विवाद के बीच अब इस बात की अटकलें तेज हैं कि Nvidia का बोर्ड जेनसन हुआंग को CEO पद से हटाने पर विचार कर सकता है। हालांकि, अभी ऐसा कोई फैसला सामने नहीं आया है। अब सबकी नजर जांच के नतीजों और कंपनी के अगले कदम पर है।

Read more!
Advertisement