PS5 और Xbox पर 60fps में खेलना चाहते हैं GTA VI? आपकी स्मार्ट टीवी की एक सेटिंग कर सकती है कमाल

GTA 6 को PS5 और Xbox जैसे कंसोल पर 30fps में खेलने वाले गेमर्स के लिए एक काम की ट्रिक है। स्मार्ट टीवी की कुछ सेटिंग्स में बदलाव करके गेम को 60fps जैसा स्मूथ बनाया जा सकता है। जानिए कैसे काम करती है यह ट्रिक और इसके क्या नुकसान हैं।

Advertisement
GTA 6
GTA 6

By Aryan Sharma:

Grand Theft Auto VI (GTA VI) के लॉन्च होने के बाद से ही कंसोल गेमर्स के सामने एक बड़ी चुनौती है। रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) ने PlayStation 5, PS5 Pro, Xbox Series X और Xbox Series S पर इस गेम को 30fps (फ्रेम्स प्रति सेकंड) पर लॉक रखा है। गेम के भारी ग्राफिक्स, भीड़-भाड़ और शानदार फिजिक्स को संभालने के लिए कंसोल के प्रोसेसर पर काफी लोड पड़ता है, इसलिए इसमें 60fps का परफॉर्मेंस मोड नहीं दिया गया है।

हालांकि, एक स्मार्ट ट्रिक के जरिए आप अपने कंसोल पर भी GTA VI को 60fps जैसे स्मूथ अनुभव के साथ खेल सकते हैं या यूं कहें कि स्मार्ट टीवी की मदद से सिस्टम को थोड़ा 'चालाकी' से 60fps पर चला सकते हैं।

GTA 6 को 60fps पर कैसे खेलें?

हर टीवी ब्रांड में सेटिंग्स के नाम थोड़े अलग होते हैं, लेकिन इसे सेट करने का सही तरीका यह है:

कंसोल पर VRR बंद करें: सबसे पहले अपने PS5 या Xbox की डिस्प्ले सेटिंग्स में जाकर Variable Refresh Rate (VRR) को ऑफ कर दें, क्योंकि VRR ऑन रहने पर टीवी की मोशन स्मूथिंग काम नहीं करती। (जब आप कोई असली 60fps या 120fps गेम खेलें, तो इसे

वापस ऑन करना न भूलें

टीवी का Game Mode बंद (OFF) करें: TCL समेत ज्यादातर स्मार्ट टीवी में Game Mode (या Game Master) ऑन रहने पर मोशन स्मूथिंग का ऑप्शन लॉक (ग्रे-आउट) हो जाता है। इसलिए इस फीचर को अनलॉक करने के लिए पहले टीवी का Game Mode बंद करें और Standard या Movie जैसा नॉर्मल पिक्चर मोड चुनें।

Motion Settings ऑन करें: अब टीवी की एडवांस पिक्चर या मोशन सेटिंग्स में जाएं। अलग-अलग ब्रांड्स में इसके नाम अलग होते हैं, जैसे TCL में Motion Clarity, Samsung में Game Motion Plus (सैमसंग में यह Game Mode के अंदर भी मिल जाता है), और Hisense में Motion Enhancement या Ultra Smooth Motion।

क्या यह 'असली' 60 fps है?

साफ शब्दों में कहें, तो यह नेटिव (असली) 60 fps नहीं है। असली 60fps गेम में आपका कंसोल खुद हर सेकंड 60 नए फ्रेम्स तैयार करता है, जिससे गेम न सिर्फ स्मूथ दिखता है बल्कि कंट्रोलर के बटन दबाने पर तुरंत रिस्पॉन्स भी मिलता है।

इस ट्रिक में आपका PS5 या Xbox अब भी गेम को 30 fps पर ही चलाता है। बस यहां आपकी स्मार्ट टीवी का प्रोसेसर बीच में आता है और दो असली फ्रेम्स के बीच एक नकली (आर्टिफिशियल) फ्रेम जोड़ देता है। इससे आपकी आंखों को बिना 4K रेजोल्यूशन कम किए 60fps जैसी स्मूथनेस दिखती है, हालांकि गेम की असली स्पीड और कंट्रोल रिस्पॉन्स 30fps वाला ही रहता है।

किस टीवी पर यह ट्रिक सबसे बेहतर काम करती है?

Game Mode बंद करने पर मोशन स्मूथिंग लगभग हर मॉडर्न टीवी में खुल जाती है, लेकिन हर टीवी का प्रोसेसर बिना गेम को भारी बनाए इसे संभाल नहीं पाता।

हमारी टेस्टिंग में TCL, Hisense और Samsung के मॉडर्न Mini-LED और QLED टीवी इस ट्रिक के लिए सबसे बेहतर साबित हुए हैं। खासतौर पर TCL के नए Mini-LED मॉडल्स में Game Mode बंद करके Motion Clarity को Medium पर सेट करते ही वाइस सिटी की सड़कों पर गाड़ी चलाना बेहद स्मूथ लगने लगता है और कंट्रोल भी हाथ में रहते हैं। Samsung और Hisense के 120Hz/144Hz पैनल्स पर भी ऐसा ही शानदार नतीजा मिलता है।

दूसरी तरफ, Sony और LG जैसे ब्रांड्स में Game Mode बंद करके मोशन स्मूथिंग ऑन करने पर इनपुट लैग (देरी) 85ms से 100ms के पार चला जाता है, जिससे गाड़ी मोड़ना और निशाना लगाना काफी भारी लगने लगता है।

इस ट्रिक के नुकसान क्या हैं?

तस्वीर भले ही स्मूथ दिखे, लेकिन नकली 60fps के कुछ साफ नुकसान भी हैं:

इनपुट लैग (Input Lag) बढ़ना: Game Mode बंद करने और टीवी के प्रोसेसर से एक्स्ट्रा फ्रेम बनवाने पर कंट्रोलर का बटन दबाने और स्क्रीन पर एक्शन दिखने के बीच हल्की देरी आ जाती है। Medium सेटिंग पर यह देरी इतनी कम रहती है कि आराम से गेम खेला जा सकता है, लेकिन High पर रखने या सस्ते 60Hz टीवी इस्तेमाल करने पर गेम सुस्त लगने लगता है।

हल्का झटका या धुंधलापन (Judder & Smearing): 30 fps गेम में दो फ्रेम्स के बीच का गैप ज्यादा होता है। ऐसे में जब आप कैमरा बहुत तेजी से घुमाते हैं, तो टीवी का प्रोसेसर कभी-कभी गलत अंदाजा लगा लेता है। इससे कैरेक्टर के किनारों पर हल्का धुंधलापन या पिक्सेल फटते हुए दिख सकते हैं, हालांकि Medium सेटिंग पर यह दिक्कत काफी हद तक काबू में रहती है।

अगर आप कोई कॉम्पिटिटिव शूटर गेम खेल रहे हैं, तो यह ट्रिक आपके लिए नहीं है। लेकिन अगर आप कंसोल पर 30fps के झटकों से बचते हुए आराम से GTA VI की दुनिया घूमना चाहते हैं और हल्के इनपुट लैग से आपको फर्क नहीं पड़ता, तो अपनी स्मार्ट टीवी की इस सेटिंग को जरूर आजमाएं।
 

Read more!
Advertisement