Meta का नया AI गैजेट Muse Charm, बिना ऐप खोले करेगा बातें और कई काम आसान

Meta अपने AI एजेंट Muse को एक नए पॉकेट डिवाइस Muse Charm के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। यह डिवाइस रियल टाइम वॉयस बातचीत, शॉपिंग, ट्रैवल और काम से जुड़े टास्क में मदद कर सकता है। कंपनी जल्द इसके बारे में और जानकारी साझा करेगी।

Advertisement

In Short

  • Meta Muse Charm एक पॉकेट डिवाइस होगा, जिससे यूजर्स सीधे AI एजेंट Muse से बात कर सकेंगे।
  • Muse AI वेब सर्च, शॉपिंग, डॉक्यूमेंट बनाने और कई डिजिटल कामों में मदद कर सकता है।
  • Meta Muse को AI ग्लासेस और Mac जैसे प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।

By Gungun Mishra:

मेटा अपने AI एजेंट Muse को अब सिर्फ ऐप और कंप्यूटर तक सीमित नहीं रखना चाहती। कंपनी इसे एक नए डिवाइस मेटा Muse Charm के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। यह एक छोटा पॉकेट डिवाइस होगा, जिससे यूजर्स सीधे Muse से बात कर सकेंगे।

मेटा के मुताबिक, Muse Charm को खास तौर पर रियल टाइम वॉयस बातचीत के लिए बनाया गया है। इसमें Muse AI एजेंट और कंपनी का रियल टाइम वॉयस मॉडल शामिल होगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस डिवाइस के सभी हार्डवेयर फीचर्स की जानकारी नहीं दी है।

बिना ऐप खोले कर सकेंगे Muse से बातचीत

Muse Charm का मुख्य काम यूजर्स को Muse से सीधे जोड़ना होगा। इसके जरिए लोग लंबे और ज्यादा डिटेल में AI के साथ बातचीत कर सकेंगे।

यह डिवाइस छोटे सवाल-जवाब तक सीमित नहीं रहेगा। Muse बातचीत के दौरान बैकग्राउंड में भी कुछ काम जारी रख सकता है। इसके अलावा यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से Muse की आवाज को कस्टमाइज भी कर सकेंगे। इसमें आवाज की स्पीड और खास एक्सेंट जैसी चीजें तय करने का विकल्प मिलेगा।

AI एजेंट करेगा कई तरह के काम

मेटा का Muse AI सिर्फ सवालों के जवाब देने के लिए नहीं बनाया गया है। यह वेब पर जानकारी खोज सकता है, फॉर्म भरने में मदद कर सकता है, खरीदारी कर सकता है और डॉक्यूमेंट समेत दूसरे आउटपुट तैयार कर सकता है।

Muse Charm के जरिए इन सभी सुविधाओं को आवाज के माध्यम से इस्तेमाल करना आसान हो सकता है। हालांकि, मेटा ने अभी यह साफ नहीं किया है कि Muse के सभी फीचर्स Charm पर किस तरह काम करेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

शॉपिंग और ट्रैवल में भी मिलेगी मदद

मेटा Muse को कई नए कनेक्टर्स से जोड़ रही है, जिससे इसकी क्षमताएं बढ़ेंगी। शॉपिंग के लिए Muse में Walmart, Best Buy, American Eagle Outfitters, DICK'S Sporting Goods, Fanatics, Gap, Michael Kors, Sephora, Ulta और Wayfair जैसे प्लेटफॉर्म जोड़े जा रहे हैं।

पेमेंट के लिए Shop Pay और PayPal का सपोर्ट भी मिलेगा। वहीं ट्रैवल के लिए Expedia जल्द जुड़ने वाला है। इसके अलावा किराने की खरीदारी के लिए Instacart और काम से जुड़े टास्क के लिए Notion, Granola, GitHub और Box जैसे कनेक्शन दिए जाएंगे।

AI ग्लासेस और Mac पर भी आएगा Muse

मेटा आने वाले महीनों में Muse AI एजेंट को अपने AI ग्लासेस पर भी उपलब्ध कराने वाली है। यूजर्स ग्लासेस में Muse को नाम से बुलाकर अपने आसपास दिख रही चीजों के बारे में सवाल पूछ सकेंगे।

उदाहरण के लिए किसी प्रोडक्ट, फ्लायर या लंबी लिस्ट के बारे में जानकारी ली जा सकेगी।

Mac पर भी Muse को ऐप्स कंट्रोल करने की सुविधा दी जा रही है। यूजर की अनुमति के साथ यह काम कर सकेगा और यूजर के हटने के बाद भी टास्क जारी रख सकेगा। मेटा Muse के लिए एक अलग ईमेल एड्रेस भी दे रही है, जिससे AI एजेंट से संपर्क करने का एक और तरीका मिलेगा।

लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा नहीं

मेटा ने अभी तक Muse Charm की लॉन्च डेट, कीमत और पूरी स्पेसिफिकेशन की जानकारी जारी नहीं की है। कंपनी का कहना है कि इस डिवाइस के बारे में ज्यादा जानकारी इस साल के अंत तक साझा की जाएगी।

Read more!
Advertisement