Noise Alt Buds Open Review: ₹4,499 में कैसा है ये ओपन-ईयर ईयरबड्स? जानें फीचर्स, खूबियां और कमियां

Noise Alt Buds Open ओपन-ईयर डिजाइन, 35 घंटे की बैटरी, Hi-Res Audio और AI Noise Reduction जैसे फीचर्स के साथ आते हैं। ये जिम और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए आरामदायक हैं। हालांकि, तेज शोर वाली जगहों और म्यूजिक की बारीकियों के मामले में कुछ कमियां भी देखने को मिलती हैं।

Advertisement
Noise Alt Buds Open रिव्यू

In Short

  • Noise Alt Buds Open में 13mm Hybrid Drivers, Hi-Res Audio, Bluetooth 6.0 और कुल 35 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है।
  • ओपन-ईयर डिजाइन, मजबूत फिट और AI Noise Reduction के साथ ये ईयरबड्स जिम, रनिंग और रोजाना इस्तेमाल के लिए आरामदायक हैं।
  • तेज शोर वाली जगहों पर बाहरी आवाज सुनाई देती है और मिड्स थोड़े कमजोर हैं, लेकिन ₹4,499 की कीमत में यह एक अच्छा वैल्यू-फॉर-मनी विकल्प है।

By Aryan Sharma:

Noise Alt Buds Open Review: ओपन-इयर वाले ऑडियो डिवाइस इन दिनों काफी पसंद किए जा रहे हैं। इसी को देखते हुए Noise ने अपने नए Noise Alt Buds Open लॉन्च किए हैं। ये सामान्य ईयरबड्स की तरह कान के अंदर नहीं लगते, बल्कि कान के ऊपर हुक की तरह फिट हो जाते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि कानों की सफाई से जुड़ी परेशानी नहीं होती और जरूरत पड़ने पर इन्हें आसानी से किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

Noise Alt Buds Open Features

1. टेक्निकल स्पेसिफिकेशन

ड्राइवर: 13mm Hybrid Diaphragm ड्राइवर्स
ऑडियो: LHDC Codec के साथ Hi-Res Audio सपोर्ट
कनेक्टिविटी: Bluetooth Version 6.0
माइक्रोफोन: AI Noise Reduction के साथ 4 माइक्रोफोन
बैटरी: एक बार चार्ज करने पर कुल 35 घंटे तक का बैकअप
फास्ट चार्जिंग: सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर 200 मिनट तक इस्तेमाल
ऐप सपोर्ट: Noise Audio App

2. खूबियां

अगर आपको कान के अंदर जाने वाले रबर टिप वाले ईयरबड्स पसंद नहीं हैं, तो Noise Alt Buds Open आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं। इन्हें पहनने में काफी आराम मिलता है और लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर भी परेशानी नहीं होती।

जो लोग एक्सरसाइज या जिम करते हैं, उनके लिए भी ये ईयरबड्स काफी उपयोगी हैं। इनकी फिटिंग इतनी मजबूत है कि दौड़ने, कूदने या भारी वर्कआउट के दौरान भी ये आसानी से कानों से नहीं गिरते।

लुक की बात करें तो ये ईयरबड्स काफी स्टाइलिश हैं। इनमें दी गई फ्यूचरिस्टिक LED लाइट्स और आकर्षक रंग इन्हें अलग पहचान देते हैं। साथ ही, इसका Noise Audio App भी पहले के मुकाबले ज्यादा साफ, बेहतर और इस्तेमाल में आसान दिखाई देता है।

खुले डिजाइन के बावजूद इन ईयरबड्स का बेस (Bass) काफी दमदार है और आवाज भी साफ सुनाई देती है। इनमें दिया गया साउंड एन्हांसमेंट फीचर शोर-शराबे वाली जगहों पर भी बेहतर ऑडियो सुनने में मदद करता है।

बैटरी बैकअप भी काफी अच्छा है। अगर आप इन्हें रोजाना 2 से 3 घंटे इस्तेमाल करते हैं, तो इन्हें पूरे हफ्ते दोबारा चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती।

3. कमियां

ओपन-ईयर डिजाइन होने की वजह से ये ईयरबड्स बाहर की आवाज को नहीं रोकते। अगर आप जिम या किसी ऐसी जगह हैं, जहां तेज म्यूजिक या ज्यादा शोर हो, तो बाहर की आवाज भी आपको सुनाई देगी।

इसके अलावा, अगर आप आदत से इन्हें कान के अंदर की तरफ दबाने की कोशिश करेंगे, तो गलती से इनके टच कंट्रोल एक्टिव हो सकते हैं।

साउंड क्वालिटी की बात करें तो इनमें मिड्स (Mids) थोड़े कमजोर लगते हैं। इसमें आपको हाई नोट्स और दमदार बेस तो मिलता है, लेकिन बीच की आवाजें उतनी बेहतर नहीं लगतीं। इसलिए ये रैप, हिप-हॉप और फिल्मी गानों के लिए अच्छे हैं, लेकिन अगर आप हर तरह के संगीत की बारीकियां पसंद करते हैं, तो यह कमी महसूस हो सकती है।

एक और कमी यह है कि अगर आप फुल वॉल्यूम पर ज्यादा बेस के साथ गाने सुनते हैं, तो ईयरबड्स में कंपन (वाइब्रेशन) होने लगता है। इसकी वजह से आवाज कुछ हद तक रोबोट जैसी सुनाई देने लगती है।

हमारा फैसला

अगर आपको कान के अंदर जाने वाले ईयरबड्स या भारी हेडफोन पसंद नहीं हैं, तो Noise Alt Buds Open आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं। ये काफी हल्के हैं और गर्मियों में आराम से इस्तेमाल किए जा सकते हैं। साथ ही, आउटडोर वर्कआउट करने या ऑफिस में बिना किसी परेशानी के वीडियो देखने के लिए भी ये अच्छे हैं।

हालांकि, अगर आप हर तरह के गानों की बारीकियों पर ध्यान देते हैं, तो इसकी साउंड क्वालिटी आपको पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर सकती। लेकिन ₹4,499 की कीमत और रोजमर्रा के इस्तेमाल को देखते हुए यह एक अच्छा और वैल्यू-फॉर-मनी प्रोडक्ट साबित होता है।

 

Read more!
Advertisement