भारत बना Claude का दूसरा सबसे बड़ा बाजार, AI से ये काम सबसे ज्यादा कर रहे भारतीय
भारत में AI का इस्तेमाल अब सिर्फ सवाल पूछने तक सीमित नहीं रह गया है। लोग पढ़ाई, होमवर्क, कोडिंग, कंटेंट लिखने और बिजनेस से जुड़े कामों के लिए AI टूल्स का सहारा ले रहे हैं। Claude के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय यूजर्स इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल नए तरीके से कर रहे हैं।

In Short
- Claude पर होने वाली दुनियाभर की बातचीत में भारत की हिस्सेदारी 7.1%, अमेरिका के बाद दूसरा बड़ा बाजार।
- भारतीय यूजर्स AI का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होमवर्क, कोडिंग और तकनीकी कामों के लिए कर रहे हैं।
- इंजीनियर, प्रोग्रामर और छात्र भारत में AI के सबसे बड़े इस्तेमाल करने वाले समूह हैं।
Artificial Intelligence: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल भारत में तेजी से बढ़ रहा है। अब लोग इसका उपयोग सिर्फ सवालों के जवाब पाने के लिए नहीं, बल्कि पढ़ाई, कोडिंग, कंटेंट लिखने और नए आइडिया बनाने जैसे कामों के लिए भी कर रहे हैं। Anthropic Economic Index के नए आंकड़ों के मुताबिक, Claude पर दुनियाभर में होने वाली कुल बातचीत में 7.1% हिस्सा भारत से आता है। इस मामले में भारत अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है।
होमवर्क के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल
रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय यूजर्स Claude का सबसे ज्यादा इस्तेमाल पढ़ाई और होमवर्क के लिए करते हैं। Claude पर होने वाली कुल बातचीत में 7.9% बातचीत होमवर्क से जुड़ी होती है।
इसके बाद वेब डेवलपमेंट यानी वेबसाइट बनाने से जुड़े कामों का नंबर आता है। इसका हिस्सा 5.1% से ज्यादा है। इससे पता चलता है कि भारतीय लोग AI का इस्तेमाल सिर्फ जानकारी लेने के लिए नहीं, बल्कि अपने काम को आसान बनाने के लिए भी कर रहे हैं।
इसके अलावा लोग अपना परिचय लिखने, प्रमोशन के लिए कंटेंट तैयार करने, नया बिजनेस शुरू करने और बिजनेस से जुड़े कामों के लिए भी Claude की मदद ले रहे हैं।
AI से पढ़ाई और नए काम बनाने में मदद
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय यूजर्स AI का इस्तेमाल नई चीजें सीखने और अपने काम को बेहतर बनाने के लिए कर रहे हैं। Claude पर ट्रेनिंग, सर्टिफिकेट से जुड़ी पढ़ाई, गणित, कंप्यूटर की पढ़ाई, स्लाइड बनाने और खुद AI ऐप तैयार करने जैसे काम भी किए जा रहे हैं।
इससे साफ है कि भारत में AI का इस्तेमाल सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं है। लोग इसका उपयोग पढ़ाई, प्रोजेक्ट तैयार करने और नए आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए कर रहे हैं।
तकनीकी कामों में AI का ज्यादा इस्तेमाल
दुनिया के बाकी यूजर्स की तुलना में भारत में Claude का इस्तेमाल ज्यादा तकनीकी कामों के लिए किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में गणित और कंप्यूटर साइंस से जुड़े सवाल दुनिया के औसत से करीब दोगुने रहे।
वहीं AI ऐप बनाने का इस्तेमाल भी दुनिया के औसत से करीब 80% ज्यादा देखा गया। इसके अलावा डॉक्यूमेंट को दोबारा लिखने, छोटा करने, दूसरी भाषा में बदलने और सुधारने जैसे काम भी भारतीय यूजर्स ने औसत से करीब 60% ज्यादा किए।
इंजीनियर और छात्र सबसे ज्यादा इस्तेमाल कर रहे
काम के हिसाब से देखें तो भारत में Claude पर होने वाली हर चार में से करीब एक बातचीत सॉफ्टवेयर इंजीनियर, प्रोग्रामर, डेटा साइंस और AI से जुड़े लोगों की थी।
वहीं करीब 15% बातचीत पढ़ाई, रिसर्च, ट्यूशन और पढ़ाई से जुड़े कंटेंट को लेकर थी। इसके अलावा कई लोग आर्टिकल लिखने, कंटेंट तैयार करने, नए आइडिया सोचने, टेक्स्ट सुधारने और मार्केटिंग से जुड़े कामों के लिए भी Claude का इस्तेमाल कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में AI का इस्तेमाल खासतौर पर इंजीनियरिंग, कोडिंग, पढ़ाई और सॉफ्टवेयर बनाने जैसे क्षेत्रों में ज्यादा हो रहा है।