Nvidia की AI चिप्स को लेकर नया विवाद, चीन में मिले सबूतों ने खड़े किए कई बड़े सवाल
AI टेक्नोलॉजी को लेकर अमेरिका और चीन के बीच जारी खींचतान में अब नया मोड़ आ गया है। Nvidia की एडवांस AI चिप्स को लेकर चीनी कंपनियों के कुछ दस्तावेज सामने आए हैं। इस मामले के तार सिंगापुर की एक कंपनी और ऐलिस हुआंग से भी जुड़े हैं।

In Short
- शंघाई के डेटा सेंटर में मिलीं Nvidia की प्रतिबंधित ब्लैकवेल AI चिप्स।
- करोड़ों रुपये के लोन से जुड़े दस्तावेजों से हुआ चिप्स की मौजूदगी का खुलासा।
- ट्रंप प्रशासन पहले ही मेगास्पीड को ट्रेड ब्लैकलिस्ट में डाल चुका है।
अमेरिका और चीन के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टेक्नोलॉजी को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। अमेरिका ने चीन को एडवांस AI चिप्स की सप्लाई पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं। इसके बावजूद अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने अमेरिकी एक्सपोर्ट नियमों और Nvidia की सप्लाई चेन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे मामले का खुलासा चीन में जमा किए गए कुछ दस्तावेजों से हुआ है।
चीन के डेटा सेंटर में मिलीं Nvidia की चिप्स
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के शंघाई में स्थित यांग्त्जी रिवर डेल्टा प्रोजेक्ट नाम के डेटा सेंटर में दो चीनी कंपनियों ने Nvidia की एडवांस ब्लैकवेल AI चिप्स वाले सिस्टम लगाए हैं। नवंबर 2026 में चीनी रेगुलेटर्स के पास जमा दस्तावेजों से GB300 NVL72 रैक और GB200 सर्वर की मौजूदगी का पता चला है। यह डेटा सेंटर सिंगापुर की क्लाउड कंपनी मेगास्पीड की फाउंडर ऐलिस हुआंग से जुड़ा है।
चिप्स के बदले लिया ₹117 करोड़ का लोन
इन सिस्टम के सीरियल नंबर का पता फाइनेंसिंग से जुड़े दस्तावेजों के जरिए चला। शंघाई शुओयाओ नाम की कंपनी ने GB300 NVL72 रैक को गिरवी रखकर शंघाई इनोवेशन बैंक से 9.6 करोड़ युआन यानी करीब 117 करोड़ रुपये (1.4 करोड़ डॉलर) का लोन लिया।
दूसरी कंपनी ने भी लिया करोड़ों का लोन
शंघाई केझान नाम की दूसरी कंपनी ने इसी डेटा सेंटर में मौजूद GB200 सर्वर का जिक्र 9 करोड़ युआन के लोन से जुड़े दस्तावेजों में किया। यह लोन शंघाई की स्थानीय सरकारी एजेंसी के पूर्ण स्वामित्व वाली फाइनेंस लीजिंग कंपनी से लिया गया था।
ट्रंप प्रशासन ने मेगास्पीड को किया ब्लैकलिस्ट
Nvidia की ब्लैकवेल चिप्स चीन भेजने के लिए अमेरिका से विशेष एक्सपोर्ट लाइसेंस लेना जरूरी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इन चिप्स को चीन भेजने के खिलाफ हैं। नवंबर की शुरुआत में ट्रंप प्रशासन ने चिप्स को प्रतिबंधित बाजारों तक पहुंचाने में शामिल होने की आशंका के चलते मेगास्पीड को ट्रेड ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था।
कौन हैं ऐलिस हुआंग?
ऐलिस हुआंग ने साल 2023 में मेगास्पीड की शुरुआत की थी। Nvidia का समर्थन मिलने के बाद यह कंपनी जल्द ही दक्षिण-पूर्व एशिया में उसकी सबसे बड़ी ग्राहक बन गई। ऐलिस के संबंध डेटा सेंटर प्रोजेक्ट में निवेश करने वाली कई कंपनियों से भी हैं। इस प्रोजेक्ट के प्रमुख कांग वेई हैं, जिन्हें मामले से जुड़े लोगों ने ऐलिस का पार्टनर बताया है।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की भी नजर
चीनी खुफिया एजेंसियों से संदिग्ध संबंधों को लेकर ऐलिस अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की जांच के दायरे में भी रही हैं। Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग के साथ उनके संबंधों को लेकर भी अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आई हैं। हालांकि, ब्लूमबर्ग के पास इस बात का सबूत नहीं है कि मेगास्पीड ने खुद इन चिप्स को चीन पहुंचाया है। कंपनी ने भी किसी गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है।