गूगल का बड़ा प्राइवेसी अपडेट! अब पासपोर्ट, लाइसेंस नंबर सहित अन्य जानकारी भी हटवा सकेंगे यूजर; जानिए प्रोसेस
गूगल का कहना है कि पहचान की चोरी और ऑनलाइन दुरुपयोग के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूजर्स को तेजी से एक्शन का विकल्प देना जरूरी है।

गूगल (Google) ने ऑनलाइन प्राइवेसी को मजबूत करने के लिए बड़े अपडेट का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि वह 'Results about you' टूल का दायरा बढ़ा रही है और नॉन-कन्सेंशुअल एक्सप्लिसिट इमेज हटाने की प्रक्रिया को आसान बना रही है। इसकी शुरुआत अमेरिका से होगी, बाद में इसे अन्य देशों में रोलआउट किया जाएगा।
गूगल का कहना है कि पहचान की चोरी और ऑनलाइन दुरुपयोग के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूजर्स को तेजी से एक्शन का विकल्प देना जरूरी है।
अब सरकारी ID भी हटाने की सुविधा
अब तक 'Results about you' टूल के जरिए यूजर फोन नंबर, ईमेल और घर का पता जैसे कॉन्टैक्ट डिटेल हटाने की मांग कर सकते थे। नए अपडेट के बाद ड्राइविंग लाइसेंस नंबर, पासपोर्ट नंबर, सोशल सिक्योरिटी या टैक्स ID जैसी सरकारी पहचान से जुड़ी जानकारी भी हटाने का अनुरोध किया जा सकेगा।
इसके अलावा बैंक अकाउंट या क्रेडिट कार्ड नंबर, मेडिकल रिकॉर्ड, सिग्नेचर या ID की तस्वीरें, प्राइवेट यूजरनेम-पासवर्ड और धमकी वाले डॉक्सिंग कंटेंट को भी हटाने का ऑप्शन मिलेगा।
एक्सप्लिसिट इमेज रिपोर्ट करना हुआ आसान
गूगल ने सर्च में दिखने वाली नॉन-कन्सेंशुअल एक्सप्लिसिट तस्वीरों की शिकायत प्रक्रिया भी सरल की है। अब यूजर इमेज के पास दिए गए तीन डॉट्स पर क्लिक कर 'Remove result' चुन सकते हैं और बता सकते हैं कि तस्वीर सेक्सुअल है और उनमें दिखाई दे रही है।
एक ही फॉर्म से कई इमेज की रिक्वेस्ट भेजी जा सकती है और सभी रिक्वेस्ट को 'Results about you' हब में ट्रैक किया जा सकेगा। सिस्टम भविष्य में मिलती-जुलती एक्सप्लिसिट इमेज को फिल्टर करने का विकल्प भी देगा।
ऐसे हटाएं अपनी जानकारी
मोबाइल पर यूजर गूगल ऐप में 'Results about you' सेक्शन में जाकर नाम, पता, फोन, ईमेल और सरकारी ID नंबर जोड़ सकते हैं। डेस्कटॉप पर goo.gle/resultsaboutyou साइट पर लॉग-इन कर यही प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
डिटेल कन्फर्म होने के बाद गूगल सर्च रिजल्ट मॉनिटर करेगा और मेल के जरिए सूचना देगा। यूज़र संबंधित रिजल्ट चुनकर 'Request to Remove' बटन दबा सकते हैं। गूगल ने कहा है कि यह टूल एडवांस एन्क्रिप्शन और सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के साथ यूजर की जानकारी सुरक्षित रखता है।