खरीदने के तीन दिन बाद ही खराब हुआ iPhone 14, ग्राहक ने उठाया ऐसा कदम कि मुफ्त में होगी रिपेयरिंग

अगर आप भी iPhone इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके काम की है। वारंटी में होने के बावजूद एक ग्राहक से iPhone 14 की रिपेयरिंग के लिए हजारों रुपये मांगे गए। मामला उपभोक्ता आयोग तक पहुंचा, जहां Apple की दलीलों और दस्तावेजों की जांच के बाद अहम फैसला सुनाया गया।

Advertisement

In Short

  • वारंटी के बावजूद iPhone 14 की रिपेयरिंग के लिए मांगे गए 42,900 रुपये
  • Apple ने फिजिकल डैमेज का हवाला देकर मुफ्त रिपेयरिंग से किया था इनकार
  • उपभोक्ता आयोग ने मुफ्त रिपेयरिंग और 5,500 रुपये के भुगतान का दिया आदेश

By Urvashi Raghav:

वारंटी में होने के बावजूद iPhone 14 की रिपेयरिंग के लिए ग्राहक से हजारों रुपये मांगना Apple India को महंगा पड़ गया है। हरियाणा के पानीपत में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कंपनी को ग्राहक का फोन मुफ्त में ठीक करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही कंपनी को मुआवजे और कानूनी खर्च के तौर पर 5,500 रुपये भी देने होंगे। आयोग ने 12 नवंबर को दिए अपने फैसले में कंपनी को फोन ठीक करने के लिए 45 दिनों का समय दिया है।

खरीदने के तीन दिन बाद ही आई फोन में खराबी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला उत्तराखंड के काशीपुर स्थित मेसर्स ओम फोटो फ्रेम से जुड़ा है। ग्राहक ने 19 फरवरी 2023 को पानीपत की एक दुकान से iPhone 14 खरीदा था। खरीदने के महज तीन दिन बाद ही फोन के डिस्प्ले में दिक्कत आने लगी। AppleCare ने फोन की जांच करने के बाद 22 फरवरी 2023 को उसकी जगह नया फोन दे दिया था।

स्पीकर में खराबी और गर्म होने लगा फोन

14 नवंबर 2023 को ग्राहक ने देखा कि फोन का स्पीकर ठीक से काम नहीं कर रहा था और फोन ज्यादा गर्म भी हो रहा था। इसके बाद ग्राहक Apple के अधिकृत सर्विस सेंटर पहुंचा। वहां शुरुआत में बताया गया कि फोन वारंटी में है और एक हफ्ते के अंदर इसे ठीक कर दिया जाएगा।

21 नवंबर को ग्राहक को बताया गया कि फोन को आगे की जांच के लिए बेंगलुरु भेजा जाएगा। कुछ दिनों बाद सर्विस सेंटर के प्रतिनिधि ने कथित तौर पर माइक्रोफोन की जाली खराब होने की बात कही और रिपेयरिंग के लिए 79,000 रुपये मांगे।

फिर मांगे गए 42,900 रुपये

ग्राहक 1 दिसंबर को दोबारा सर्विस सेंटर पहुंचा। वहां फोन की जांच के साथ स्पीकर की सफाई की गई और सॉफ्टवेयर अपडेट किया गया। हालांकि, 14 दिसंबर को फिर माइक्रोफोन की जाली खराब होने की बात कहकर रिपेयरिंग के लिए 42,900 रुपये मांगे गए। इसके बाद ग्राहक ने उपभोक्ता आयोग का रुख किया।

Apple ने क्या दी सफाई?

Apple India ने आयोग के सामने कहा कि फोन में फिजिकल डैमेज था, जो कंपनी की एक साल की वारंटी के दायरे में नहीं आता है। कंपनी ने यह भी कहा कि ग्राहक ने रिपेयरिंग का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया था।

आयोग ने क्यों दिया मुफ्त रिपेयरिंग का आदेश?

आयोग ने सर्विस रिकॉर्ड, मैसेज और अन्य दस्तावेजों की जांच की। इसमें पाया गया कि कंपनी ऐसा कोई एक्सपर्ट टेक्नीशियन रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी, जिससे साबित हो कि ग्राहक की लापरवाही के कारण फोन खराब हुआ था।

आयोग ने इसे सेवा में कमी मानते हुए Apple India को 45 दिनों के अंदर मुफ्त में फोन ठीक करने और मुआवजे व कानूनी खर्च के लिए 5,500 रुपये देने का आदेश दिया।

Read more!
Advertisement