आधी रात को बीच सड़क पर एक मैकेनिक का मददगार बना ChatGPT, हैरान कर देगी ये खबर!

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सुनसान हाईवे पर रात 11:30 बजे पत्रकार निशीथ उपाध्याय की कार का टायर फट गया। आसपास कोई मैकेनिक नहीं था, लेकिन पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने उन्हें ऐसी सलाह दी कि वह हैरान रह गए। इसके बाद ChatGPT और Instagram की मदद से समस्या सुलझी। जानिए कैसे दो अनजान लोगों ने मुश्किल वक्त में उनकी मदद की।

Advertisement
आधी रात को हाईवे पर फटी कार का टायर बदलने में ChatGPT और Instagram के जरिए मिली मदद। (AI Generated Image)
आधी रात को हाईवे पर फटी कार का टायर बदलने में ChatGPT और Instagram के जरिए मिली मदद। (AI Generated Image)

In Short

  • पश्चिमी यूपी में रात 11:30 बजे पत्रकार की कार का टायर फटा, आसपास मैकेनिक नहीं मिला।
  • पेट्रोल पंप कर्मचारी ने ChatGPT पर फोटो डालकर मदद लेने की सलाह दी।
  • Instagram पर 7,000 फॉलोअर्स वाले मैकेनिक ने वीडियो कॉल से टायर बदलवाया।

By Shakshi:

उत्तर प्रदेश के एक सुनसान हाईवे पर रात के साढ़े 11 बजे अचानक कार का टायर फट जाए और आसपास कोई मैकेनिक भी न मिले, तो मुश्किल बढ़ना तय है। लेकिन पत्रकार निशीथ उपाध्याय (Nisheeth Upadhyay) के साथ हुई एक घटना ने दिखाया कि कैसे ChatGPT और Instagram छोटे शहरों में भी लोगों की मदद कर रहे हैं।

निशीथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती साझा की है। उन्होंने बताया कि कुछ हफ्ते पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गड्ढों से भरे हाईवे पर उनकी कार का अगला दायां टायर फट गया था।

पेट्रोल पंप पर पहुंचकर मांगी मदद

टायर फटने के बाद निशीथ करीब 200 मीटर दूर इंडियन ऑयल के एक छोटे पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां रोशनी बहुत कम थी और आसपास टायर ठीक करने वाली कोई दुकान भी नजर नहीं आ रही थी।

उन्होंने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी से मदद मांगी। कर्मचारी तुरंत तैयार हो गया।

दोनों ने तय किया कि खराब टायर की जगह स्टेपनी लगाई जाए, ताकि कार को अगले शहर तक पहुंचाया जा सके।

जब ChatGPT ने बताई टायर खोलने की तरकीब

निशीथ ने इसी साल जनवरी में कार खरीदी थी, इसलिए वह उसके टूलकिट को पूरी तरह नहीं समझते थे। टायर खोलते समय पता चला कि रिंच पहिए के बोल्ट पर फिट नहीं हो रही है।

काफी कोशिश के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सुझाव दिया, 'फोटो लेकर ChatGPT पर डालिए, बता देगा क्या करना है।'

निशीथ ने ऐसा ही किया। इसके बाद पता चला कि बोल्ट के ऊपर एक कैप लगी थी, जिसे हटाना जरूरी था।

कैप हटाने के बाद सभी बोल्ट खुल गए।

Instagram के कंटेंट क्रिएटर ने किया कमाल

बोल्ट खुलने के बावजूद टायर बुरी तरह फंसा हुआ था। हाथ और पैर से कोशिश करने पर भी वह नहीं निकला।

इसी दौरान पेट्रोल भरवाने आया एक बाइक सवार मदद के लिए आगे आया। वह पहले एक मैकेनिक को खोजने गया, लेकिन दुकान बंद थी।

इसके बाद उसे एक ऐसे व्यक्ति की याद आई, जो पहले मैकेनिक था और अब Instagram पर गाड़ी-बाइक ठीक करने के वीडियो बनाता था। उसके करीब 7,000 फॉलोअर्स थे।

बाइक सवार ने Instagram पर मैसेज करके उसका नंबर लिया और फिर वीडियो कॉल की।

कंटेंट क्रिएटर ने वीडियो कॉल पर टायर निकालने का तरीका समझाया। उसकी मदद से आखिरकार स्टेपनी लग गई।

मदद के बदले पैसे लेने से किया इनकार

निशीथ इस घटना से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने मदद करने वालों को पैसे देने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने इनकार कर दिया।

पेट्रोल पंप कर्मचारी ने कहा, 'सफर में हमेशा लोगों की मदद करनी चाहिए।' निशीथ के मुताबिक, इस अनुभव ने दिखाया कि AI और सोशल मीडिया की पहुंच छोटे शहरों और गांवों तक कितनी बढ़ चुकी है।

एक तरफ ChatGPT ने तकनीकी समस्या सुलझाने में मदद की, तो दूसरी तरफ Instagram ने दूर बैठे मैकेनिक से जोड़ दिया।

Read more!
Advertisement