AI का बढ़ता खर्च बना टेंशन! Meta और Microsoft ने कर्मचारियों के बीच घटाया Claude का इस्तेमाल

AI का बढ़ता इस्तेमाल अब बड़ी टेक कंपनियों के लिए भारी खर्च भी लेकर आ रहा है। Meta और Microsoft अपने कर्मचारियों के बीच Anthropic के Claude का इस्तेमाल घटाकर अपने AI टूल्स पर जोर दे रही हैं। हालांकि, दोनों कंपनियों ने Claude से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई है और ग्राहकों के लिए इसकी सुविधा अभी भी जारी है।

Advertisement
Meta और Microsoft कर्मचारियों को Claude की जगह अपने AI कोडिंग टूल्स की ओर बढ़ा रहे हैं।
Meta और Microsoft कर्मचारियों को Claude की जगह अपने AI कोडिंग टूल्स की ओर बढ़ा रहे हैं।

In Short

  • Microsoft ने Anthropic की AI टेक्नोलॉजी पर अनुमानित अंदरूनी खर्च में एक-तिहाई से ज्यादा की कटौती की है।
  • Meta में Claude Code इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों की संख्या करीब 60,000 से घटकर 30,000 रह गई है।
  • - दोनों कंपनियां कर्मचारियों के बीच अपने AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं, लेकिन ग्राहकों के लिए Claude की सुविधा जारी है।

By Shakshi:

AI टूल्स का बढ़ता खर्च अब दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के लिए चिंता बनता जा रहा है। Meta और Microsoft अपने कर्मचारियों के बीच Anthropic के AI टूल Claude का इस्तेमाल कम कर रही हैं और इसके बजाय अपने AI टूल्स को ज्यादा बढ़ावा दे रही हैं। The Information की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियां Anthropic से रिश्ता खत्म नहीं कर रही हैं और अपने ग्राहकों को Claude की सुविधा देना जारी रखेंगी।

Microsoft के लिए बड़ा मुद्दा बना खर्च

Microsoft को अनुमान था कि इस साल Anthropic की AI टेक्नोलॉजी के अंदरूनी इस्तेमाल पर उसका खर्च कम से कम 1 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, अब इस अनुमान को एक-तिहाई से ज्यादा घटा दिया गया है। कर्मचारियों से कहा जा रहा है कि जहां संभव हो, वे Microsoft के अपने AI प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।

Microsoft ने दिसंबर से हजारों कर्मचारियों को Anthropic के Claude Code का एक्सेस दिया था। यह टूल कंपनी की इंजीनियरिंग टीमों के बीच काफी लोकप्रिय भी हुआ।

Claude Code की जगह अपने टूल पर जोर

बाद में Microsoft ने अपने डेवलपर्स को GitHub Copilot CLI की तरफ बढ़ाने का फैसला किया। Windows, Microsoft 365 और Surface जैसे प्रोडक्ट्स पर काम करने वाली कंपनी की Experiences + Devices डिवीजन जून के आखिर तक Claude Code के ज्यादातर लाइसेंस बंद करने की तैयारी कर रही थी।

यह फैसला सिर्फ खर्च घटाने के लिए नहीं था। Microsoft चाहता था कि उसके इंजीनियर कंपनी के अपने कोडिंग टूल का ज्यादा इस्तेमाल करें और फीडबैक दें, जिससे इसे और बेहतर बनाया जा सके।

हालांकि, Microsoft ने Anthropic के मॉडल्स को अपने पूरे AI बिजनेस से नहीं हटाया है। Claude अभी भी Microsoft Foundry के जरिए उपलब्ध है और Microsoft 365 तथा Copilot के कुछ कामों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।

Meta में भी Claude का इस्तेमाल घटा

Meta भी अपने कर्मचारियों को अपने AI टूल्स की तरफ ले जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, Meta में Claude Code इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों की संख्या इस साल की शुरुआत में करीब 60,000 थी, जो अब घटकर करीब 30,000 रह गई है।

इस गिरावट की एक वजह Meta में हुई छंटनी भी है, जिसमें करीब 10% कर्मचारियों पर असर पड़ा। इसके साथ कंपनी अपने AI मॉडल्स पर बने कोडिंग टूल्स का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है।

Meta के अंदर इस्तेमाल होने वाले MetaCode के यूजर्स की संख्या 30,000 के पार पहुंच चुकी है। वहीं Claude Code के मुकाबले तैयार किए जा रहे Muse Code को 6,000 से ज्यादा कर्मचारी इस्तेमाल कर रहे हैं।

AI का बढ़ता खर्च बना चुनौती

कंपनियों में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ इसका खर्च भी तेजी से बढ़ सकता है। मई में Axios की एक रिपोर्ट में एक AI सलाहकार के हवाले से बताया गया था कि उसके एक ग्राहक को एक महीने में Claude का करीब 500 मिलियन डॉलर का बिल मिला था। इसकी वजह कर्मचारियों के लाइसेंस पर इस्तेमाल की सही सीमा तय नहीं करना बताया गया था।

Meta और Microsoft के कदम से संकेत मिलता है कि बड़ी टेक कंपनियां अब AI के बढ़ते खर्च को नियंत्रित करने के साथ अपने खुद के AI टूल्स का इस्तेमाल बढ़ाने पर भी जोर दे रही हैं।

Read more!
Advertisement