अलग-अलग रिमोट की झंझट होगी खत्म, TV की ये सेटिंग आएगी आपके काम
घर में टीवी के साथ कई डिवाइस जुड़े हैं और हर एक के लिए अलग रिमोट रखना पड़ता है तो HDMI-CEC सेटिंग आपके काम आ सकती है। इस फीचर की मदद से HDMI से जुड़े डिवाइस को एक ही रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है। जानिए इसे टीवी में कैसे ऑन करें और इस्तेमाल करें।

In Short
- HDMI-CEC की मदद से एक ही रिमोट से टीवी से जुड़े कई डिवाइस कंट्रोल किए जा सकते हैं।
- Samsung LG Sony Xiaomi और Realme जैसे ब्रांड्स में HDMI-CEC अलग-अलग नाम से मिलता है।
- टीवी के साथ Fire Stick सेट टॉप बॉक्स या गेमिंग कंसोल में भी CEC सेटिंग ऑन करनी होगी।
घर में स्मार्ट टीवी के साथ अगर D2H बॉक्स साउंडबार Fire Stick या गेमिंग कंसोल जैसे कई डिवाइस जुड़े हैं तो उनके लिए अलग अलग रिमोट रखना काफी परेशान करने वाला हो सकता है। एक रिमोट से टीवी चलाना और दूसरे से सेट टॉप बॉक्स या Fire Stick कंट्रोल करना रोजमर्रा में झंझट बढ़ा देता है। हालांकि टीवी में मौजूद एक खास सेटिंग इस परेशानी को काफी हद तक आसान कर सकती है।
एक रिमोट से कई डिवाइस होंगे कंट्रोल
इस फीचर का नाम HDMI-CEC है। इसकी मदद से HDMI के जरिए टीवी से जुड़े कई डिवाइस को एक ही रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है। यानी हर डिवाइस के लिए अलग रिमोट ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
HDMI-CEC को आसान भाषा में ऐसी सुविधा समझ सकते हैं जो HDMI के जरिए जुड़े डिवाइसों के बीच कम्युनिकेशन की सुविधा देती है। इसके लिए अलग से कोई हार्डवेयर लगाने की जरूरत नहीं होती क्योंकि यह HDMI कनेक्शन का ही हिस्सा है।
HDMI-CEC कैसे करता है काम?
जब कोई डिवाइस HDMI केबल के जरिए टीवी से कनेक्ट होता है तो HDMI-CEC दोनों डिवाइस के बीच सिग्नल का आदान प्रदान करने में मदद करता है। टीवी और कनेक्टेड डिवाइस में यह सेटिंग एक्टिव होने पर एक रिमोट से दूसरे डिवाइस के कुछ कंट्रोल भी किए जा सकते हैं।
यानी टीवी देखने के दौरान आपको बार बार अलग अलग रिमोट उठाने की जरूरत कम हो जाती है।
हर कंपनी में अलग नाम से मिलता है फीचर
HDMI-CEC एक सामान्य स्टैंडर्ड है लेकिन टीवी बनाने वाली कंपनियां इसे अपनी अलग ब्रांडिंग के साथ पेश करती हैं। Samsung टीवी में यह Anynet+ नाम से मिलता है। LG में इसे SimpLink कहा जाता है। Sony टीवी में BRAVIA Sync या BRAVIA Link नाम इस्तेमाल किया जाता है।
वहीं Xiaomi Redmi और Realme जैसे Android TV में यह फीचर HDMI-CEC या CEC Control के नाम से मिल सकता है।
टीवी में HDMI-CEC कैसे करें ऑन?
इस सेटिंग को एक्टिव करने के लिए सबसे पहले टीवी के Remote से Settings में जाएं। इसके बाद Display & Sound या Input / External Devices जैसे विकल्प को देखें। यहां अपने टीवी ब्रांड के हिसाब से HDMI-CEC से जुड़ा विकल्प खोजें।
फीचर मिलने के बाद इसे Turn On या Enable कर दें। सिर्फ टीवी में सेटिंग ऑन करना ही काफी नहीं है। टीवी से जुड़े Fire Stick गेमिंग कंसोल या सेट टॉप बॉक्स में भी HDMI-CEC या CEC विकल्प को ऑन करना होगा।
इसके बाद HDMI के जरिए जुड़े डिवाइस को एक ही रिमोट से कंट्रोल किया जा सकेगा और अलग अलग रिमोट रखने की परेशानी कम हो जाएगी।