चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा 5G सब्सक्राइबर बेस, आकाश अंबानी ने बताया AI और 6G का प्लान

Jio IPO से पहले आकाश अंबानी ने कंपनी के 5G नेटवर्क, AI सर्विस और 6G की तैयारियों को लेकर बड़ी जानकारी दी है। जियो अब अपनी नई Voice AI सर्विस 53 करोड़ भारतीयों तक पहुंचाने की योजना बना रही है। वहीं, 6G को लेकर कंपनी का प्लान भी काफी अलग है। जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • जियो ने सिर्फ 3 साल में चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा 5G सब्सक्राइबर बेस तैयार किया।
  • जियो की नई Voice AI सर्विस 53 करोड़ भारतीयों तक पहुंच सकती है, 12 से ज्यादा भाषाओं में मिलेगी सुविधा।
  • आकाश अंबानी ने बताया 6G का प्लान, नए इंफ्रास्ट्रक्चर के बजाय सॉफ्टवेयर अपग्रेड पर जोर।

By Sonam:

रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और डिजिटल कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (Jio Platforms Ltd) भारत का सबसे बड़ा IPO लाने की तैयारी कर रही है। इस बीच कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने जियो की 5G टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। उन्होंने बताया कि जियो ने सिर्फ तीन साल में चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा 5G सब्सक्राइबर बेस तैयार कर लिया है। अब कंपनी इसी नेटवर्क के जरिए 53 करोड़ भारतीयों तक अपनी नई Voice AI सर्विस पहुंचाने की तैयारी में है।

तीन साल में बनाया दुनिया का बड़ा 5G नेटवर्क

15 अक्टूबर 2026 को जियो IPO से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश अंबानी ने बताया कि कंपनी ने सिर्फ तीन साल पहले 5G नेटवर्क शुरू किया था। आज जियो के पास चीन के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा 5G सब्सक्राइबर बेस है।

उन्होंने दावा किया कि जियो ने दुनिया में सबसे तेजी से ग्राहकों को 4G से 5G नेटवर्क पर शिफ्ट किया है। आकाश अंबानी के मुताबिक, भारत की डिजिटल ग्रोथ में 60 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी को आगे बढ़ाने में जियो की भूमिका रही है। यही कंपनी की EBITDA ग्रोथ का भी आधार बना है।

53 करोड़ भारतीयों तक पहुंचेगी Voice AI सर्विस

आकाश अंबानी ने जियो की नई Voice AI सर्विस के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी अपने एंड-टू-एंड 5G नेटवर्क की मदद से इस सर्विस को 53 करोड़ भारतीयों तक पहुंचा सकती है।

यह AI सर्विस फोन कॉल के दौरान बातचीत का सारांश तैयार करने और ट्रांसक्रिप्शन जैसे मुश्किल काम कर सकती है। खास बात यह है कि यह सुविधा 12 से ज्यादा भारतीय भाषाओं में काम कर सकती है।

कंपनी आने वाले समय में ग्राहकों के लिए AI से जुड़े और भी नए फीचर्स लाने की योजना बना रही है।

खुद की टेक्नोलॉजी पर जियो का बड़ा दांव

आकाश अंबानी ने बताया कि जियो ने ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अपना टेक्नोलॉजी स्टैक तैयार किया है।

उनके मुताबिक, कंपनी का मकसद ग्राहकों को ऐसी डिजिटल सर्विसेज देना है, जिनका उन्होंने पहले अनुभव नहीं किया हो। उन्होंने कहा कि अपनी टेक्नोलॉजी विकसित करना जियो के बिजनेस मॉडल में एक सोच-समझकर किया गया बदलाव है।

6G के लिए नए इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं?

आकाश अंबानी ने जियो की भविष्य की 6G योजनाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 6G कंपनी की अगली प्राथमिकताओं में शामिल है।

उनके मुताबिक, जियो की योजना 6G को नए इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के बजाय सॉफ्टवेयर अपग्रेड के जरिए लागू करने की है।

IPO से पहले आकाश अंबानी के इन बयानों से साफ है कि जियो अपनी 5G नेटवर्क क्षमता, AI सर्विसेज और खुद की टेक्नोलॉजी को भविष्य की ग्रोथ का अहम आधार मान रही है।

Read more!
Advertisement