10 साल बाद Instagram का बदला लुक, जानिए रेट्रो कैमरे से नए वर्डमार्क तक की पूरी कहानी
एक समय था जब Instagram सिर्फ तस्वीरें शेयर करने का प्लेटफॉर्म था और उसका कैमरा लोगो ही उसकी पहचान हुआ करता था। आज वही Instagram रील्स और वीडियो के दौर में पहुंच चुका है। आखिर क्यों कंपनी ने बार-बार अपना लोगो बदला और हर बदलाव के पीछे क्या थी सोच? जानिए पूरी कहानी।

In Short
- Instagram ने 2010 के कैमरा लोगो से 2026 के नए वर्डमार्क तक लंबा सफर तय किया।
- 2016 में कंपनी ने रेट्रो कैमरा लोगो हटाकर नया सिंपल डिजाइन पेश किया था।
- 2026 में सिर्फ Instagram के लिखे हुए नाम यानी वर्डमार्क को अपडेट किया गया है।
Instagram New Logo 2026: इंस्टाग्राम आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। हालांकि, इसकी शुरुआत जिस मकसद से हुई थी, वह समय के साथ काफी बदल चुका है। कभी यह प्लेटफॉर्म सिर्फ फोटो शेयर करने और अपनी यादें दिखाने के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां शॉर्ट वीडियो और रील्स का दबदबा है।
इंस्टाग्राम की पहचान बदलने के साथ इसका लोगो भी कई बार बदला। 2010 में एक कैमरे से शुरू हुआ सफर अब 2026 में नए वर्डमार्क तक पहुंच चुका है। हर बदलाव के पीछे कंपनी की बदलती सोच और यूजर की पसंद को ध्यान में रखा गया।
2010 में हुई थी असली कैमरे जैसे लोगो से शुरुआत
इंस्टाग्राम जब अक्टूबर 2010 में लॉन्च हुआ था, तब इसका लोगो आज के सिंपल डिजाइन जैसा नहीं था। इसमें एक पुराने कैमरे की पूरी तस्वीर दिखाई देती थी, जिसमें लेंस, फ्लैश और कैमरे की बॉडी जैसी डिटेल्स शामिल थीं।
इस लोगो को इंस्टाग्राम के को-फाउंडर केविन सिस्ट्रॉम ने बनाया था। उस समय ऐप डिजाइन में स्क्यूओमॉर्फिज्म का चलन था, जिसमें डिजिटल चीजों को असली दुनिया की वस्तुओं जैसा दिखाया जाता था।
रेट्रो कैमरा बना इंस्टाग्राम की पहचान
शुरुआती लोगो के बाद इंस्टाग्राम ने डिजाइनर और फोटोग्राफर कोल राइज की मदद से नया लोगो तैयार किया। यह डिजाइन पुराने कैमरे से प्रेरित था और इसमें रेट्रो लुक दिया गया था।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Meta पर NHRC की नजर, एडल्ट कंटेंट के पेड प्रमोशन मामले में मांगी गई रिपोर्ट
इस लोगो में बड़ा लेंस, व्यूफाइंडर और रेनबो स्ट्राइप इसकी खास पहचान बने। उस समय इंस्टाग्राम पर फोटो फिल्टर काफी लोकप्रिय थे, इसलिए यह डिजाइन ऐप के फीचर्स से भी जुड़ा हुआ था।
2011 में इसी कैमरा लोगो को और बेहतर बनाया गया। इसमें ज्यादा डिटेल, चमक और गहराई जोड़ी गई। यह डिजाइन 2016 तक इंस्टाग्राम की पहचान बना रहा।
2016 में बदला पूरा डिजाइन
मई 2016 में इंस्टाग्राम ने सबसे बड़ा बदलाव करते हुए पुराने कैमरा लोगो को हटाकर नया सिंपल आइकॉन पेश किया। इसमें पर्पल, पिंक, ऑरेंज और यलो रंगों का ग्रेडिएंट था और कैमरे को सिर्फ सफेद लाइन से दिखाया गया था।
इस बदलाव पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आईं। कई लोगों को पुराना रेट्रो कैमरा पसंद था, जबकि कुछ ने नए डिजाइन को स्वीकार करने में समय लिया।
कंपनी ने यह बदलाव इसलिए किया क्योंकि इंस्टाग्राम सिर्फ फोटो शेयरिंग ऐप नहीं रहा था। लोग वीडियो, नए टूल्स और एक्सप्लोर फीचर का इस्तेमाल करने लगे थे।
2022 में विजुअल पहचान हुई अपडेट
2022 में इंस्टाग्राम ने अपने ग्रेडिएंट को ज्यादा चमकदार बनाया और Instagram Sans नाम का नया फॉन्ट सिस्टम पेश किया। इस बदलाव का मकसद पुराने डिजाइन को बनाए रखते हुए उसे ज्यादा आधुनिक बनाना था।
2026 में बदला सिर्फ वर्डमार्क
13 अगस्त 2026 को इंस्टाग्राम ने करीब 10 साल बाद अपने लिखे हुए नाम यानी वर्डमार्क को अपडेट किया। हालांकि, ऐप का मशहूर कैमरा आइकॉन अभी भी वही है।
कंपनी के सीईओ एडम मोसेरी के मुताबिक, वर्डमार्क को लंबे समय बाद रिफ्रेश किया गया है ताकि यह ज्यादा साफ और आधुनिक नजर आए।
हालांकि, नए डिजाइन को लेकर इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ यूजर्स ने इसे पसंद किया, जबकि कुछ लोगों ने अक्षरों की डिजाइन को लेकर मजाक भी किया।