‘Hey Jio’ बोलते ही कॉल में शामिल होगा AI! कैब बुकिंग से फूड ऑर्डर तक करेगा काम, आकाश अंबानी ने किया बड़ा ऐलान
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं सालाना आम बैठक (AGM) में रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी ने इस नई सर्विस का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह एक नेटिव AI वॉयस असिस्टेंट होगा, जिसे इस्तेमाल करने के लिए अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रिलायंस जियो जल्द ही एक ऐसा AI आधारित वॉयस असिस्टेंट लॉन्च करने जा रहा है जो फोन कॉल के दौरान बातचीत सुन सकेगा, उसका ट्रांसक्रिप्शन तैयार करेगा और यूजर की ओर से कैब बुक करने से लेकर खाना ऑर्डर करने जैसे काम भी कर सकेगा। कंपनी इस सेवा को ‘Jio Call Agent’ के नाम से पेश करेगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं सालाना आम बैठक (AGM) में रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी ने इस नई सर्विस का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह एक नेटिव AI वॉयस असिस्टेंट होगा, जिसे इस्तेमाल करने के लिए अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
‘Hey Jio’ कहकर कॉल में जुड़ जाएगा AI
जियो कॉल एजेंट सीधे जियो के टेलीकॉम नेटवर्क में इंटीग्रेट होगा और कंपनी के 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। यह भारतीय भाषाओं को भी सपोर्ट करेगा, जिससे अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषाओं के यूजर्स तक भी AI सर्विस की पहुंच बढ़ सकती है।
कॉल के दौरान यूजर 'Hey Jio' कहकर इस असिस्टेंट को बातचीत में शामिल कर सकेंगे। हालांकि इसके लिए कॉल में मौजूद अन्य लोगों की सहमति जरूरी होगी।
कॉल की समरी और एक्शन पॉइंट्स भी बनाएगा
कंपनी के मुताबिक, यह AI असिस्टेंट रियल-टाइम में कॉल ट्रांसक्राइब कर सकेगा और कॉन्फ्रेंस कॉल में 10 अलग-अलग वक्ताओं की पहचान भी कर पाएगा। बातचीत खत्म होने के बाद यह कॉल का समरी तैयार करेगा, जरूरी एक्शन पॉइंट्स निकालेगा और रिमाइंडर बनाकर यूजर्स के साथ शेयर कर सकेगा।
जियो का दावा है कि यूजर कॉल छोड़े बिना ही रेस्तरां में टेबल बुक कर सकेंगे, खाना ऑर्डर कर सकेंगे, कैब बुक कर सकेंगे या मीटिंग शेड्यूल कर सकेंगे।
AI इकोसिस्टम पर बड़ा दांव
Jio Call Agent, रिलायंस की ब्रॉडर AI रणनीति का हिस्सा है। कंपनी कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, एंटरप्राइज होस्टिंग और उपभोक्ता सेवाओं को जोड़कर एक एंड-टू-एंड AI इकोसिस्टम तैयार करने पर काम कर रही है।
आकाश अंबानी ने बताया कि ग्रुप की AI यूनिट Reliance Intelligence जामनगर में एक बड़े ‘सॉवरेन AI’ इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रही है। इसका पहला 120 मेगावाट फेज 2026 के अंत तक चालू होने की उम्मीद है।