Microsoft 365 की सेवाएं 74 देशों में ठप! Outlook से Copilot तक सेवाएं बंद

Microsoft 365 में आई बड़ी तकनीकी खराबी ने दुनियाभर के यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी। Outlook, Teams और Copilot जैसी जरूरी सेवाएं कई घंटों तक प्रभावित रहीं। कुछ ही समय में शिकायतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ गया। आखिर माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में ऐसा क्या हुआ कि इतनी बड़ी समस्या खड़ी हो गई?

Advertisement

In Short

  • Microsoft 365 की सेवाएं 74 देशों में प्रभावित, Outlook, Teams और Copilot में आई बड़ी खराबी।
  • DownDetector पर पांच माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं की शिकायतें बढ़कर 19,650 प्रति मिनट तक पहुंचीं।
  • Microsoft ने सर्वर में तकनीकी खराबी को बताया वजह, सेवाएं धीरे-धीरे बहाल करने की कोशिश जारी।

By Gungun Mishra:

दुनियाभर में Microsoft 365 की सेवाओं में बड़ी तकनीकी खराबी सामने आई है। इस आउटेज की वजह से Outlook, Microsoft Teams, SharePoint और Copilot जैसे जरूरी प्लेटफॉर्म कई घंटों तक प्रभावित रहे। इसका असर 74 देशों और क्षेत्रों में देखने को मिला। कंपनी के मुताबिक, सर्वर की ऑटोमैटिक हेल्थ जांच में गड़बड़ी के बाद यह समस्या शुरू हुई।

74 देशों में फैली तकनीकी खराबी

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, Exchange Online में यह परेशानी 12 नवंबर को 16:17 UTC पर शुरू हुई। इसके करीब एक घंटे बाद दुनियाभर से शिकायतें तेजी से बढ़ने लगीं।

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट DownDetector के अनुसार, 18:25 UTC तक माइक्रोसॉफ्ट की पांच सेवाओं से जुड़ी शिकायतें बढ़कर 19,650 प्रति मिनट पहुंच गईं। जबकि सामान्य गुरुवार को यह आंकड़ा 15 प्रति मिनट से भी कम रहता है।

Outlook और Teams समेत कई सेवाएं प्रभावित

इस आउटेज का सबसे ज्यादा असर Outlook पर पड़ा। DownDetector के मुताबिक, Outlook से जुड़ी शिकायतें सामान्य स्तर के मुकाबले 2,000 गुना से ज्यादा बढ़ गईं।

वहीं Microsoft 365, Copilot, Teams और OneDrive की शिकायतों में 100 गुना से ज्यादा उछाल आया। Azure से जुड़ी शिकायतें भी करीब 100 गुना बढ़ीं।

इसका असर सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रहा। ब्रिटेन, भारत और न्यूजीलैंड में भी शिकायतें तेजी से बढ़ीं। माइक्रोसॉफ्ट का सर्विस स्टेटस डैशबोर्ड भी कुछ समय के लिए बंद हो गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

आखिर क्यों ठप हुईं Microsoft की सेवाएं?

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, यह समस्या किसी साइबर हमले की वजह से नहीं हुई। असल में बड़ी संख्या में सर्वर ऑटोमैटिक हेल्थ चेक में फेल हो गए और ऑफलाइन हो गए।

इसके बाद यूजर्स का ट्रैफिक बाकी सर्वरों पर पहुंचने लगा। इससे प्रोसेसर पर दबाव बढ़ गया और सही तरीके से काम कर रहे सर्वर भी प्रभावित होने लगे। देखते ही देखते समस्या कई क्षेत्रों में फैल गई।

सेवाएं बहाल करने के लिए क्या किया गया?

माइक्रोसॉफ्ट ने समस्या दूर करने के लिए नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट और कॉन्फिगरेशन बदलाव रोक दिए। इंजीनियरों ने प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट किया और ट्रैफिक दूसरे रास्तों पर भेजना शुरू किया।

कंपनी ने सर्वरों को दोबारा नेटवर्क से जोड़ने के लिए वैकल्पिक हेल्थ चेक सिस्टम भी अपनाया।

माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि कुछ प्रभावित सर्वर दोबारा काम करने लगे हैं। हालांकि, सभी सेवाओं को पूरी तरह बहाल होने में समय लग सकता है।

इस साल तीसरी बड़ी परेशानी

यह 2026 में माइक्रोसॉफ्ट 365 का तीसरा बड़ा आउटेज है। इससे पहले जनवरी में कई घंटों तक सेवाएं प्रभावित हुई थीं। अगस्त में एक कोड अपडेट की गड़बड़ी के कारण सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में कई दिन लगे थे।

Read more!
Advertisement