Mark Zuckerberg का 336 करोड़ रुपये का आयरिश किला; 16000 वर्ग फीट की ऐतिहासिक प्रॉपर्टी में क्या है खास

मेटा सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में 336 करोड़ रुपये तक की कीमत वाला ऐतिहासिक स्ट्रैंकैली कैसल खरीदा है। 16000 वर्ग फीट में फैले इस गॉथिक रिवाइवल किले के साथ 440 एकड़ की जमीन भी शामिल है। यह प्रॉपर्टी जुकरबर्ग परिवार के आयरलैंड दौरे के दौरान इस्तेमाल होगी।

Advertisement

In Short

  • मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में 336 करोड़ रुपये तक कीमत वाला स्ट्रैंकैली कैसल खरीदा
  • 16000 वर्ग फीट के इस गॉथिक रिवाइवल किले के साथ 440 एकड़ की जमीन भी शामिल
  • जुकरबर्ग परिवार अमेरिका में रहेगा लेकिन आयरलैंड आने पर इस किले का इस्तेमाल करेगा

By Gaurav Kumar:

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक किला खरीदा है। यह खरीद ऑफ मार्केट डील के जरिए की गई है। स्ट्रैंकैली कैसल नाम की यह प्रॉपर्टी काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित है और इसके साथ 440 एकड़ की जमीन भी शामिल है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस किले की कीमत करीब 20 मिलियन से 30 मिलियन यूरो यानी लगभग 224 करोड़ से 336 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। इस खास प्रॉपर्टी की पहचान और इतिहास भी उतना ही दिलचस्प है जितना इसकी कीमत।

16000 वर्ग फीट में फैला है गॉथिक रिवाइवल किला

स्ट्रैंकैली कैसल एक तीन मंजिला गॉथिक रिवाइवल शैली की इमारत है, जिसे करीब 1830 में बनाया गया था। इसे पूर्व टोरी सांसद जॉन केली के लिए तैयार किया गया था। इस किले का आकार इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है।

किले का क्षेत्र इतना बड़ा है कि किचन से डाइनिंग रूम तक पहुंचने में करीब साढ़े चार मिनट की तेज चाल से चलना पड़ता है। आर्किटेक्ट जेम्स और जॉर्ज रिचर्ड पेन ने इस मुख्य इमारत के अलावा पास में एक टावर और रिवर ब्लैकवॉटर पर एक इनलेट क्वे भी डिजाइन किया था।

25 साल तक पुराने मालिकों ने किया रेस्टोरेशन

इस किले को खरीदने से पहले माइकल और जियानकार्ला एलेन बकली इसके मालिक थे। उन्होंने करीब 25 साल तक इस प्रॉपर्टी को संभाला और इसकी ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर रेस्टोरेशन कराया।

माइकल एलेन बकली लंदन की प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह संस्थापक हैं। पुराने मालिकों ने कहा कि उन्होंने इस घर को प्यार से संभाला और अब उन्हें खुशी है कि जुकरबर्ग परिवार भी इसकी देखभाल और सुधार का काम जारी रखेगा।

आयरलैंड से जुड़ाव बढ़ा रहे हैं जुकरबर्ग

जुकरबर्ग की यह पहली बड़ी आयरिश प्रॉपर्टी खरीद नहीं है। इससे पहले भी उनका नाम आयरलैंड की बड़ी एस्टेट खरीदने की कोशिश से जुड़ा था। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने काउंटी किल्डेयर में कास्टलमार्टिन हाउस और एस्टेट खरीदने में रुचि दिखाई थी, लेकिन यह सौदा नहीं हो पाया।

अब स्ट्रैंकैली कैसल के जरिए जुकरबर्ग ने आयरलैंड में अपनी एक खास प्रॉपर्टी हासिल कर ली है। यह जगह मेटा के अंतरराष्ट्रीय कामकाज से भी जुड़ी हुई है क्योंकि कंपनी का यूरोप मुख्यालय 2009 से आयरलैंड में है और वहां करीब 1500 कर्मचारी काम करते हैं।

अमेरिका में ही रहेंगे जुकरबर्ग परिवार

हालांकि किला खरीदने के बाद भी जुकरबर्ग और प्रिसिला चान अमेरिका में ही रहेंगे। यह प्रॉपर्टी उनके लिए आयरलैंड आने के दौरान इस्तेमाल होने वाला फैमिली रिट्रीट होगी।

स्ट्रैंकैली कैसल यॉगल से करीब 30 मिनट की दूरी पर ब्लैकवॉटर वैली में स्थित है। इसके आसपास कई अन्य प्रसिद्ध एस्टेट भी मौजूद हैं। यह खरीद जुकरबर्ग के आयरलैंड से व्यक्तिगत और कारोबारी दोनों तरह के जुड़ाव को दिखाती है।

Read more!
Advertisement