Instagram के बिना भी दोस्तों से होगी चैटिंग! Meta का नया ऐप लॉन्च
Instagram पर सिर्फ चैटिंग करने वालों के लिए Meta ने नया Direct ऐप पेश किया है। इसकी खास बात यह है कि बिना Instagram अकाउंट बनाए भी दोस्तों से बातचीत की जा सकेगी। सिर्फ मोबाइल नंबर या ईमेल से साइन अप करने की सुविधा मिलेगी। लेकिन क्या यह ऐप भारत में भी उपलब्ध है? जानिए इसके फीचर्स, सुरक्षा नियम और लॉन्च से जुड़ी जरूरी जानकारी।

In Short
- Meta ने Instagram मैसेजिंग के लिए अलग Direct ऐप लॉन्च किया, Instagram अकाउंट जरूरी नहीं
- मोबाइल नंबर या ईमेल से साइन अप, ग्रुप चैट और कस्टम स्टिकर्स जैसे फीचर्स मिलेंगे
- फिलहाल तुर्की और थाईलैंड में रोलआउट, भारत में लॉन्च की तारीख घोषित नहीं
Instagram इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी खबर है। Meta ने चैटिंग के लिए 'Direct' नाम से एक नया मैसेजिंग ऐप पेश किया है। इसकी खास बात यह है कि अब दोस्तों से बातचीत करने के लिए Instagram अकाउंट होना जरूरी नहीं होगा। यूजर्स सिर्फ अपने मोबाइल नंबर या ईमेल एड्रेस की मदद से इस ऐप पर अकाउंट बना सकेंगे।
इस ऐप के जरिए बिना Instagram की Reels, Stories और पोस्ट देखे सीधे दोस्तों से चैटिंग की जा सकेगी।
Instagram अकाउंट के बिना कैसे चलेगा Direct?
Meta के मुताबिक, जिन लोगों के पास पहले से Instagram अकाउंट है, वे उसी यूजरनेम और पासवर्ड से Direct में लॉगिन कर सकेंगे। दोनों ऐप्स में उनकी चैट सिंक रहेगी। यानी Instagram पर की गई बातचीत Direct ऐप में भी दिखाई देगी।
वहीं, नए यूजर्स मोबाइल नंबर या ईमेल एड्रेस से साइन अप कर सकेंगे। किसी दोस्त को जोड़ने के लिए उसका सही यूजरनेम डालना होगा या QR कोड स्कैन करना होगा।
Direct ऐप में क्या-क्या फीचर्स मिलेंगे?
Direct में पर्सनल और ग्रुप चैटिंग की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यूजर्स को कई खास फीचर्स भी दिए गए हैं। इसमें Draw फीचर की मदद से चैट में स्केच बना सकेंगे। कस्टम स्टिकर्स तैयार करने का विकल्प भी मिलेगा।
Notes फीचर से दोस्तों के छोटे अपडेट इनबॉक्स में ऊपर दिखाई देंगे। इसके अलावा वॉयस इफेक्ट्स और चैट थीम्स भी मिलेंगी।
बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम?
Meta ने Direct ऐप में सुरक्षा के लिए कई नियम बनाए हैं। यूजर्स को आमतौर पर उन्हीं लोगों से मैसेज और ग्रुप चैट इनवाइट मिल सकेंगे, जो उनके कॉन्टैक्ट्स में हैं या जिनसे वे पहले से जुड़े हैं।
ऐप में किसी को ब्लॉक, रिपोर्ट और रिस्ट्रिक्ट करने की सुविधा भी होगी।
13 साल से ज्यादा उम्र के लोग इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। कम उम्र के संदिग्ध अकाउंट्स से उम्र का वेरिफिकेशन मांगा जाएगा। वेरिफिकेशन नहीं होने पर अकाउंट डिलीट हो सकता है।
माता-पिता अपने किशोर बच्चों की चैटिंग से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे और रोजाना इस्तेमाल की समय सीमा भी तय कर सकेंगे।
भारत में कब लॉन्च होगा Direct ऐप?
फिलहाल Meta ने Direct ऐप को तुर्की और थाईलैंड में Android और iOS यूजर्स के लिए रोलआउट करना शुरू किया है। भारत में यह ऐप कब उपलब्ध होगा, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।