Mac में स्टोरेज की टेंशन होगी खत्म, यह टूल खाली कर सकता है 12GB तक स्पेस

Mac में स्टोरेज कम पड़ रही है तो एक नया ओपन-सोर्स टूल आपके काम आ सकता है। यह लोकली स्टोर AI मॉडल्स को हटाकर करीब 12GB या इससे ज्यादा स्पेस खाली कर सकता है। हालांकि, इसका इस्तेमाल करने से पहले इसके नुकसान जानना जरूरी है, क्योंकि कई Apple Intelligence फीचर्स बंद हो जाएंगे।

Advertisement

In Short

  • RemoveMacAI टूल Mac से लोकली स्टोर AI मॉडल्स को हटा सकता है
  • कुछ यूजर्स ने 12GB से ज्यादा स्टोरेज खाली होने की जानकारी दी है
  • AI मॉडल हटाने के बाद Apple Intelligence के कई फीचर्स काम नहीं करेंगे

By Gungun Mishra:

Mac यूजर्स के लिए स्टोरेज की कमी एक बड़ी परेशानी बन सकती है, खासकर उन लोगों के लिए जिनके पास 256GB स्टोरेज वाला मॉडल है। अब एक नया ओपन-सोर्स टूल सामने आया है, जो Mac में लोकली स्टोर एप्पल इंटेलिजेंस के AI मॉडल्स को हटाकर करीब 12GB या इससे ज्यादा स्टोरेज खाली करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसका इस्तेमाल करने पर एप्पल इंटेलिजेंस से जुड़े कई फीचर्स काम करना बंद कर देंगे।

Apple Intelligence बंद करने पर भी नहीं हटते मॉडल

एप्पल ने macOS 27 में एप्पल इंटेलिजेंस को पूरी तरह बंद करना पहले से मुश्किल कर दिया है। यूजर्स अलग-अलग AI फीचर्स को बंद कर सकते हैं, लेकिन ऐसा करने से Mac में पहले से डाउनलोड हुए AI मॉडल जरूरी नहीं कि डिलीट हो जाएं। यानी ये मॉडल डिवाइस की स्टोरेज इस्तेमाल करते रह सकते हैं।

सीमित स्टोरेज वाले Mac यूजर्स के लिए यह ज्यादा परेशानी की बात हो सकती है। खासकर 256GB मॉडल में कुछ GB स्टोरेज भी काफी मायने रखती है।

RemoveMacAI कैसे करता है काम?

इस समस्या के लिए RemoveMacAI नाम का एक ओपन-सोर्स कमांड-लाइन टूल सामने आया है। MacRumors की रिपोर्ट के मुताबिक, यह टूल Mac में पहले से मौजूद लोकल AI मॉडल्स को हटाता है। इसके साथ ही यह कोशिश करता है कि macOS इन मॉडल्स को दोबारा डाउनलोड न कर पाए।

RemoveMacAI इसके लिए एक कॉन्फिगरेशन प्रोफाइल का इस्तेमाल करता है, जो एप्पल की एसेट मैनेजमेंट सर्विस को AI मॉडल डाउनलोड करने से रोकता है। इसके अलावा भविष्य में होने वाली डाउनलोड की कोशिशों को एक बंद लोकल पोर्ट पर रीडायरेक्ट किया जाता है, जिससे फाइल्स दोबारा डाउनलोड नहीं होतीं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

12GB से ज्यादा स्टोरेज भी हो सकती है खाली

इस प्रक्रिया के लिए यूजर को System Integrity Protection यानी SIP को बंद करने की जरूरत नहीं पड़ती। साथ ही प्रोटेक्टेड सिस्टम लोकेशन से फाइल्स को मैन्युअली हटाने की जरूरत भी नहीं है।

कितनी स्टोरेज खाली होगी, यह Mac में मौजूद मॉडल्स पर निर्भर करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ यूजर्स ने 12GB से ज्यादा स्टोरेज वापस मिलने की जानकारी दी है।

इन Apple फीचर्स से धोना पड़ेगा हाथ

AI मॉडल्स हटाने का एक बड़ा नुकसान भी है। ऐसा करने के बाद सिरी के एआई फीचर्स, राइटिंग टूल्स, जेनमोजी, इमेज प्लेग्राउंड, चैटजीपीटी इंटीग्रेशन, समरी, स्मार्ट रिप्लाई, इनलाइन प्रेडिक्शन, फोटोज क्लीन अप, स्पैशियल फोटोज और एक्सकोड प्रेडिक्टिव कम्प्लीशन जैसे फीचर्स काम नहीं करेंगे।जैसे फीचर्स काम नहीं करेंगे। हालांकि, Dictation काम करता रहेगा।

इस्तेमाल करने से पहले जान लें यह बात

RemoveMacAI को पिछले हफ्ते रिलीज किए जाने के बाद GitHub पर सैकड़ों स्टार मिले हैं। Reddit और Hacker News पर भी इसे लेकर चर्चा हुई है। हालांकि, MacRumors इस टूल को इस्तेमाल करने की सलाह नहीं देता और यूजर्स को इसे अपने जोखिम पर इस्तेमाल करना होगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल ने macOS 26.4 में उन configuration-profile keys को deprecated कर दिया था, जिनका यह टूल इस्तेमाल करता है। फिलहाल ये macOS 27.0.1 में काम कर रही हैं, लेकिन एप्पल भविष्य के अपडेट में इन्हें बंद कर सकता है। टूल में पुराने सेटअप को वापस लाने के लिए revert command भी दी गई है।

Read more!
Advertisement