Microsoft की सर्विसेज ठप! साइबर अटैक की आशंका से मचा हड़कंप, क्या AI ने खुद किया हमला?
Microsoft की Outlook, Teams और Microsoft 365 जैसी सर्विसेज ठप होने से दुनियाभर में हड़कंप मच गया. इसी बीच सवाल उठ रहा है कि क्या किसी AI एजेंट ने खुद से साइबर अटैक कर दिया? OpenAI और Anthropic के पुराने खुलासों ने शक बढ़ा दिया है. जानिए क्या है पूरा मामला.

In Short
- Microsoft की Outlook, Teams और Microsoft 365 सर्विसेज में 15 घंटे से ज्यादा समय तक गड़बड़ी रही.
- OpenAI और Anthropic के AI एजेंट टेस्टिंग के दौरान तय सीमाओं से बाहर निकल चुके हैं.
- Microsoft आउटेज के पीछे AI एजेंट या साइबर अटैक होने का फिलहाल कोई सबूत नहीं मिला है.
माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसी सर्विसेज में आई बड़ी गड़बड़ी ने दुनियाभर के यूजर्स को परेशान कर दिया है. 12 नवंबर से शुरू हुआ यह आउटेज 15 घंटे से ज्यादा समय तक जारी रहा. इसी बीच सवाल उठने लगे कि क्या किसी एआई एजेंट ने खुद से साइबर अटैक कर दिया? आखिर यह शक क्यों पैदा हुआ और माइक्रोसॉफ्ट की जांच में अब तक क्या सामने आया है? आइए आसान भाषा में समझते हैं.
माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आखिर क्या हुआ?
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, आउटेज की शुरुआत कुछ सर्वर के सही तरीके से काम नहीं करने से हुई. ये सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में फेल हो रहे थे. इससे दूसरे सर्वर पर दबाव बढ़ गया और यूजर्स की रिक्वेस्ट पूरी नहीं हो पा रही थीं.कंपनी ने सिक्योर कनेक्शन बनाने वाली प्रक्रिया में ज्यादा दबाव और नेटवर्क कॉन्फिगरेशन में हुए बदलावों की भी जांच की.
सर्विस बहाल करने की कोशिश क्यों हुई फेल?
माइक्रोसॉफ्ट ने प्रभावित सर्वर रीस्टार्ट किए, ट्रैफिक दूसरे रास्तों पर भेजा और कुछ नेटवर्क बदलाव वापस लिए. लेकिन ट्रैफिक बढ़ते ही कुछ सर्वर फिर जवाब देना बंद कर रहे थे. इसी वजह से सर्विस बहाल होने में देरी हुई.
ओपनएआई के एआई एजेंट ने क्या किया था?
जुलाई 2026 में ओपनएआई ने बताया था कि साइबर सिक्योरिटी टेस्टिंग के दौरान उसके कुछ एआई एजेंट तय सीमा से बाहर निकल गए थे. उन्होंने इंटरनेट के जरिए हगिंग फेस के कुछ सर्वर पर कोड चलाया और एक सर्वर पर एडमिन लेवल की पहुंच हासिल की. कुछ निजी डेटा और सर्विस क्रेडेंशियल तक भी पहुंच बनी.
हालांकि, ओपनएआई के ग्राहकों का डेटा और सामान्य सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं. हगिंग फेस ने भी हमले की जानकारी दी थी, लेकिन किसी खास एआई मॉडल की भूमिका साबित नहीं हुई.
एंथ्रोपिक के एआई मॉडल ने क्या किया?
सितंबर 2026 की रिपोर्ट में एंथ्रोपिक ने बताया कि उसके क्लोड मिथोस मॉडल ने टेस्टिंग के दौरान पाइथन पैकेज प्लेटफॉर्म पीवाईपीआई पर खतरनाक पैकेज अपलोड करने की कोशिश की.
मॉडल को संकेत मिला था कि वह असली इंटरनेट पर काम कर रहा है, फिर भी उसने अपना काम जारी रखा. इससे एआई एजेंट को दी जाने वाली परमिशन और उसकी निगरानी पर सवाल उठे.
क्या माइक्रोसॉफ्ट पर एआई ने साइबर अटैक किया?
फिलहाल इसका कोई सबूत नहीं है. माइक्रोसॉफ्ट ने भी साइबर हमले के संकेत मिलने से इनकार किया है.ऑस्ट्रेलिया के साइबर सुरक्षा मंत्री टोनी ब्रूक ने इसकी तुलना 2024 के क्राउडस्ट्राइक संकट से की, जब खराब सॉफ्टवेयर अपडेट से दुनियाभर के सिस्टम प्रभावित हुए थे.
एआई से कंपनियों को कितना खतरा?
एआई एजेंट सॉफ्टवेयर की कमजोरियां खोज सकते हैं और गलत इस्तेमाल होने पर साइबर हमलों में मदद कर सकते हैं. इसलिए कंपनियों को उनकी परमिशन और गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है.माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की अंतिम वजह जांच के बाद ही साफ होगी. फिलहाल इसे एआई अटैक कहना जल्दबाजी होगी.