इंटरनेट पर मंडराया बड़े साइबर अटैक का खतरा! PHP में मिलीं दो गंभीर खामियां, वेबसाइट्स पर हैकिंग का जोखिम
इंटरनेट पर बड़े साइबर हमले का खतरा बढ़ गया है। लोकप्रिय प्रोग्रामिंग लैंग्वेज PHP में दो बेहद गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। इससे दुनियाभर की वेबसाइट्स की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि हैकर्स इन खामियों का फायदा उठा सकते हैं।

In Short
- PHP में मिलीं दो गंभीर सुरक्षा खामियां, साइबर हमले का खतरा।
- WordPress समेत कई बड़े प्लेटफॉर्म की सुरक्षा पर चिंता।
- PHP ने किया इमरजेंसी सिक्योरिटी अपडेट का ऐलान।
दुनियाभर की लाखों वेबसाइट्स पर साइबर अटैक का खतरा मंडरा रहा है। इंटरनेट पर बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाली प्रोग्रामिंग लैंग्वेज PHP में दो बेहद गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। इन खामियों को दूर करने के लिए PHP की सिक्योरिटी टीम ने इमरजेंसी अपडेट जारी करने का ऐलान किया है। वेबसाइट डेवलपर्स और यूजर्स को सलाह दी गई है कि अपडेट आते ही इसे इंस्टॉल कर लें।
PHP में मिलीं दो गंभीर सुरक्षा खामियां
PHP की सिक्योरिटी टीम के मुताबिक, दोनों खामियां बेहद गंभीर हैं। इन्हें CVSS v4.0 स्केल पर 10 में से 9.2 की रेटिंग दी गई है। टीम ने बताया कि इन खामियों को ठीक करने वाला सिक्योरिटी अपडेट 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे UTC यानी भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:30 बजे जारी किया जाएगा।
PHP ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि सभी यूजर्स को अभी से अपडेट की तैयारी कर लेनी चाहिए, ताकि नया वर्जन आते ही इसे इंस्टॉल किया जा सके।
हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि खामियां क्या हैं और PHP के कौन-कौन से वर्जन प्रभावित हुए हैं।
क्या इंटरनेट पर लीक हो गई खामियों की जानकारी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन सुरक्षा खामियों की जानकारी 20 अक्टूबर को ऑनलाइन लीक हो गई थी। सिक्योरिटी कंपनियों ने इन्हें रिमोट कोड एग्जीक्यूशन से जुड़ी खामियां बताया है। इन्हें CVE-2026-109618 और CVE-2026-109619 के नाम से ट्रैक किया जा रहा है।
एक स्क्रीनशॉट और वीडियो में PHP2Shell नाम का टूल दिखाया गया है, जिसके जरिए कथित तौर पर WordPress, MediaWiki, Magento, Joomla, Laravel, Drupal और दूसरे प्लेटफॉर्म के सर्वर पर कोड चलाया जा सकता है।
इस टूल में दावा किया गया है कि यह PHP 5.4.0 और उसके बाद के वर्जन पर काम करता है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हैकर्स के हाथ लग सकता है वेबसाइट का कंट्रोल
साइबर सिक्योरिटी कंपनी WatchTowr के मुताबिक, अपुष्ट रिपोर्ट्स बताती हैं कि इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स किसी PHP सर्वर पर अपना कोड चला सकते हैं और संभावित रूप से उसका कंट्रोल हासिल कर सकते हैं।
सिक्योरिटी कंपनी Sansec ने चेतावनी दी है कि अपडेट जारी होने के 15 मिनट के भीतर बड़े पैमाने पर साइबर हमले शुरू हो सकते हैं।
WordPress वेबसाइट्स के लिए भी खतरा
PHP का इस्तेमाल Wikipedia और WordPress जैसी कई बड़ी वेबसाइट्स और प्लेटफॉर्म पर होता है। सिक्योरिटी कंपनी Wordfence के मुताबिक, यह अपडेट सभी WordPress वेबसाइट मालिकों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि हर WordPress वेबसाइट PHP वाले सर्वर पर चलती है।
PHP टीम ने कहा है कि अगर खामियों की जानकारी सार्वजनिक होती है या इनके जरिए हमलों के सबूत मिलते हैं, तो अपडेट तय समय से पहले भी जारी किया जा सकता है।
फिलहाल इन खामियों और इनके वास्तविक खतरे की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। अपडेट जारी होने के बाद स्थिति ज्यादा स्पष्ट होने की उम्मीद है।