iQOO 16 और iQOO 16s की लॉन्च डेट का खुलासा, जानें कीमत और दमदार फीचर्स

iQOO अपने दो नए स्मार्टफोन iQOO 16 और iQOO 16s लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने दोनों स्मार्टफोन की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। लॉन्च से पहले इनके डिजाइन और कलर ऑप्शंस का खुलासा हुआ है। जानिए इनमें क्या खास फीचर्स मिलेंगे और भारत में कब होगी एंट्री।

Advertisement

In Short

  • iQOO 16 और iQOO 16s मलेशिया में 8 दिसंबर को होंगे लॉन्च।
  • iQOO 16 में मिलेगी 8,400mAh की बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग।
  • iQOO 16 में तीन 50 मेगापिक्सल के रियर कैमरे और 16GB तक रैम मिलेगी।

By Gaurav Kumar:

स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी iQOO अपने प्रीमियम स्मार्टफोन पोर्टफोलियो का विस्तार करने की तैयारी में है। कंपनी जल्द ही iQOO 16 और iQOO 16s को ग्लोबल मार्केट में पेश करने वाली है। लॉन्च से पहले ही कंपनी ने दोनों स्मार्टफोन की झलक दिखा दी है। इनमें दमदार प्रोसेसर, शानदार कैमरा और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स देखने को मिलेंगे। आइए जानते हैं इन स्मार्टफोन की लॉन्च डेट, डिजाइन, फीचर्स और कीमत से जुड़ी पूरी जानकारी।

कब लॉन्च होंगे दोनों स्मार्टफोन?

iQOO 16 और iQOO 16s को कंपनी 8 दिसंबर को मलेशिया में लॉन्च करेगी। कंपनी ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर दोनों स्मार्टफोन की प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है। प्री-बुकिंग पेज पर स्मार्टफोन के नाम, डिजाइन और कलर ऑप्शंस का खुलासा किया गया है। मलेशिया में लॉन्च के बाद आने वाले कुछ हफ्तों में इन्हें भारतीय बाजार में भी पेश किए जाने की उम्मीद है।

कैसा होगा स्मार्टफोन का डिजाइन?

iQOO 16s के रियर पैनल पर आयताकार कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें तीन कैमरा सेंसर मौजूद हैं। कैमरा लेंस के चारों ओर मेटैलिक रिंग दी गई हैं। कैमरा मॉड्यूल के नीचे दाईं ओर गोल LED फ्लैश है। इसके अलावा कैमरा सेटअप पर एक रेड डॉट और '100X' की मार्किंग भी देखने को मिली है।

किन कलर ऑप्शंस में होंगे उपलब्ध?

कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, iQOO 16 को अल्फा (Alpha) और मैट्रिक्स (Matrix) कलर ऑप्शंस में पेश किया जाएगा। वहीं, iQOO 16s वेक्टर ग्रे और शैडो ब्लैक कलर में उपलब्ध होगा।

मिलेगा दमदार प्रोसेसर

चीन में पहले ही लॉन्च हो चुके iQOO 16 में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 एलीट एक्सट्रीम जेन 6 प्रोसेसर दिया गया है। वहीं, iQOO 16s में स्नैपड्रैगन 8s जेन 4 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

डिस्प्ले और स्टोरेज

iQOO 16 के चीनी मॉडल में 6.85 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 2K रेजोल्यूशन और 165Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। स्मार्टफोन में 16GB तक रैम और 1TB तक इंटरनल स्टोरेज का ऑप्शन मिलता है।

फोटोग्राफी के लिए तीन 50MP कैमरे

फोटोग्राफी के लिए iQOO 16 में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसके तीनों कैमरा सेंसर 50 मेगापिक्सल के हैं। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।

8,400mAh की बड़ी बैटरी

iQOO 16 में 8,400mAh की बैटरी दी गई है, जो 100W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है। धूल और पानी से बचाव के लिए स्मार्टफोन को IP68 और IP69 रेटिंग भी मिली है।

कितनी है स्मार्टफोन की कीमत?

चीन में iQOO 16 के 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले वेरिएंट को 5,999 चीनी युआन यानी करीब 86,000 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। हालांकि, भारत में दोनों स्मार्टफोन की कीमत का खुलासा होना अभी बाकी है।

Read more!
Advertisement