AI की रेस में L&T ने बढ़ाया कदम! NVIDIA के साथ चेन्नई में तैयार होगा विशाल कंप्यूटिंग हब

Larsen & Toubro (L&T) को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर में एक बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी अपनी सब्सिडियरी LTN Compute के जरिए चेन्नई डेटा सेंटर में NVIDIA के एडवांस B300 GPU लगाएगी। यह प्रोजेक्ट 10,000 GPU वाले AI क्लस्टर से जुड़ा है। खास बात यह है कि कंपनी चेन्नई में एक विशाल AI फैक्ट्री भी विकसित कर रही है। जानिए पूरा प्लान।

Advertisement
L&T को चेन्नई में NVIDIA B300 GPU की तैनाती के लिए बड़ा AI इंफ्रास्ट्रक्चर ऑर्डर मिला है। (AI Generated Image)
L&T को चेन्नई में NVIDIA B300 GPU की तैनाती के लिए बड़ा AI इंफ्रास्ट्रक्चर ऑर्डर मिला है। (AI Generated Image)

In Short

  • L&T को NVIDIA B300 GPU लगाने के लिए बड़ा AI कॉन्ट्रैक्ट मिला।
  • चेन्नई में 10,000 GPU वाले AI क्लस्टर का विस्तार होगा।
  • AI फैक्ट्री के पहले चरण की क्षमता 250 MW होगी।

By Shakshi:

इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की दिग्गज कंपनी Larsen & Toubro (L&T) को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी ने सोमवार, 23 नवंबर 2026 को इसकी जानकारी दी। इस ऑर्डर के तहत चेन्नई स्थित डेटा सेंटर में NVIDIA के एडवांस B300 GPU लगाए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट भारत में तेजी से बढ़ते AI इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

L&T को मिला कई साल का कॉन्ट्रैक्ट

कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, L&T ग्रुप की कंपनी Vyoma.AI ने अपनी AI इंफ्रास्ट्रक्चर सब्सिडियरी LTN Compute के जरिए एक AI इंफरेंस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर के साथ कई साल का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है।

इसके तहत चेन्नई डेटा सेंटर में अतिरिक्त NVIDIA B300 GPU लगाए जाएंगे। यह तैनाती 10,000 GPU वाले बड़े क्लस्टर का हिस्सा होगी।

इस इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने, उनकी फाइन-ट्यूनिंग करने और उन्हें बड़े व्यावसायिक स्तर पर इस्तेमाल करने के लिए किया जाएगा।

हालांकि, कंपनी ने इस ऑर्डर की सटीक रकम और ग्राहक के नाम का खुलासा नहीं किया है।

चेन्नई में बनेगी बड़ी AI फैक्ट्री

L&T चेन्नई में एक इंटीग्रेटेड AI फैक्ट्री विकसित कर रही है। इसमें बड़े डेटा सेंटर, एडवांस कंप्यूटिंग सिस्टम, हाई-परफॉर्मेंस नेटवर्किंग और तेज डेटा स्टोरेज जैसी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध होंगी।

कंपनी का उद्देश्य ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है, जहां बड़े और जटिल AI मॉडल को तेजी से चलाया जा सके।

यह AI फैक्ट्री Vyoma.AI के चेन्नई कैंपस में विकसित की जा रही है। कंपनी इसे भविष्य में गीगावाट स्तर के AI इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में तैयार करना चाहती है।

पहले चरण में 250 MW क्षमता की योजना

कंपनी के मुताबिक, चेन्नई AI फैक्ट्री के पहले चरण को 250 मेगावाट (MW) क्षमता के हिसाब से डिजाइन किया गया है।

इसके लिए 150 MVA की बिजली संबंधी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयारी का भी जिक्र किया गया है। भविष्य में मांग बढ़ने पर इस प्रोजेक्ट की क्षमता का विस्तार किया जा सकेगा।

L&T के चेयरमैन ने क्या कहा?

L&T के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एस एन सुब्रह्मण्यन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उद्योगों को बदल रहा है और AI फैक्ट्रियां इस बदलाव के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने कहा कि अतिरिक्त GPU की तैनाती भारत में विश्वस्तरीय AI इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की कंपनी की योजना में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

AI सेक्टर में L&T की बड़ी तैयारी

LTN Compute देश में AI डेटा सेंटर, सॉवरेन क्लाउड प्लेटफॉर्म, GPU-as-a-Service और AI से जुड़ी अन्य डिजिटल सेवाओं का विस्तार कर रही है।

इन सेवाओं का इस्तेमाल सरकारी संस्थाएं, बड़ी कंपनियां, क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर और AI डेवलपर्स कर सकेंगे। कंपनी का मानना है कि इस प्रोजेक्ट से भारत की एडवांस कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ेगी और ग्लोबल AI इंफ्रास्ट्रक्चर बाजार में देश की स्थिति मजबूत होगी।

Read more!
Advertisement