सालों से वैज्ञानिक नहीं सुलझा पाए ये 5 सवाल! IIT मद्रास के पूर्व छात्रों ने रखा 10 लाख डॉलर का इनाम
IIT मद्रास के दो पूर्व छात्रों ने दुनिया के वैज्ञानिकों और रिसर्चर्स के सामने एक अनोखा चैलेंज रखा है। उनकी स्टार्टअप कंपनी ने पांच ऐसी वैज्ञानिक समस्याओं को सुलझाने पर 10 लाख डॉलर का इनाम देने का ऐलान किया है, जिनका जवाब सालों से नहीं मिल पाया। दिलचस्प बात यह है कि एडवांस AI मॉडल भी इन्हें हल करने में नाकाम रहे।

In Short
- IIT मद्रास के पूर्व छात्रों ने रखा 10 लाख डॉलर का इनाम।
- पांच वैज्ञानिक समस्याओं में सबसे बड़ा इनाम 4 लाख डॉलर।
- एडवांस AI मॉडल भी नहीं सुलझा पाए ये समस्याएं।
दुनियाभर के वैज्ञानिक जिन समस्याओं का हल सालों से नहीं खोज पाए हैं, उन्हें सुलझाने के लिए अब बड़ा इनाम रखा गया है। IIT मद्रास के दो पूर्व छात्रों की स्टार्टअप कंपनी Discovered Materials ने पांच मुश्किल वैज्ञानिक समस्याओं का समाधान खोजने वालों के लिए कुल 10 लाख डॉलर (करीब ₹9 करोड़ से ज्यादा) के इनाम का ऐलान किया है।
TechCrunch की रिपोर्ट के मुताबिक, इन समस्याओं का संबंध सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ऊर्जा से जुड़ी तकनीकों से है। खास बात यह है कि एडवांस AI मॉडल भी इनका समाधान नहीं निकाल पाए हैं।
किसने शुरू किया यह अनोखा चैलेंज?
Discovered Materials की शुरुआत IIT मद्रास के पूर्व छात्र अद्वैत श्रीधर (Advaith Sridhar) और आकाश रामदास (Akash Ramdas) ने की थी।
दोनों की मुलाकात एक दशक से भी पहले IIT मद्रास में हुई थी। उनकी कंपनी अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में स्थित है और AI की मदद से सेमीकंडक्टर चिप के लिए नई सामग्री खोजने पर काम करती है।
यह स्टार्टअप Y Combinator के स्प्रिंग 2026 बैच का हिस्सा रह चुका है।
किन 5 समस्याओं को सुलझाने पर मिलेगा इनाम?
कंपनी ने प्रमुख विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर पांच ऐसी समस्याएं चुनी हैं, जिनका समाधान अब तक नहीं मिल पाया है।
इनमें सुपरकंडक्टिविटी को समझना, सेमीकंडक्टर की अलग-अलग परतों के बीच बिजली के व्यवहार का अनुमान लगाना और क्वांटम केमिस्ट्री की गणना को तेज और सटीक बनाना शामिल है।
बाकी दो समस्याएं इस बात से जुड़ी हैं कि रोशनी किसी पदार्थ के व्यवहार को कैसे बदलती है और दो ठोस पदार्थों के बीच गर्मी किस तरह आगे बढ़ती है।
इन सवालों के जवाब मिलने से बेहतर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सेमीकंडक्टर बनाने में मदद मिल सकती है।
किस समस्या पर कितना इनाम मिलेगा?
सबसे बड़ा इनाम 4 लाख डॉलर का है, जो क्यूप्रेट सुपरकंडक्टिविटी की समस्या सुलझाने पर मिलेगा।
दो अन्य समस्याओं के लिए 2-2 लाख डॉलर और बाकी दो के लिए 1-1 लाख डॉलर का इनाम रखा गया है।
इस प्रतियोगिता में पात्र व्यक्ति, टीमें और संस्थाएं हिस्सा ले सकती हैं। इसकी कोई तय अंतिम तारीख नहीं है। इनाम तभी मिलेगा, जब समाधान वैज्ञानिक मानकों पर खरा उतरेगा।
AI भी नहीं खोज पाया इन सवालों के जवाब
चैलेंज शुरू करने से पहले कंपनी ने एडवांस AI मॉडल से इन समस्याओं को सुलझाने की कोशिश कराई।
मॉडल को इंटरनेट और रिसर्च से जुड़े संसाधन भी उपलब्ध कराए गए। हालांकि, कई दिनों तक काम करने के बाद भी वे खास प्रगति नहीं कर पाए।
कंपनी के सह-संस्थापक अद्वैत श्रीधर के मुताबिक, इस प्रतियोगिता का एक मकसद यह जानना भी है कि AI वैज्ञानिक खोजों में वास्तव में कितनी मदद कर सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, Discovered Materials ने अगस्त में अपनी रिसर्च को आगे बढ़ाने के लिए 90 लाख डॉलर की सीड फंडिंग भी जुटाई थी।