दुनियाभर में ठप हुई सेवाओं के बाद Microsoft अलर्ट, अब एक घंटे में खामी दूर करने का लक्ष्य
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं करीब 24 घंटे तक ठप रहने के बाद कंपनी ने अपनी इंजीनियरिंग व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने इसके लिए 'Code Red' नाम से विशेष अभियान शुरू किया है। जानें क्या है माइक्रोसॉफ्ट का नया लक्ष्य और इसमें AI की क्या भूमिका होगी।

In Short
- 24 घंटे के आउटेज से कई देशों में प्रभावित हुई थीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं।
- बड़ी तकनीकी खराबी को एक घंटे में दूर करने का लक्ष्य।
- संभावित तकनीकी समस्याओं की पहचान के लिए AI एजेंट्स की मदद लेगी कंपनी।
दुनियाभर में करोड़ों लोगों और कंपनियों को सॉफ्टवेयर सेवाएं देने वाली माइक्रोसॉफ्ट अब अपने सिस्टम में बड़ी तकनीकी खराबी को दूर करने के तरीके में बदलाव करने जा रही है। कंपनी ने भविष्य में अपनी ग्लोबल सर्विसेज में आने वाली बड़ी तकनीकी समस्याओं को महज एक घंटे के भीतर दूर करने का लक्ष्य रखा है।
यह फैसला 12 और 13 नवंबर को Microsoft 365 की सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी के बाद लिया गया है। करीब 24 घंटे तक चले इस आउटेज से कई देशों के यूजर्स प्रभावित हुए थे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अब 'Code Red' नाम से एक विशेष अभियान शुरू किया है।
सरकारी कामकाज से एयरलाइंस तक पर पड़ा असर
इस आउटेज के चलते Outlook, Exchange Online, Teams और Copilot समेत माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाएं प्रभावित हुई थीं। इसका असर सरकारी कामकाज, ट्रेडिंग कंपनियों और एयरलाइंस के कम्युनिकेशन सिस्टम पर भी पड़ा था।
जांच में पता चला कि जुलाई में विंडोज सिस्टम में आई एक तकनीकी खामी की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसकी वजह से यह समस्या पैदा हुई। कंपनी ने साफ किया कि इसके पीछे किसी तरह की साइबर गतिविधि या AI एजेंट्स का हाथ नहीं था। माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला ने भी इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।
इंजीनियरों ने भेजे 11,000 से ज्यादा मैसेज
इस घटना ने माइक्रोसॉफ्ट की इंजीनियरिंग टीमों के बीच तालमेल की कमियों को भी उजागर किया। कंपनी की कॉरपोरेट वाइस प्रेसिडेंट अमांडा सिल्वर के मुताबिक, समस्या को दूर करने के दौरान इंजीनियरों ने 11 अलग-अलग Teams चैट्स में 11,000 से ज्यादा मैसेज भेजे।
सीनियर इंजीनियरों की मौजूदगी के बावजूद समस्या की सही स्थिति समझने में मुश्किल आई, क्योंकि तकनीकी जांच से जुड़ी जानकारियां अलग-अलग इंटरनल सिस्टम में बिखरी हुई थीं।
AI एजेंट्स की मदद लेगी माइक्रोसॉफ्ट
'Code Red' अभियान के तहत कंपनी पांच प्रमुख मोर्चों पर काम करेगी। इनमें सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव कम करना, अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों के इंटरनेट ट्रैफिक को बांटना और सेवाओं को तेजी से बहाल करने की व्यवस्था तैयार करना शामिल है।
इसके अलावा कंपनी AI एजेंट्स का इस्तेमाल करेगी, जिससे इंजीनियरों को सिस्टम की स्थिति का विश्लेषण करने और संभावित तकनीकी समस्याओं की जल्द पहचान करने में मदद मिलेगी। अभियान की प्रगति की रोजाना और साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।
एक घंटे में जारी होंगे जरूरी सिक्योरिटी अपडेट
माइक्रोसॉफ्ट का लक्ष्य जरूरी सिक्योरिटी खामियों की पहचान से लेकर उनके समाधान को दुनियाभर में सुरक्षित तरीके से लागू करने की प्रक्रिया भी एक घंटे में पूरी करना है। इससे पहले एक तकनीकी सुधार को दुनियाभर में लागू करने में पांच से छह दिन लगे थे।
कंपनी के प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया कि माइक्रोसॉफ्ट का ध्यान सिर्फ खराबी आने के बाद सेवाओं को बहाल करने पर नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने पर भी है।